पेरिस की सड़कों पर 17 अक्टूबर को जबरदस्त विरोध प्रदर्शन के दौरान हिंसा, आगजनी और लूटपाट का माहौल था. पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हो रही थी और कई इलाकों में धुएं का गुबार दिखाई दे रहा था. लेकिन इसी अफरातफरी के बीच सामने आई कुछ तस्वीरों ने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया.
एक तस्वीर में महिला जले हुए वाहनों और हिंसा के निशानों के बीच सड़क पर जॉगिंग करती दिखाई दी. तस्वीर पेरिस के Place de la République के पास की बताई गई है और इसे अगले दिन यानी 18 अक्टूबर को कैप्चर किया गया था. आसपास सड़क पर जली हुई गाड़ियों और प्रदर्शन के बाद का मलबा नजर आ रहा था, लेकिन महिला अपने रन पर आगे बढ़ती दिखी.
वहीं, पेरिस से सामने आए एक अन्य वायरल वीडियो में एक कपल आग की लपटों के पास कैफे में बैठा नजर आया. रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों आराम से बैठे थे, बातचीत कर रहे थे और ड्रिंक का आनंद लेते दिखे, जबकि उनके पीछे आग जल रही थी. इस तस्वीर ने सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींचा.
देखें वीडियो
दरअसल, 17 अक्टूबर को फ्रांस में महंगाई और बढ़ती जीवन-यापन लागत के साथ-साथ सार्वजनिक सेवाओं और स्कूलों की खराब स्थिति के खिलाफ बड़े पैमाने पर प्रदर्शन हुए. पुलिस के मुताबिक, पूरे देश में करीब 5.5 लाख लोग सड़कों पर उतरे, जबकि आयोजकों ने यह संख्या करीब 8 लाख बताई. पेरिस में ही कम से कम 1.10 लाख लोग प्रदर्शन में शामिल हुए.
शुरुआत में प्रदर्शन का बड़ा हिस्सा शांतिपूर्ण रहा, लेकिन बाद में पेरिस समेत कई शहरों में हालात बिगड़ गए. कुछ समूहों ने पुलिस पर पथराव और दूसरे प्रोजेक्टाइल फेंके. दुकानों में तोड़फोड़ और लूटपाट की घटनाएं हुईं और कई जगह आग लगाई गई. पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस और दूसरे दंगा-रोधी उपायों का इस्तेमाल किया.
पेरिस में इस प्रदर्शन के दौरान 855 लोगों को हिरासत में लिए जाने की जानकारी पुलिस ने दी. स्थानीय पुलिस के मुताबिक यह राजधानी में एक रिकॉर्ड आंकड़ा था. हिंसा में 13 पुलिसकर्मी और जेंडार्म घायल हुए, जबकि दो दमकलकर्मी भी घायल हुए.
यानी एक तरफ पेरिस की सड़कों पर प्रदर्शनकारी पुलिस से भिड़ रहे थे, दुकानों में तोड़फोड़ हो रही थी और आगजनी की घटनाएं सामने आ रही थीं, वहीं दूसरी तरफ कुछ लोग मानो इस पूरे हंगामे से बेपरवाह अपनी रोजमर्रा की जिंदगी जीते दिखाई दिए. जॉगिंग करती महिला और आग के पास बैठे कपल की तस्वीरें इसी वजह से सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई हैं.