Best places to Visit in Mount Abu: राजस्थान का नाम आते ही ज्यादातर लोगों के मन में रेगिस्तान, किले, महल और गर्म मौसम की तस्वीर आती है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि इसी राज्य में एक ऐसा हिल स्टेशन भी है, जहां मानसून के दौरान हरियाली, झीलें, बादल और ठंडी हवाएं आपका स्वागत करती हैं. अरावली पर्वतमाला में बसा माउंट आबू राजस्थान का इकलौता हिल स्टेशन है.
बारिश के मौसम में यहां का नजारा पूरी तरह बदल जाता है. पहाड़ हरे-भरे हो जाते हैं, झरने बहने लगते हैं और बादलों से ढकी सड़कें सफर को यादगार बना देती हैं. अगर आप मानसून में किसी शांत और खूबसूरत जगह की तलाश में हैं तो माउंट आबू बेहतरीन ऑप्शन हो सकता है. आइए जानते हैं माउंट आबू की उन प्रमुख जगहों के बारे में, जहां घूमकर आपकी ट्रिप और भी यादगार बन जाएगी.
नक्की झील
माउंट आबू की सबसे मशहूर जगहों में नक्की झील का नाम सबसे पहले आता है. बारिश के मौसम में झील का पानी और आसपास की हरियाली इसकी खूबसूरती को कई गुना बढ़ा देते हैं. यहां बोटिंग का मजा लिया जा सकता है और झील के किनारे घूमते हुए शानदार तस्वीरें भी क्लिक कर सकते हैं. हालांकि, तेज बारिश होने पर बोटिंग कुछ समय के लिए बंद हो सकती है.
गुरु शिखर
गुरुशिखर राजस्थान की सबसे ऊंची चोटी है. मानसून के दौरान यहां तक पहुंचने का सफर बेहद खूबसूरत होता है. रास्ते में बादल और हरियाली आपका मन मोह लेते हैं. साफ मौसम में यहां से अरावली पर्वतमाला का शानदार नजारा दिखाई देता है. यहां गुरु दत्तात्रेय का प्रसिद्ध मंदिर भी स्थित है, जहां श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं.
दिलवाड़ा जैन मंदिर
अगर आपको इतिहास और बेहतरीन वास्तुकला पसंद है तो दिलवाड़ा जैन मंदिर जरूर जाएं. 11वीं से 13वीं शताब्दी के बीच बने ये मंदिर अपनी संगमरमर की बारीक नक्काशी के लिए दुनिया भर में प्रसिद्ध हैं. बाहर से नॉर्मल दिखने वाले इन मंदिरों का अंदरूनी हिस्सा बेहद आकर्षक है.
सनसेट पॉइंट
माउंट आबू का सनसेट पॉइंट शाम का सबसे पसंदीदा पर्यटन स्थल माना जाता है. मानसून के दौरान बादलों के बीच डूबते सूरज का नजारा बेहद मनमोहक लगता है. यहां से आसपास की पहाड़ियों और घाटियों का सुंदर दृश्य देखने को मिलता है.
हनीमून पॉइंट
नाम भले ही हनीमून पॉइंट हो लेकिन यहां हर उम्र के लोग घूमने जाते हैं. बारिश के बाद यहां से दिखाई देने वाला पहाड़ों का नजारा बेहद साफ और खूबसूरत होता है. अगर आप भीड़-भाड़ से दूर कुछ समय शांति में बिताना चाहते हैं तो यह जगह आपके लिए बेस्ट है.
ट्रेवर्स टैंक
ट्रेवर्स टैंक माउंट आबू की कम चर्चित लेकिन बेहद खूबसूरत जगहों में से एक है. यह जगह नेचर लवर्स और बर्ड वॉचिंग के शौकीनों को खूब पसंद आती है. मानसून में यहां की हरियाली और प्राकृतिक सुंदरता देखने लायक होती है.
माउंट आबू वाइल्डलाइफ सैंक्चुअरी
अगर आपको जंगल और वन्यजीव पसंद हैं तो माउंट आबू वाइल्डलाइफ सैंक्चुअरी जरूर जाएं. बारिश के मौसम में यहां का जंगल पूरी तरह हरा-भरा हो जाता है. यहां कई तरह के पक्षी और वन्यजीव देखने का मौका मिलता है. प्रकृति के बीच सैर करने के लिए यह एक बेहतरीन जगह है.