
Beautiful River Valleys India: कभी-कभी शहरों की कंक्रीट वाली जिंदगी, लैपटॉप की स्क्रीन और रोज सुबह का वही अलार्म हमें अंदर से थका देता है. ऐसे में दिल बस एक ही चीज मांगता है, कुछ पल का ठहराव. भारत के नक्शे पर कुछ ऐसी जादुई नदी घाटियां छिपी हैं, जहां कदम रखते ही ऐसा लगता है मानो समय ने अपनी स्पीड धीमी कर ली हो.
जब कानों में गूंजती गाड़ियों की आवाज की जगह सिर्फ नदी का म्यूजिक और ठंडी हवाओं की सरसराहट ले लेती है, तो मन का सारा स्ट्रेस खुद-ब-खुद हल्का हो जाता है. ऊंचे बादलों को छूते पहाड़ और मखमली हरियाली से घिरी ये वादियां सिर्फ घूमने की जगहें नहीं हैं, बल्कि ये वो सुकून हैं जो आपकी थकी हुई रूह को फिर से नई जिंदगी से भर देती हैं.
अगर आप भी इस भागदौड़ से ब्रेक लेकर खुद से दोबारा मिलना चाहते हैं, तो देश की ये खूबसूरत रिवर वैलीज गर्मियों की छुट्टियों में आपको जरूर घूमकर आने चाहिए.
तीर्थन वैली, हिमाचल प्रदेश
हिमाचल सिर्फ मनाली-शिमला नहीं है, अगर आप भीड़भाड़ से दूर किसी शांत जगह की तलाश में हैं, तो तीर्थन वैली आपके लिए परफेक्ट डेस्टिनेशन है. ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क के पास स्थित यह घाटी अपनी साफ-सुथरी नदी, घने जंगलों और पारंपरिक गांवों के लिए जानी जाती है. यहां का सुकून भरा माहौल लोगों को प्रकृति के और करीब ले आता है, ट्राउट फिशिंग, रिवरसाइड कैंपिंग और नेचर वॉक जैसी एक्टिविटीज यहां आने वाले लोगों को खास बना देता हैं.

दिबांग वैली, अरुणाचल प्रदेश
अरुणाचल प्रदेश की दिबांग वैली अभी भी भारत की सबसे अनछुई और ऑफबीट जगहों में गिनी जाती है. घने जंगलों और विशाल पहाड़ों से घिरी यह घाटी सुकून और प्राकृतिक सुंदरता का गजब का कॉम्बिनेशन है. दिबांग नदी यहां के आदिवासी गांवों और खूबसूरत वादियों के बीच से बहती है.
नुब्रा वैली, लद्दाख
भारत की सबसे अलग और अनोखी घाटियों में से एक लद्दाख की नुब्रा वैली भी है, यहां का ठंडा रेगिस्तान, ऊंचे पहाड़ और सुनहरे रेत के टीले इसे बेहद खास बनाते हैं. श्योक और नुब्रा नदियां इस घाटी की खूबसूरती को और बढ़ा देती हैं, यहां डबल-हंप वाले ऊंट, प्राचीन बौद्ध मठ और शानदार लैंडस्केप देखने को मिलते हैं.
लिद्दर वैली, जम्मू-कश्मीर
कश्मीर की असली खूबसूरती का असली एहसास लिद्दर वैली में जाकर होता है. पहलगाम के पास स्थित यह घाटी हरी-भरी घास के मैदानों, बर्फ से ढके पहाड़ों और बहती नदी के लिए प्रसिद्ध है. यहां ट्रेकिंग, राफ्टिंग, कैंपिंग और पोनी राइड जैसी कई एक्टिविटीज का मजा लिया जा सकता है.

पार्वती वैली, हिमाचल प्रदेश
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में बसी पार्वती वैली अपनी अद्भुत प्राकृतिक खूबसूरती और शांत माहौल के लिए मशहूर है. यहां बहने वाली पार्वती नदी पूरी घाटी को और भी शानदार बना देती है. देवदार के जंगल, पहाड़ों के शानदार नजारे और नदी किनारे बने कैफे लोगों को बहुत सुकून देते हैं और इसके साथ ही मणिकरण का गर्म पानी का कुंड भी देख लोग हैरान रह जाते हैं. कसोल, तोष और मणिकरण जैसे छोटे-छोटे गांव ट्रैवलर्स और ट्रेकिंग पसंद करने वालों के बीच काफी पॉपुलर हैं.
इन खूबसूरत रिवर वैलीज का सफर सिर्फ घूमने का मजा ही नहीं देती, बल्कि यह मन को भी नई ताजगी और शांति से भर देती है.