उत्तर प्रदेश पुलिस जहां एक ओर महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान को लेकर मिशन शक्ति और नारी सुरक्षा जैसे अभियान चला रही है, वहीं औरैया से सामने आए एक मामले ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं. सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक ऑडियो में यूपी-112 में तैनात एक मुख्य आरक्षी कथित तौर पर एक युवती से अभद्र भाषा का प्रयोग करता सुनाई दे रहा है. ऑडियो सामने आने के बाद पुलिस विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित पुलिसकर्मी को निलंबित कर दिया है और मामले की विभागीय जांच शुरू कर दी गई है. पुलिसकर्मी ने कहा, 'अपनी मम्मी से बात कराओ.' मना करने पर गाली देने का आरोप है.
जानकारी के अनुसार, मामला औरैया सदर कोतवाली क्षेत्र का है. वायरल ऑडियो में यूपी-112 में तैनात मुख्य आरक्षी राजेन्द्र सिंह और एक युवती के बीच बातचीत सुनाई दे रही है. बताया जा रहा है कि किसी शिकायत के संबंध में पुलिसकर्मी ने देर रात युवती को फोन किया था. बातचीत के दौरान उसने युवती से उसकी मां से बात कराने को कहा.
ऑडियो वायरल
युवती द्वारा मां के सोने की बात बताने के बावजूद पुलिसकर्मी कथित तौर पर बार-बार उनसे बात कराने का दबाव बनाता रहा. आरोप है कि जब युवती ने ऐसा करने से मना किया तो मुख्य आरक्षी ने अभद्र भाषा का प्रयोग किया. ऑडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने नाराजगी जताई और पुलिस के व्यवहार पर सवाल उठाए.
मामले की जानकारी पुलिस अधिकारियों तक पहुंचते ही पुलिस अधीक्षक औरैया ने मुख्य आरक्षी राजेन्द्र सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया. साथ ही पूरे मामले की विभागीय जांच के आदेश जारी कर दिए गए हैं.
पुलिस क्षेत्राधिकारी औरैया पी. पुनीत मिश्रा ने बताया कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जा रही है. जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग किसी भी कर्मचारी के अनुचित आचरण को गंभीरता से लेता है.
यह मामला एक बार फिर इस बात को लेकर चर्चा में है कि महिलाओं से जुड़े मामलों में पुलिसकर्मियों से संवेदनशील, संयमित और मर्यादित व्यवहार की अपेक्षा की जाती है. फिलहाल संबंधित मुख्य आरक्षी निलंबित है और विभागीय जांच जारी है. अब सभी की नजर जांच के निष्कर्ष और उसके बाद होने वाली कार्रवाई पर टिकी हुई है.