Must-Visit Places in Binsar: सर्दियों में घूमने का अपना एक अलग मजा होता है और अगर आप भी इस सर्दी में किसी शांत और सुकून भरी जगह पर जाने का सोच रहे हैं तो उत्तराखंड की इस शानदार जगह की आप सैर कर सकते हैं. जहां आपको खूबसूरत नजारों के साथ पुराने मंदिर और शांति का अलग ही एक्सपीरियंस मिलेगा. हम उत्तराखंड के बिनसर की बात कर रहे हैं, इस जगह पर आप शोर-शराबे से दूर सुकून के पल बिता सकते हैं, कुमाऊं क्षेत्र में बसा यह खूबसूरत हिल स्टेशन घने जंगलों, पहाड़ों के शानदार नजारों और शांत वातावरण के लिए जाना जाता है.
यहां आपको मनाली और नैनीताल जैसी भीड़ भी देखने को नहीं मिलेगी और इसके साथ ही नेचर के बीच टाइम बिताने, पहाड़ी रास्तों पर घूमने और हिमालय की चोटियों को निहारने के लिए शौकीन हैं तो यह आपके लिए बेस्ट टूरिस्ट स्पॉट होने वाला है.
बिनसर की खासियत क्या है?
अगर आप सोच रहे हैं कि बिनसर की खासियत सिर्फ इसके खूबसूरत नजारे हैं तो ऐसा नहीं है, यहां के पुराने मंदिर,वाइल्ड लाइफ सेंचुरी और आसपास बसे शांत गांव हैं. अगर आप इस सर्दी में बिनसर जाने की तैयारी कर रहे हैं, तो इन पांच जगहों को अपनी ट्रैवल लिस्ट में जरूर शामिल करें. जो आपकी पूरी ट्रिप को हमेशा के लिए यादगार बना देंगे.
बिनसर वाइल्डलाइफ सेंचुरी
बिनसर की सबसे खास जगहों में बिनसर वाइल्डलाइफ सेंचुरी का नाम सबसे पहले आता है. यहां ओक, चीड़ और बुरांश के घने जंगल हैं, जहां घूमते हुए आपको पहाड़ों की शांति का असली एहसास होगा. यह जगह पक्षियों को देखने और जंगलों के बीच ट्रेकिंग करने के शौकीनों के लिए भी अच्छी है. सर्दियों में यहां का मौसम ठंडा रहता है और सुबह के समय धुंध जंगलों को बेहद खूबसूरत बना देती है.
जीरो पॉइंट
अगर आप बिनसर जा रहे हैं, तो जीरो पॉइंट देखना बिल्कुल न भूलें. यह बिनसर वाइल्डलाइफ सेंचुरी के अंदर स्थित एक खूबसूरत व्यूपॉइंट है. यहां तक पहुंचने के लिए जंगल के रास्ते पैदल चलना पड़ता है. ऊपर पहुंचने पर हिमालय की ऊंची चोटियों का शानदार नजारा दिखाई देता है. साफ मौसम में नंदा देवी और त्रिशूल जैसी चोटियां देखने का मौका मिल सकता है. फोटोग्राफी पसंद करने वालों के लिए भी यह जगह खास है.
कसार देवी मंदिर
बिनसर से कुछ दूरी पर स्थित कसार देवी मंदिर अपनी आध्यात्मिक पहचान और पहाड़ी नजारों के लिए मशहूर है. स्वामी विवेकानंद भी इस इलाके से जुड़े रहे हैं. मंदिर के आसपास का शांत वातावरण ध्यान लगाने और कुछ समय सुकून से बिताने के लिए अच्छा है. यहां से दूर तक फैले पहाड़ों का खूबसूरत नजारा दिखाई देता है.
चितई गोलू देवता मंदिर
अल्मोड़ा के पास स्थित चितई गोलू देवता मंदिर अपनी अनोखी परंपरा के लिए जाना जाता है. यहां श्रद्धालु अपनी मनोकामनाएं पत्रों के जरिए देवता तक पहुंचाते हैं, मंदिर में लटकी हजारों घंटियां और लेटर इसकी खास पहचान हैं. बिनसर जाते समय इस मंदिर में दर्शन कर सकते हैं. धार्मिक आस्था के साथ कुमाऊं की संस्कृति को करीब से समझने के लिए भी यह अच्छी जगह है.
कटारमल सूर्य मंदिर
इतिहास और प्राचीन वास्तुकला में दिलचस्पी रखने वालों को कटारमल सूर्य मंदिर जरूर देखना चाहिए. अल्मोड़ा के पास स्थित यह ऐतिहासिक मंदिर भगवान सूर्य को समर्पित है. पत्थरों से बनी इसकी प्राचीन संरचना और आसपास का शांत पहाड़ी वातावरण इसे खास बनाते हैं, यहां मुख्य मंदिर के साथ कई छोटे मंदिर भी मौजूद हैं. बिनसर ट्रिप के दौरान यह जगह आपके सफर में इतिहास और संस्कृति का रंग जोड़ सकती है.
ट्रैवल टिप: सर्दियों में बिनसर का तापमान काफी नीचे जा सकता है. इसलिए गर्म कपड़े, आरामदायक जूते और जरूरी सामान साथ रखें. जीरो पॉइंट जाने से पहले सेंचुरी के एंट्री टाइम और रास्ते की मौजूदा स्थिति की जानकारी जरूर लें.