हर कोई सुंदर दिखना चाहता है. इसके लिए लोग तमाम तरह की कोशिशें करते हैं. इस दौरान कभी-कभी कुछ ऐसी गलतियां हो जाती हैं, जिसके परिणाम घातक और भयानक निकलते हैं. कुछ ऐसा ही वाकया चीन की एक लड़की के साथ हुआ. उसने अपनी आंखों को बड़ा करने के लिए कॉस्मेटिक सर्जरी का सहारा लिया. सर्जरी फेल हो गई और अब वह अपनी आंख बंद ही नहीं कर पाती है. सोने के लिए भी उसे आंखें खुली रखनी पड़ती है.
डेली स्टार की रिपोर्ट के मुताबिक, चीन की एक महिला ने आंखों को बड़ा और आकर्षक दिखाने के लिए सर्जरी करवाई थी. लेकिन ऑपरेशन के बाद उसकी जिंदगी पूरी तरह बदल गई.
महिला का दावा है कि अब वह अपनी आंखें बंद ही नहीं कर सकती. हालत ऐसी हो गई है कि उसे रात में भी आंखें खुली रखकर सोना पड़ता है. उसकी कहानी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है.
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, महिला की पहचान वांग ली नाम से की गई है. उसने अपनी आंखों का आकार बड़ा दिखाने के लिए 'एशियन ब्लेफेरोप्लास्टी' या 'डबल आईलिड सर्जरी' करवाई थी. यह एक लोकप्रिय कॉस्मेटिक प्रक्रिया है, जिसमें पलकों की बनावट बदली जाती है ताकि आंखें बड़ी दिखाई दें.
वांग ली ने इस सर्जरी के लिए करीब 12 हजार युआन यानी लगभग 1300 पाउंड खर्च किए थे. शुरुआत में उसे लगा कि सर्जरी सफल रही है, लेकिन कुछ समय बाद उसकी आंखों में गंभीर दिक्कतें शुरू हो गईं.
यह भी पढ़ें: कार से सुई में धागा डालने का चैलेंज देखा है? लोग बोले- ड्राइविंग लाइसेंस के लिए ये टेस्ट हो
महिला का आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान उसकी आंसू निकालने वाली नली यानी टियर डक्ट्स क्षतिग्रस्त हो गईं. इसकी वजह से आंखों में लगातार पानी भरने लगा. हालात इतने खराब हो गए कि पलकों में सूजन आ गई और वे सामान्य तरीके से बंद होना बंद हो गईं.
वांग ली ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म वीबो पर अपनी आपबीती साझा करते हुए लिखा कि मैं अपनी आंखें बंद नहीं कर सकती. मुझे खुली आंखों से सोना पड़ता है. मेरी टियर डक्ट्स खराब हो गई हैं और आंखों से लगातार आंसू बहते रहते हैं.
जांच के दौरान एक और चौंकाने वाली बात सामने आई. रिपोर्ट्स के मुताबिक, जिस सर्जन ने यह ऑपरेशन किया था, उसके पास आवश्यक मेडिकल लाइसेंस नहीं था. इतना ही नहीं, जिस क्लिनिक में सर्जरी की गई थी, उसके पास भी परमिशन नहीं था.
अपनी बिगड़ी हालत के बाद वांग ली ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया. अदालत ने मामले की सुनवाई करते हुए माना कि अवैध तरीके से की गई सर्जरी की वजह से महिला को गंभीर शारीरिक नुकसान पहुंचा है.
यह भी पढ़ें: AIIMS हॉस्टल में रात 2 बजे क्या कर रहे थे लड़के? वीडियो हो रहा वायरल
कोर्ट ने सर्जन मेंग मौफांग को बिना लाइसेंस चिकित्सा करने का दोषी मानते हुए छह महीने की हिरासत की सजा सुनाई. साथ ही महिला को 3.62 लाख युआन मुआवजा देने और सर्जरी की फीस लौटाने का भी आदेश दिया.
हालांकि कहानी यहीं खत्म नहीं हुई. वांग ली का कहना है कि बाद में सोशल मीडिया पर उसकी भाभी और सर्जन के बीच विवाद हो गया. इसके बाद सर्जन ने आरोप लगाया कि महिला ने समझौते की शर्तों का उल्लंघन किया है और मुआवजे की रकम वापस मांगी.मामला फिर अदालत पहुंचा और महिला को मुआवजे की राशि का एक हिस्सा लौटाने का आदेश दिया गया.