scorecardresearch
 

Best Places to Visit in Gujarat: दुनिया की सबसे ऊंची प्रतिमा से लेकर सफेद रेगिस्तान तक, गुजरात में घूमने के लिए बेस्ट हैं ये 7 जगहे

Best Places to Visit in Gujarat: गुजरात भारत का एक ऐसा राज्य है, जहां घूमने के लिए कई शानदार जगहें मौजूद हैं. यहां आपको दुनिया की सबसे ऊंची प्रतिमा से लेकर सफेद नमक का विशाल रेगिस्तान, ऐतिहासिक किले, मंदिर और खूबसूरत हिल स्टेशन देखने को मिलेंगे.

Advertisement
X
गुजरात की खूबसूरती देखनी है तो इन 7 जगहों की जरूर करें सैर (Photo- ITG)
गुजरात की खूबसूरती देखनी है तो इन 7 जगहों की जरूर करें सैर (Photo- ITG)

Best Places to Visit in Gujarat: भारत के पश्चिमी तट पर बसा गुजरात अपनी संस्कृति, इतिहास, धार्मिक स्थलों और खूबसूरत प्राकृतिक नजारों के लिए मशहूर है. यहां दुनिया के सबसे ऊंची प्रतिमा से लेकर सफेद नमक का विशाल रेगिस्तान, ऐतिहासिक किले, मंदिर और खूबसूरत हिल स्टेशन देखने को मिलते हैं. अगर आप छुट्टियों में गुजरात घूमने का प्लान बना रहे हैं तो यहां की इन खास जगहों को अपनी ट्रैवल लिस्ट में शामिल कर सकते हैं. आइए जानते हैं गुजरात की 7 ऐसी जगहों के बारे में, जहां आप परिवार या दोस्तों के साथ यादगार समय बिता सकते हैं.

स्टैच्यू ऑफ यूनिटी (Statue of Unity)
नर्मदा जिले में स्थित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी दुनिया की सबसे ऊंची प्रतिमा है. इसकी ऊंचाई 182 मीटर है और यह देश के पहले उप प्रधानमंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल को समर्पित है. यहां प्रतिमा के अलावा व्यूइंग गैलरी, वैली ऑफ फ्लावर्स और लेजर शो भी पर्यटकों को आकर्षित करते हैं. परिवार के साथ घूमने के लिए यह अच्छी जगह है.

गिर नेशनल पार्क (Gir National Park)
अगर आपको जंगल और वन्यजीवों को करीब से देखना पसंद है तो गिर नेशनल पार्क जा सकते हैं. यह एशियाई शेरों का एकमात्र प्राकृतिक आवास है. यहां शेरों के अलावा तेंदुए, हिरण, नीलगाय और कई तरह के पक्षी भी देखने को मिलते हैं. जंगल सफारी के दौरान वन्यजीवों को उनके प्राकृतिक माहौल में देखने का मौका मिलता है.

द्वारका (Dwarka)
द्वारका भगवान श्रीकृष्ण की नगरी के रूप में प्रसिद्ध है. यह हिंदुओं के चार धामों में से एक है. यहां स्थित द्वारकाधीश मंदिर में हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं. मंदिर के अलावा गोमती घाट और बेट द्वारका भी घूमने लायक जगहें हैं. धार्मिक यात्रा के साथ यहां समुद्र के खूबसूरत नजारे भी देख सकते हैं.

Advertisement

रण ऑफ कच्छ (Rann of Kutch)
गुजरात का रण ऑफ कच्छ सफेद नमक के विशाल मैदान के लिए मशहूर है. दूर तक फैली सफेद जमीन यहां आने वाले पर्यटकों को एक अलग ही अनुभव देती है. सर्दियों के मौसम में यहां रण उत्सव का आयोजन होता है, जहां लोक संगीत, नृत्य, हस्तशिल्प और स्थानीय संस्कृति की झलक देखने को मिलती है. पूर्णिमा की रात सफेद रण का नजारा बेहद खूबसूरत लगता है.

साबरमती आश्रम (Sabarmati Ashram)
अहमदाबाद में स्थित साबरमती आश्रम का महात्मा गांधी और भारत के स्वतंत्रता आंदोलन से गहरा संबंध है. यहां आकर आप गांधी जी के जीवन, उनके विचारों और आजादी की लड़ाई से जुड़ी कई महत्वपूर्ण बातें जान सकते हैं. इतिहास में दिलचस्पी रखने वालों के लिए यह जगह खास है.

सापुतारा (Saputara)
गुजरात में पहाड़ों और हरियाली के बीच कुछ समय बिताना चाहते हैं तो सापुतारा जा सकते हैं. यह राज्य का प्रमुख हिल स्टेशन है. यहां हरी-भरी वादियां, खूबसूरत झील और पहाड़ों के नजारे देखने को मिलते हैं. गर्मियों में बड़ी संख्या में पर्यटक यहां घूमने पहुंचते हैं.

मरीन नेशनल पार्क (Marine National Park)
जामनगर के पास स्थित मरीन नेशनल पार्क समुद्री जीवों को करीब से देखने के लिए खास जगह है. यह भारत का पहला समुद्री राष्ट्रीय उद्यान है. यहां समुद्री जीवों, कोरल रीफ और कई दुर्लभ जलीय प्रजातियों को देखने का मौका मिलता है. प्रकृति और समुद्री जीवन में दिलचस्पी रखने वाले पर्यटकों को यह जगह पसंद आ सकती है.

Advertisement

गुजरात में घूमने के लिए धार्मिक स्थलों से लेकर ऐतिहासिक इमारतों और प्राकृतिक जगहों तक कई खूबसूरत जगहें हैं. आप अपनी पसंद और छुट्टियों के समय के हिसाब से इन जगहों को अपनी ट्रिप में शामिल कर सकते हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

TOPICS:
Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement