राजस्थान में दूसरे चरण के पंचायत चुनाव के नतीजे जारी हो गए हैं. राजस्थान के इन पंचायत चुनाव में इस बार वो उम्मीदवार काफी चर्चा में रहे हैं, जिनके इंटरनेट पर काफी फॉलोअर्स हैं, लेकिन वोटों के मामले में उन्हें जनता का साथ नहीं मिला. पहले चरण में सबसे ज्यादा चर्चा एक शख्स की हुई थी, जिनके 21 लाख फॉलोअर्स थे और सिर्फ 33 वोट मिले थे. अब दूसरे फेज में चर्चा पवन साहू की हो रही है, जिनके कुल फॉलोअर्स 3.5 करोड़ हैं, लेकिन उनकी पत्नी ने जब चुनाव लड़ा तो उन्हें सिर्फ 277 वोट ही मिले और वो तीसरे स्थान पर रहीं. ऐसे में जानते हैं कि आखिर पवन साहू हैं कौन?
पवन साहू के बारे में बताने से पहले आपको चुनाव रिजल्ट के बारे में बता देते हैं. दरअसल, पवन साहू की पत्नी कोमल साहू ने भीलवाड़ा के शाहपुरा की फुलियाखुर्द ग्राम पंचायत से सरपंच का चुनाव लड़ा था. कोमल को महज 277 वोट मिले और वह तीसरे नंबर पर रहीं. वहीं, भगवती लाल सोनी ने 1203 वोट हासिल कर सरपंच पद पर जीत दर्ज की. पूर्व सरपंच कालूराम 797 वोट के साथ दूसरे नंबर पर रहे. अब जानते हैं करोड़ों फॉलोअर्स वाले पवन साहू के बारे में...
पवन साहू फेमस फिटनेस यूट्यूबर, बॉडीबिल्डर और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर हैं. पवन साहू अपने देसी वर्कआउट, फिटनेस टिप्स और देशभक्ति वाले स्टंट (तिरंगे और भगवा झंडे के साथ) वाले वीडियो के लिए सोशल मीडिया पर बहुत लोकप्रिय हैं. देसी अंदाज में फिटनेस से जुड़ी जानकारी देने के कारण उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी अलग पहचान बनाई है. पवन साहू के यूट्यूब चैनल पर करीब 2.77 करोड़ सब्सक्राइबर हैं. वहीं इंस्टाग्राम पर उनके लगभग 70 लाख फॉलोअर्स हैं. इसके अलावा फेसबुक पर 3 मिलियन से ज्यादा फॉलोअर्स हैं.
अक्सर अपने वीडियो में गोल्ड चेन, ब्रैसलेट और खूब सारे नोट दिखाने वाले पवन साहू लोगों को पैसे बांटने के वीडियो काफी शेयर करते हैं. इंस्टाग्राम पर अपनी लग्जरी लाइफ दिखाते रहते हैं और उनके वीडियो काफी पसंद भी किया जाता है. अगर व्यूज की बात करें तो इंस्टाग्राम पर उनके हर वीडियोज पर 7 से 20 मिलियन तक व्यूज मिलते हैं. वहीं, यूट्यूब पर भी पवन साहू अपनी लग्जरी लाइफ को दिखाते नजर आते हैं. इसके साथ ही कुछ फिटनेस टिप्स भी देते हैं.