Best places to visit in Rajasthan: मानसून के मौसम में घूमने-फिरने का अपना अलग ही मजा है. हालांकि, इस दौरान पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश और भूस्खलन का खतरा भी बना रहता है. ऐसे में अगर आप सेफ और यादगार ट्रिप करना चाहते हैं तो राजस्थान आपके लिए बेस्ट डेस्टिनेशन हो सकता है. बारिश के मौसम में यहां की झीलें, महल, किले और हरियाली इसकी खूबसूरती को और भी निखार देते हैं. अगर आप मानसून में घूमने का प्लान बना रहे हैं तो राजस्थान की ये 5 जगहें आपकी यात्रा को यादगार बना सकती हैं.
उदयपुर
झीलों की नगरी उदयपुर मानसून में बेहद खूबसूरत दिखाई देता है. हल्की बारिश के बीच पिछोला झील और फतेह सागर झील का नजारा काफी मनमोहक होता है. अगर आप यहां जाएं तो बोटिंग का आनंद लेना बिल्कुल न भूलें. इसके अलावा सिटी पैलेस और लेक पैलेस भी घूमने लायक जगहें हैं. शाम के समय झील किनारे बैठकर स्थानीय स्ट्रीट फूड का स्वाद लेना आपकी यात्रा को और भी यादगार बना सकता है.
माउंट आबू
राजस्थान का इकलौता हिल स्टेशन माउंट आबू बारिश के मौसम में और भी आकर्षक हो जाता है. चारों तरफ फैली हरियाली और ठंडी हवाएं यहां का माहौल बेहद सुहावना बना देती हैं. नक्की झील में बोटिंग, गुरु शिखर से खूबसूरत नजारे और दिलवाड़ा जैन मंदिर की शानदार वास्तुकला आपकी यात्रा को खास बना सकते हैं.
पुष्कर
मानसून के मौसम में पुष्कर की खूबसूरती और भी बढ़ जाती है. हल्की बारिश के बीच पुष्कर झील का नजारा बेहद मनमोहक लगता है. यहां आप झील के किनारे सुकून भरे पल बिता सकते हैं, स्थानीय बाजारों में खरीदारी का आनंद ले सकते हैं और ऊंट की सवारी का मजा भी ले सकते हैं. यही वजह है कि बारिश के मौसम में पुष्कर घूमने का अनुभव काफी यादगार बन जाता है.
बूंदी
अगर आपको नेचर लवर्स हैं और इतिहास को भी करीब से जानना चाहते हैं तो बूंदी आपके लिए बेहतरीन जगह है. मानसून में यहां का भीमलत झरना देखने में काफी खूबसूरत लगता है. इसके अलावा तारागढ़ किला और बूंदी पैलेस भी अपनी ऐतिहासिक खूबसूरती के लिए मशहूर हैं.
जयपुर
अगर आप इतिहास और शाही विरासत देखने के शौकीन हैं तो मानसून में जयपुर भी शानदार ऑप्शन हो सकता है. बारिश के बाद गुलाबी शहर की खूबसूरती और निखर जाती है. यहां आप आमेर किला, हवा महल, सिटी पैलेस और जल महल जैसी फेमस जगहों की सैर कर सकते हैं. साथ ही स्थानीय बाजारों में खरीदारी और राजस्थानी व्यंजनों का स्वाद भी आपकी यात्रा को खास बना देगा.