कुछ आवाजें सिर्फ आवाज नहीं होतीं, वे हमारी यादों का हिस्सा बन जाती हैं. दिल्ली मेट्रो में सालों से सुनाई देने वाली शम्मी नारंग की आवाज भी ऐसी ही है. अब यही आवाज उनके पोते रुशान की पहली Metro Ride की एक खास याद बन गई है.
पूर्व न्यूज एंकर और दिल्ली मेट्रो की मशहूर आवाज शम्मी नारंग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक वीडियो शेयर किया है. इसमें वह अपने पोते रुशान के साथ दिल्ली मेट्रो में सफर करते नजर आ रहे हैं. यह रुशान की जिंदगी की पहली मेट्रो राइड थी.
वीडियो में छोटा सा रुशान मेट्रो स्टेशन और ट्रेन के अंदर की चीजों को बड़े ध्यान से देखता नजर आता है. उसके लिए स्टेशन, प्लेटफॉर्म और मेट्रो का सफर सब कुछ नया था. लेकिन सफर के दौरान उसे एक ऐसी आवाज सुनाई दी, जिसे वह पहले से पहचानता था.
यह भी पढ़ें: दिल्ली मेट्रो में लड़कियों की चोरी-छिपे खींच रहा था फोटो? फिर ऐसे खुली पोल
मेट्रो में अनाउंसमेंट शुरू होते ही रुशान के परिवार वाले उसे बताते हैं कि यह उसके दादू की आवाज है. शम्मी नारंग भी उस वक्त उसके साथ मौजूद थे. वीडियो में वह अपने पोते को गोद में लिए नजर आते हैं, जबकि पीछे मेट्रो का अनाउंसमेंट चल रहा है.
देखें वीडियो
रुशान के लिए यह थोड़ा हैरान करने वाला अनुभव था. जिस आवाज को वह घर पर अपने दादा से जोड़कर पहचानता है, वही आवाज पहली बार उसे मेट्रो के अंदर सुनाई दे रही थी.
मेरी आवाज एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी तक सफर करती रहेगी
शम्मी नारंग ने इस खास पल को शेयर करते हुए लिखा कि शायद वह हमेशा इन मेट्रो ट्रेनों में सफर न कर पाएं, लेकिन उन्हें इस बात का गर्व है कि उनकी आवाज एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी तक सफर करती रहेगी.उन्होंने कहा कि उनकी आवाज उनसे उनके पोते रुशान तक और शायद आगे उसके बच्चों और आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचेगी.
वीडियो का सबसे प्यारा हिस्सा आखिर में आता है. शम्मी नारंग खुद मेट्रो का जाना-पहचाना अनाउंसमेंट बोलते हैं- “अगला स्टेशन सुल्तानपुर.” इसके बाद वह मेट्रो को अलविदा कहते हैं.
इस पूरे पल में रुशान की मासूमियत साफ दिखाई देती है. वह अपने दादा की आवाज तो पहचानता है, लेकिन उसे पहली बार उस जगह सुन रहा है, जहां वह आवाज रोजाना हजारों यात्रियों के सफर का हिस्सा बनती है.