scorecardresearch
 

FIFA फाइनल के लिए एम्पलॉयी ने महीनेभर पहले बनाया प्लान, बॉस ने बिगाड़ा खेल

फीफा वर्ल्ड कप का खुमार दुनियाभर के फुटबॉल फैंस के सिर चढ़कर बोला. मैच देखने के लिए किसी ने रातों की नींद छोड़ी तो किसी ने अपने जरूरी काम तक टाल दिए. लेकिन एक फुटबॉल फैन ने वर्ल्ड कप देखने के लिए ऐसा जुगाड़ लगाया, जिसकी पोल खुली तो पूरा प्लान ही उल्टा पड़ गया.

Advertisement
X
कर्मचारी ने FIFA वर्ल्ड कप फाइनल के लिए पहले से तैयारी कर रखी थी (Photo:Reuters and Pexel)
कर्मचारी ने FIFA वर्ल्ड कप फाइनल के लिए पहले से तैयारी कर रखी थी (Photo:Reuters and Pexel)

फीफा वर्ल्ड कप फाइनल देखने के लिए एक कर्मचारी ने करीब एक महीने पहले ही छुट्टी की पूरी प्लानिंग कर ली थी, लेकिन उसकी पिछली छुट्टियों और ऑफिस में लेट आने की आदत ने पूरा खेल बिगाड़ दिया. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म रेडिट पर वायरल एक पोस्ट के मुताबिक, मैनेजर को जब कर्मचारी की छुट्टियों और फीफा मैचों के बीच कनेक्शन का पता चला तो उसने वर्ल्ड कप फाइनल के लिए पहले से मंजूर छुट्टी भी कैंसिल कर दी.

FIFA मैच के लिए लेता था छुट्टी?

Reddit पोस्ट शेयर करने वाले यूजर ने खुद को कर्मचारी का पूर्व सहकर्मी बताया है. पोस्ट के मुताबिक, पिछले एक महीने से कर्मचारी सामान्य से ज्यादा छुट्टियां ले रहा था. मैनेजर ने जब इस पर सवाल उठाए तो उसने छुट्टी लेना कम कर दिया, लेकिन इसके बाद वह ऑफिस लेट पहुंचने लगा.

पूछे जाने पर कर्मचारी ने ट्रैफिक को इसकी वजह बताया. हालांकि, एक दिन बातचीत के दौरान दूसरे मैनेजर ने मजाक में कह दिया कि शायद वह रात में FIFA के मैच देखता है और इसी वजह से सुबह देर से आता है.

यह भी पढ़ें: Spain vs Argentina Fight: वर्ल्ड कप फाइनल के बाद मैदान बना अखाड़ा, अर्जेंटीना के खिलाड़ी ने स्पेनिश स्टार के चेहरे पर जड़ा मुक्का

बस यहीं से मामला पलट गया. कर्मचारी के मैनेजर ने FIFA मैचों का शेड्यूल खंगालना शुरू कर दिया. दावा है कि उसने कर्मचारी की पुरानी छुट्टियों और लेट आने वाले दिनों की तुलना फ्रांस, पुर्तगाल और अर्जेंटीना जैसी टीमों के मैचों से की. मैनेजर ने पाया कि इनमें से ज्यादातर तारीखें मैचों के आसपास की थीं.इसके बाद कर्मचारी को फाइनल वॉर्निंग दी गई और आगे छुट्टी न लेने के लिए कहा गया.

Advertisement

एक महीने पहले बनाया था फाइनल का प्लान

पोस्ट के मुताबिक, कर्मचारी ने FIFA वर्ल्ड कप फाइनल के लिए पहले से तैयारी कर रखी थी. उसने करीब एक महीने पहले ही सोमवार की छुट्टी के लिए आवेदन कर दिया था और इसकी वजह 'फैमिली फंक्शन' बताई थी.

हालांकि, वीकेंड पर कुछ ऐसा हुआ जिसने उसकी पूरी प्लानिंग बिगाड़ दी. मैनेजर के सामने Instagram की एक वायरल Reel आई, जिसमें एक स्कूल की हेडमिस्ट्रेस ने FIFA वर्ल्ड कप फाइनल देखने के लिए सोमवार को पूरे स्कूल की छुट्टी घोषित कर दी थी.

Reel देखने के बाद मैनेजर को अपने कर्मचारी की पहले से ली गई सोमवार की छुट्टी पर शक हो गया. पोस्ट के मुताबिक, मैनेजर ने तुरंत उसे मैसेज कर बताया कि उसकी सोमवार की छुट्टी भी कैंसिल की जा रही है.

कर्मचारी ने दावा किया कि उसका सच में फैमिली फंक्शन है. इस पर मैनेजर ने उससे ट्रेन टिकट या फंक्शन का इनविटेशन कार्ड दिखाने को कहा. दावा है कि कर्मचारी दोनों में से कोई भी सबूत नहीं दे सका.इसके बाद मैनेजर ने वायरल Reel का लिंक भेजते हुए लिखा, 'बेवकूफ किसी और को बनाना.'

पोस्ट के मुताबिक, कर्मचारी को सोमवार सुबह ठीक 9 बजे ऑफिस पहुंचने का सख्त निर्देश दिया गया. यह पूरा मामला अब Reddit पर चर्चा का विषय बना हुआ है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement