स्पाइडर-मैन: ब्रैंड न्यू डे इन दिनों दुनियाभर के सिनेमाघरों में धूम मचा रही है. फिल्म देखने के लिए फैंस की लंबी कतारें लग रही हैं. लेकिन कोलंबिया के एक थिएटर में इस फिल्म की स्क्रीनिंग के दौरान कुछ ऐसा हुआ, जिसकी चर्चा फिल्म से ज्यादा होने लगी.
दरअसल, सुपरहीरो फिल्म देखने पहुंचे दर्शकों को बीच फिल्म में ही थिएटर छोड़कर बाहर निकलना पड़ा. वजह कोई तकनीकी खराबी या सुरक्षा अलर्ट नहीं था, बल्कि थिएटर में फैली इतनी तेज बदबू थी कि कई लोग अपनी सीट पर बैठ ही नहीं पाए.
द न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना 2 अगस्त को कोलंबिया के कार्टाजेना शहर स्थित सिने कोलंबिया मल्टीप्लेक्स में हुई. रिपोर्ट में दावा किया गया है कि थिएटर के अंदर एक व्यक्ति के लगातार गैस छोड़ने (फार्ट) की वजह से बदबू इतनी ज्यादा फैल गई कि कई लोग अपनी सीट छोड़कर बाहर आ गए.
बीच फिल्म में बाहर निकलने लगे लोग
रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म सामान्य तरीके से चल रही थी, लेकिन इंटरवल से पहले ही पूरे ऑडिटोरियम में तेज बदबू फैलने लगी. कुछ ही देर में कई दर्शक थिएटर से बाहर निकल गए क्योंकि उनके लिए अंदर बैठना मुश्किल हो गया था.सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में कई लोग थिएटर के बाहर कॉरिडोर में खड़े दिखाई देते हैं. इनमें एक शख्स स्पाइडर-मैन की ड्रेस में भी नजर आता है, जिसकी तस्वीरें और वीडियो इंटरनेट पर वायरल हो रहे हैं.
देखें वायरल वीडियो
आखिर वजह क्या थी?
द न्यूयॉर्क पोस्ट के मुताबिक, यह साफ नहीं हो सका कि बदबू किसी व्यक्ति की वजह से फैली या किसी ने मजाक में स्टिंक बम (दुर्गंध फैलाने वाला उपकरण) का इस्तेमाल किया था. इस मामले में किसी की आधिकारिक पहचान नहीं हो सकी. हालांकि, थिएटर की स्क्रीनिंग आधिकारिक तौर पर रद्द नहीं की गई, लेकिन कई दर्शकों ने फिल्म खत्म होने से पहले ही बाहर निकलना बेहतर समझा.
सोशल मीडिया पर आई मजेदार प्रतिक्रियाएं
घटना के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने जमकर मजाक किया. कई यूजर्स ने लिखा कि फिल्म का असली विलेन स्क्रीन पर नहीं, बल्कि दर्शकों के बीच बैठा था. वहीं कुछ लोगों ने पूछा कि आखिर उस व्यक्ति ने ऐसा क्या खाया था कि पूरा थिएटर खाली करना पड़ गया. हालांकि, कुछ यूजर्स ने यह भी कहा कि किसी की ऐसी हरकत से बाकी दर्शकों का फिल्म देखने का अनुभव खराब हो गया.