उत्तर प्रदेश के अमेठी जनपद से एक दिलचस्प प्रेम कहानी सामने आई है, जहां एक शादी समारोह में डीजे बजाने आए युवक को दूल्हे की बहन से प्यार हो गया. पहली मुलाकात के बाद शुरू हुआ यह रिश्ता करीब तीन साल तक चलता रहा. आखिरकार दोनों ने घर छोड़कर शादी कर ली. थाने पहुंचने के बाद भी युवती अपने परिवार के साथ जाने के बजाय अपने पति के साथ रहने की जिद पर अड़ी रही.
मामला अमेठी जनपद के अमेठी कोतवाली क्षेत्र के कटरा फुलकुवर गांव का है. बताया जा रहा है कि साल 2022 में गांव निवासी रवि की शादी थी. शादी समारोह में डीजे बजाने के लिए अनुराग नाम का युवक आया था. इसी दौरान उसकी मुलाकात दूल्हे की बहन से हुई. शादी के माहौल में हुई यह मुलाकात धीरे-धीरे दोस्ती में बदली और फिर दोनों के बीच प्रेम संबंध शुरू हो गए.
बताया जा रहा है कि दोनों करीब तीन वर्षों तक लगातार एक-दूसरे के संपर्क में रहे. इस दौरान दोनों का रिश्ता मजबूत होता गया. परिवार के लोगों को इसकी जानकारी नहीं थी। समय बीतने के साथ दोनों ने साथ रहने का फैसला कर लिया. जानकारी के अनुसार, पिछले महीने 13 जून को युवती अपने प्रेमी अनुराग के साथ घर से चली गई. इसके बाद दोनों ने शादी कर ली. जब युवती घर नहीं लौटी तो उसके परिजनों ने अमेठी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत में युवती के लापता होने और उसे बहला-फुसलाकर ले जाने की बात कही गई.
13 जून को घर से निकले, फिर दोनों ने कर ली शादी
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की. पुलिस सक्रिय हुई और प्रेमी-प्रेमिका को बरामद कर अमेठी कोतवाली ले आई. दोनों से अलग-अलग और फिर साथ में पूछताछ की गई. इसके बाद परिजनों को भी थाने बुलाया गया. थाने में युवती के घर वालों ने उसे काफी देर तक समझाने की कोशिश की. परिवार के लोगों ने उसे अपने साथ घर चलने के लिए कहा, लेकिन युवती किसी भी हालत में तैयार नहीं हुई. उसने साफ कहा कि वह अपने पति के साथ ही रहेगी और घर वापस नहीं जाएगी. परिवार की ओर से लगातार समझाने के बावजूद वह अपने फैसले पर अडिग रही.
थाने में काफी देर तक दोनों पक्षों के बीच बातचीत चलती रही. पुलिस ने भी दोनों पक्षों से बात कर स्थिति को समझने का प्रयास किया. युवती लगातार अपने पति के साथ रहने की बात दोहराती रही. इसके बाद पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी. युवक की मां अनीता ने बताया कि उनके बेटे की पहचान इस लड़की से उस समय हुई थी, जब वह वर्ष 2022 में उसके भाई की शादी में डीजे बजाने गया था. वहीं से दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और बाद में दोनों ने शादी कर ली. उन्होंने कहा कि अब शादी हो चुकी है और उन्हें इससे कोई दिक्कत नहीं है.
परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने दोनों को किया बरामद
वहीं अमेठी कोतवाली के थाना प्रभारी श्रीराम पांडे ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद दोनों को थाने लाया गया. मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और विधिक कार्रवाई की जा रही है. इस पूरे घटनाक्रम ने इलाके में चर्चा का विषय बना दिया है. वर्ष 2022 में एक शादी समारोह में हुई मुलाकात तीन साल बाद शादी तक पहुंच गई. पुलिस के सामने भी युवती ने अपने परिवार के साथ जाने से इनकार करते हुए अपने पति के साथ रहने की इच्छा जताई. इसके बाद पुलिस ने मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई शुरू कर दी.