
ऑफिस में कुछ लोग ऐसे होते हैं, जिनके साथ मीटिंग का नाम सुनते ही तनाव बढ़ने लगता है. लेकिन अगर कोई आपसे पूछे कि सबसे ज्यादा तनाव किस सहकर्मी की वजह से होता है, तो शायद आपके पास इसका कोई पक्का सबूत न हो. बेंगलुरु के एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने इस सवाल का जवाब डेटा के जरिए ढूंढ निकाला और अब उनका अनोखा प्रयोग सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
बेंगलुरु के सॉफ्टवेयर इंजीनियर पंकज ने X पर बताया कि उन्होंने अपने Whoop फिटनेस ट्रैकर को वर्क कैलेंडर से जोड़कर यह पता लगाया कि ऑफिस में कौन-सी मीटिंग और कौन-से सहकर्मी उन्हें सबसे ज्यादा तनाव देते हैं.
Whoop Fitness Tracker एक स्क्रीन-लेस (बिना डिस्प्ले वाला) पहनने योग्य डिवाइस है, जिसे हाथ या बाजू पर पहना जाता है. यह मुख्य रूप से आपकी हार्ट रेट, नींद, रिकवरी, तनाव , हार्ट रेट वैरिएबिलिटी , शारीरिक गतिविधि और शरीर पर पड़ने वाले दबाव को ट्रैक करता है.
पंकज ने पोस्ट में लिखा-मैंने अपने Whoop को वर्क कैलेंडर से जोड़ दिया ताकि पता लगा सकूं कि कौन-सा सहकर्मी मुझे सबसे ज्यादा तनाव देता है.
ऑफिस में कब-कब होता है तनाव
दरअसल, पंकज ने पहले Whoop फिटनेस बैंड के डेटा सिस्टम को समझने और उससे मिनट-दर-मिनट हार्ट रेट निकालने का तरीका तैयार किया. इसके बाद उन्होंने अपनी हार्ट रेट में आने वाले अचानक बदलावों को ऑफिस कैलेंडर की मीटिंग्स और उनमें शामिल लोगों से मैच किया.
यानी जब भी किसी मीटिंग के दौरान उनकी हार्ट रेट सामान्य से ज्यादा बढ़ती थी, सिस्टम उस समय की कैलेंडर एंट्री को चेक करता था. इस तरह उन्हें पता चलने लगा कि किन लोगों के साथ होने वाली मीटिंग्स के दौरान उनका तनाव स्तर सबसे ज्यादा बढ़ता है.
पंकज ने मजाकिया अंदाज में कहा कि अब उनके पास एक तरह की 'लीडरबोर्ड' है, जो बताती है कि कौन-सा सहकर्मी उन्हें सबसे ज्यादा तनाव देता है.

हालांकि उनका यह प्रोजेक्ट मजाक और प्रयोग के तौर पर बनाया गया था, लेकिन सोशल मीडिया पर लोगों को यह आइडिया काफी दिलचस्प लगा. कई यूजर्स ने कहा कि वे भी जानना चाहेंगे कि उनकी हार्ट रेट किन मीटिंग्स में सबसे ज्यादा बढ़ती है. वहीं कुछ लोगों ने मजाक करते हुए लिखा कि अगर यह टूल सार्वजनिक हो गया तो कई मैनेजरों की रैंकिंग सबसे ऊपर दिखाई देगी.
कुछ यूजर्स ने इस प्रयोग को कर्मचारियों के मानसिक तनाव को समझने का नया तरीका बताया. हालांकि कई लोगों ने यह भी कहा कि सिर्फ हार्ट रेट बढ़ने से तनाव का सही अनुमान नहीं लगाया जा सकता, क्योंकि इसके पीछे अन्य कारण भी हो सकते हैं.