scorecardresearch
 

बच्चों को घर पर छोड़ ऑफिस ट्रिप पर गई मां, फ्लाइट से उतरते ही पुलिस ने किया अरेस्ट

एक मां को उसकी लापरवाही की वजह से जेल जाना पड़ा. वह अपने चार बच्चों को घर पर अकेला छोड़कर ऑफिस के काम से बाहर चली गई थी. जब पुलिस को पता चला कि बच्चे घर पर अकेले रह रहे हैं, तो महिला को अरेस्ट कर लिया गया.

Advertisement
X
बच्चों को घर पर अकेला छोड़कर ऑफिस ट्रिप पर जाने वाली मां को पुलिस ने किया अरेस्ट (Photo - AI Generated)
बच्चों को घर पर अकेला छोड़कर ऑफिस ट्रिप पर जाने वाली मां को पुलिस ने किया अरेस्ट (Photo - AI Generated)

अमेरिका के फ्लोरिडा में एक मां अपने चार बच्चों को घर पर अकेला छोड़कर ऑफिस के काम से लास वेगास चली गई. बच्चे 9 से 14 साल के थे और घर में उनकी देखभाल के लिए कोई बड़ा मौजूद नहीं था. इसी दौरान एक हादसा हो गया. 9 साल के बच्चे के सिर पर डंबल गिर गया, जिसके बाद उसके भाई-बहनों ने इमरजेंसी नंबर पर फोन किया. पुलिस मौके पर पहुंची तो बच्चों को अकेले देखकर हैरान रह गई. अब इस मामले में मां को गिरफ्तार कर लिया गया है.

न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, मामला फ्लोरिडा के किसिमी शहर का है. पुलिस के मुताबिक, 50 साल की आइरीन मिलर पेशे से फोटोग्राफर हैं. वह 18 अक्टूबर को काम के सिलसिले में लास वेगास गई थीं और उन्हें पांच दिन बाद घर लौटना था. इस दौरान उनके चार बच्चे घर पर ही थे. उनकी उम्र 9, 11, 12 और 14 साल है.

डंबल गिरने से घायल हुआ 9 साल का बच्चा
पुलिस को इस मामले की जानकारी तब मिली, जब एक बच्चे ने 911 पर फोन कर बताया कि उसके 9 साल के भाई के सिर पर डंबल गिर गया है. सूचना मिलने के बाद ओस्सियोला काउंटी शेरिफ ऑफिस के अधिकारी घर पहुंचे. वहां उन्हें चारों बच्चे बिना किसी बड़े की निगरानी के मिले.

घायल बच्चे को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज किया गया. बाद में उसे छुट्टी दे दी गई. गनीमत रही कि बच्चे को अस्पताल से घर भेज दिया गया, लेकिन इस घटना ने बच्चों की देखभाल को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए.

Advertisement

मां ने क्या सफाई दी?
जांच के दौरान पुलिस ने आइरीन मिलर से फोन पर बात की. उन्होंने बताया कि बच्चों की देखभाल के लिए एक बेबीसिटर की व्यवस्था की गई थी. बेबीसिटर को स्कूल जाने से पहले और स्कूल से लौटने के बाद बच्चों की देखभाल करनी थी. हालांकि, उसे रात में घर पर रुकने के लिए नहीं कहा गया था.

यानी रात के समय चारों बच्चे घर में अकेले रहते थे. पुलिस के मुताबिक, बच्चों के पिता से संपर्क किया गया, जिसके बाद वह सभी बच्चों को अपने घर ले गए.

फ्लाइट से उतरते ही पुलिस ने किया गिरफ्तार
मिलर जब शुक्रवार को फ्लोरिडा के एक एयरपोर्ट पर पहुंचीं, तो पुलिस ने उन्हें वहीं हिरासत में ले लिया. बॉडीकैम फुटेज में अधिकारियों को एयरपोर्ट पर उन्हें हथकड़ी लगाते हुए देखा जा सकता है.

इसके बाद उन्हें ऑरेंज काउंटी जेल ले जाया गया. पुलिस ने उनके खिलाफ बच्चों की उपेक्षा यानी चाइल्ड नेग्लेक्ट के चार आरोप लगाए हैं. अधिकारियों के मुताबिक, ये आरोप ऐसे मामलों से जुड़े हैं, जिनमें बच्चों को गंभीर शारीरिक नुकसान नहीं हुआ.

ओस्सियोला काउंटी के शेरिफ क्रिस ब्लैकमन ने कहा कि उनका विभाग बच्चों की उपेक्षा के मामलों को बर्दाश्त नहीं करेगा. ऐसे मामलों की जांच की जाएगी और बच्चों की उचित देखभाल नहीं करने वाले माता-पिता के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement