हर साल दशहरे के मौके पर रावण दहन से जुड़े ऐसे वीडियो सामने आते हैं, जिनमें कुछ ऐसा हो जाता है कि पूरा मामला ही चर्चा में आ जाता है. कभी रावण समय से पहले जल जाता है, कभी आतिशबाजी का रुख बदल जाता है तो कभी कुछ ऐसा हो जाता है कि देखने वाले भी हैरान रह जाते हैं. इस बार भी कुछ ऐसा ही हुआ. सोशल मीडिया पर रावण दहन से जुड़े कई वीडियो वायरल हो रहे हैं. आइए देखते हैं ऐसे ही कुछ वीडियो, जिन्होंने लोगों का ध्यान खींचा.
रावण ने किया ‘जवाबी हमला’?
सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में रावण के पुतले को आग लगाते ही उसके अंदर और आसपास लगे पटाखे और रॉकेट अचानक भीड़ की तरफ जाते दिखाई देते हैं.
आतिशबाजी का रुख अपनी तरफ आता देख वहां मौजूद लोग खुद को बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगते हैं. वीडियो देखकर सोशल मीडिया यूजर्स ने मजाकिया अंदाज में इसे ‘रावण का जवाबी हमला’ बता दिया.
सब उल्टा-पुल्टा हो रहा है!
दूसरे वीडियो में दिल्ली के पटेल नगर में रावण दहन से पहले ही कुछ ऐसा हो गया कि पूरा कार्यक्रम ही बिगड़ गया. रिपोर्ट्स के मुताबिक, शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगने के बाद रावण का पुतला समय से पहले ही धुआं-धुआं हो गया. रावण काफी महंगा बताया जा रहा था, ऐसे में दहन से पहले ही उसके जल जाने से आयोजकों का पैसा और मेहनत दोनों पर पानी फिर गया. सोशल मीडिया पर इस घटना को लेकर लोग अलग-अलग तरह के मजेदार कमेंट कर रहे हैं.
रावण दहन में हर बार क्यों हो जाता है कुछ नया?
रावण दहन के दौरान पुतले में आतिशबाजी लगाई जाती है. आग लगने के बाद पटाखे और रॉकेट चलते हैं, जिसकी वजह से कभी-कभी अप्रत्याशित घटनाएं भी देखने को मिल जाती हैं. यही वजह है कि दशहरे के बाद रावण दहन के वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल होते हैं.
इस बार भी सोशल मीडिया पर सामने आए इन वीडियो में कहीं रावण ने ‘जवाबी हमला’ कर दिया तो कहीं दहन से पहले ही रावण धुआं-धुआं हो गया. यानी दशहरा खत्म हो गया, लेकिन रावण के ये वीडियो अभी भी इंटरनेट पर लोगों का मनोरंजन कर रहे हैं.