घर के बाहर अचानक आग का एक विशाल गोला उठा, कुछ ही सेकंड में लपटों ने पूरे दरवाजे को घेर लिया. पास में दो छोटे बच्चे खड़े थे और बीच में उनके दादा आग की चपेट में आ चुके थे. लेकिन जान बचाकर भागने के बजाय इस शख्स ने ऐसा काम किया कि लोग उन्हें अब 'सुपरमैन' कहने लगे हैं.
अमेरिका के टेक्सास में रहने वाले कार्ल मोटली की बहादुरी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में दिखता है कि कैसे उन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना आग में घुसकर अपने पोते-पोतियों और घर को बचाया.
एक पुराना ड्रम बना हादसे की वजह
न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट्स के मुताबिक, कार्ल मोटली ने नीलामी में एक पुराना लोहे का बैरल खरीदा था. उन्हें लगा कि बैरल खाली है, लेकिन उसके अंदर तेल के अवशेष मौजूद थे.
कार्ल बैरल को प्लाज्मा टॉर्च से काटने की कोशिश कर रहे थे. तभी अचानक बैरल में जोरदार विस्फोट हो गया. विस्फोट इतना भयानक था कि देखते ही देखते आग का बड़ा गोला बन गया और आसपास का इलाका धुएं से भर गया.
कुछ फीट दूर खड़े थे पोता-पोती
घर के बाहर लगे कैमरे में कैद वीडियो में दिखाई देता है कि विस्फोट के समय कार्ल के दो पोते-पोतियां और उनका पालतू कुत्ता कुछ ही फीट की दूरी पर खड़े थे.
धमाके के बाद आग की लपटों ने कार्ल को अपनी चपेट में ले लिया. उनके पैर में आग लग गई और घर के प्रवेश द्वार तक आग फैल गई. कुछ सेकंड के लिए ऐसा लगा कि अब हालात पूरी तरह बेकाबू हो जाएंगे.
खुद जल रहे थे, फिर भी घर के अंदर दौड़ पड़े
लेकिन इसके बाद जो हुआ, उसने सबको हैरान कर दिया. कार्ल ने पहले अपने पैर में लगी आग को बुझाने की कोशिश की. इसके बाद वे सीधे घर के अंदर भागे. आग दरवाजे तक पहुंच चुकी थी, लेकिन उन्होंने इसकी परवाह नहीं की.कुछ ही पलों बाद वे घर से फायर एक्सटिंग्विशर लेकर बाहर निकले और आग बुझाने में जुट गए. उनकी तेजी और सूझबूझ की वजह से आग ज्यादा नहीं फैल सकी.
यह भी पढ़ें: यहां हाथ पीछे रखकर कंस्ट्रक्शन देखते रहते थे बुजुर्ग, अब उन्हें ही किया जा रहा है हायर
'सुपरमैन' की तरह किया रिएक्ट
कार्ल की बहन कैरिन करी ने बताया कि अगर उन्होंने तुरंत कार्रवाई नहीं की होती तो घर को भारी नुकसान हो सकता था और बच्चों की जान भी खतरे में पड़ सकती थी. उन्होंने कहा कि उन्हें खुद को सुपरमैन कहना थोड़ा पसंद है. वह हमेशा दूसरों की मदद के लिए तैयार रहते हैं. उस दिन भी उन्होंने बिल्कुल सुपरमैन की तरह प्रतिक्रिया दी और हालात को संभालने की पूरी कोशिश की.
30 प्रतिशत शरीर झुलसा, अस्पताल में भर्ती
इस बहादुरी की कीमत कार्ल को अपनी सेहत से चुकानी पड़ी. हादसे में उनके शरीर का करीब 30 प्रतिशत हिस्सा गंभीर रूप से झुलस गया. परिवार के मुताबिक, उन्हें तुरंत टेक्सास से प्लानो स्थित एक विशेष बर्न सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है.
दादा की बहादुरी ने टाली बड़ी अनहोनी
वीडियो देखने वाले लोग कार्ल मोटली को असली हीरो बता रहे हैं. जिस समय हर कोई अपनी जान बचाने के लिए भाग सकता था, उस समय उन्होंने अपने पोते-पोतियों और घर को प्राथमिकता दी.
यह भी पढ़ें: कब इंसानों का धरती से सफाया होगा, वैज्ञानिकों ने बनाया फॉर्मूला जो बताएगा प्रलय की तारीख!
शायद इसी वजह से अब लोग उन्हें नाम से कम और 'सुपरमैन दादा' के नाम से ज्यादा याद कर रहे हैं. क्योंकि उस दिन उन्होंने सिर्फ आग से नहीं लड़ा, बल्कि अपने परिवार को सुरक्षित रखने के लिए खुद को दांव पर लगा दिया.