अयोध्या (फैजाबाद) से समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने राम मंदिर के चढ़ावे में हुई चोरी के मामले को लेकर सरकार और भारतीय जनता पार्टी को घेरा है. उन्होंने कहा कि इस पूरे घोटाले का सबसे पहले खुलासा 7 जून को सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने किया था, जिसके दबाव में आकर अब सरकार को विशेष जांच दल (SIT) का गठन करना पड़ा है. अवधेश प्रसाद ने कहा कि उन्हें और उनकी पार्टी को भी एसआईटी की इस जांच रिपोर्ट का बेसब्री से इंतजार है ताकि पूरे मामले का सच खुलकर जनता के सामने आ सके.
'भगवान राम ने मुझे दिया अपना आशीर्वाद'
सांसद अवधेश प्रसाद ने भाजपा के दावों पर पलटवार करते हुए कहा कि भगवान राम का आशीर्वाद अब भारतीय जनता पार्टी से पूरी तरह हट चुका है. प्रभु राम अब हमारे हैं और उन्होंने मुझे अपना आशीर्वाद देकर अयोध्या का सांसद बनाया है. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर भगवान राम भाजपा के साथ होते, तो लोकसभा चुनाव 2024 में उनका सूपड़ा साफ नहीं होता. भाजपा अयोध्या तो हारी ही, साथ ही उसके आसपास की सीटें और चित्रकूट तक हार गई. इसलिए भाजपा वाले राम पर अपना दावा करना छोड़ दें.
'अखिलेश यादव सपरिवार करेंगे रामलला के दर्शन'
सपा अध्यक्ष के अयोध्या दौरे पर बात करते हुए अवधेश प्रसाद ने बताया कि अखिलेश जी ने पहले ही कहा है कि जब मंदिर का निर्माण कार्य पूरी तरह संपन्न हो जाएगा और प्राण प्रतिष्ठा हो जाएगी, तब वह अपने पूरे परिवार के साथ भगवान राम के दर्शन करने अयोध्या जरूर आएंगे. राम भक्तों पर गोली चलवाने के आरोपों पर उन्होंने सफाई दी कि समाजवादी पार्टी ने कभी राम भक्तों पर गोली नहीं चलवाई. जिन्होंने भी उस वक्त गोली चलवाई थी, वे लोग आज भारतीय जनता पार्टी के साथ खड़े हैं.
CM योगी के बयान पर कही यह बात
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयानों और इस मामले की जांच पर प्रतिक्रिया देते हुए सपा सांसद ने कहा कि योगी बाबा क्या कहते हैं, यह वही जानें. हालांकि, उन्होंने जोर देकर कहा कि इस महाघोटाले का सच सामने आना बेहद जरूरी है. चूंकि अब इस मामले की आधिकारिक जांच शुरू हो चुकी है, इसलिए सभी को एसआईटी की अंतिम रिपोर्ट आने तक थोड़ा इंतजार करना होगा. जो भी दोषी होगा, वह बचेगा नहीं.