scorecardresearch
 

10 हजार रुपये से कम में मिल रहे ये 5 स्मार्टफोन्स, 6000mAh बैटरी, दिवाली गिफ्ट के लिए बेहतरीन

Diwali गिफ्ट प्रैक्टिकल होना चाहिए. मार्केट में इन दिनों बजट स्मार्टफोन्स की शॉर्टेज है. ऐसे में 10 हजार रुपये से कम के स्मार्टफोन अगर मिल रहे हैं तो बड़ी बात है. आइए जानते हैं कुछ खास ऑप्शन्स.

Advertisement
X
दिवाली पर 10 हजार से कम के फोन्स बन सकते हैं गिफ्ट
दिवाली पर 10 हजार से कम के फोन्स बन सकते हैं गिफ्ट

दिवाली पर किसी को स्मार्टफोन गिफ्ट करने का विचार है, लेकिन बजट 10,000 रुपये से ज्यादा नहीं बढ़ाना चाहते? बाजार में इस कीमत पर ज्यादा विकल्प मौजूद हैं नहीं हैं. कुछ फोन बड़ी बैटरी और बड़ी स्क्रीन देते हैं, तो कुछ में 50 मेगापिक्सल का कैमरा और 120Hz रिफ्रेश रेट वाली डिस्प्ले मिलती है. इस बजट में 5G फोन भी मिल सकता है, लेकिन उसके लिए कुछ पुराने मॉडल देखने पड़ेंगे.

कम कीमत में फोन खरीदते समय एक बात समझना जरूरी है. सिर्फ 50 मेगापिक्सल कैमरा, ज्यादा रैम या बड़ी बैटरी देखकर फैसला न करें. फोन किस प्रोसेसर पर चलता है, उसमें कितनी स्टोरेज है, सॉफ्टवेयर कितना नया है और कंपनी कितने समय तक अपडेट देगी, ये बातें भी उतनी ही जरूरी हैं.

1. Itel Zeno 200: बैलेंस्ड ऑप्शन

अगर आप किसी ऐसे शख्स को फोन गिफ्ट करना चाहते हैं जिसे रोजमर्रा के इस्तेमाल के लिए एक अच्छा स्मार्टफोन चाहिए, तो Itel Zeno 200 पर नजर डाल सकते हैं. इसमें 6.75 इंच की बड़ी स्क्रीन दी गई है, जो 120Hz रिफ्रेश रेट सपोर्ट करती है. इसका मतलब है कि स्क्रीन पर स्क्रॉलिंग और सामान्य इस्तेमाल के दौरान मूवमेंट ज्यादा स्मूद महसूस हो सकता है.

फोन में Unisoc T7250 प्रोसेसर, 4GB रैम और 128GB स्टोरेज मिलती है. पीछे 13 मेगापिक्सल का कैमरा और सामने 5 मेगापिक्सल का कैमरा है. इसमें 5,000mAh की बैटरी दी गई है, लेकिन चार्जिंग 15W तक सीमित है.

Advertisement

इस फोन की सबसे बड़ी खासियत 128GB स्टोरेज है. इस कीमत पर यह उन लोगों के लिए उपयोगी हो सकता है जो फोटो, वीडियो और ऐप्स फोन में रखते हैं. हालांकि, इसमें 5G नहीं मिलता. अगर गिफ्ट पाने वाला व्यक्ति तेज मोबाइल इंटरनेट को प्राथमिकता देता है, तो यह सही विकल्प नहीं होगा.

2. Moto G35 5G: 10 हजार रुपये के अंदर 5G का विकल्प

अगर गिफ्ट के तौर पर 5G फोन देना आपकी प्राथमिकता है, तो Motorola का Moto G35 5G एक विकल्प है. इसमें 6.72 इंच की फुल एचडी+ स्क्रीन मिलती है, जो 120Hz रिफ्रेश रेट सपोर्ट करती है. फोन में Unisoc T760 प्रोसेसर, 4GB रैम और 128GB स्टोरेज दी गई है.

कैमरे की बात करें तो पीछे 50 मेगापिक्सल का मुख्य कैमरा और 8 मेगापिक्सल का अल्ट्रा-वाइड कैमरा मिलता है. सेल्फी के लिए 16 मेगापिक्सल का कैमरा दिया गया है. इसमें 5,000mAh की बैटरी और 18W चार्जिंग सपोर्ट है.

इस फोन की खासियत यह है कि 10 हजार रुपये के आसपास 5G कनेक्टिविटी के साथ फुल एचडी+ स्क्रीन और 128GB स्टोरेज मिलती है. लेकिन यह नया लॉन्च हुआ फोन नहीं है. इसका लॉन्च दिसंबर 2024 में हुआ था.

कंपनी ने इसके लिए सिर्फ एक बड़ा एंड्रॉयड अपडेट देने का वादा किया था और सिक्योरिटी अपडेट अगस्त 2027 तक मिलने की जानकारी दी गई थी. इसलिए इसे खरीदने से पहले सॉफ्टवेयर सपोर्ट की इस सीमा को ध्यान में रखें.

Advertisement

3. Itel Zeno 300: बड़ी बैटरी चाहिए तो देख सकते हैं

कीमत: करीब ₹8,899

अगर फोन इस्तेमाल करने वाले व्यक्ति की प्राथमिकता लंबी बैटरी लाइफ है, तो Itel Zeno 300 एक विकल्प हो सकता है. इसमें 6,000mAh की बैटरी दी गई है. बड़ी बैटरी के कारण सामान्य इस्तेमाल में फोन को बार-बार चार्ज करने की जरूरत कम पड़ सकती है.

इसमें 6.75 इंच की IPS LCD स्क्रीन, Unisoc T7250 प्रोसेसर और 4GB रैम के साथ 64GB स्टोरेज मिलती है. पीछे 13 मेगापिक्सल और सामने 5 मेगापिक्सल का कैमरा है. चार्जिंग 15W की है.

इस फोन को उन लोगों के लिए देखा जा सकता है जो कॉलिंग, व्हाट्सऐप, यूट्यूब और सामान्य ऐप्स इस्तेमाल करते हैं. लेकिन 64GB स्टोरेज आज के समय में कम पड़ सकती है. ज्यादा फोटो और वीडियो रखने वालों को स्टोरेज की दिक्कत हो सकती है. इसमें 5G भी नहीं है.

4. Ai+ Pulse 2 FE: डिजाइन और स्क्रीन पर ध्यान देने वालों के लिए

कीमत: करीब ₹8,999

Ai+ Pulse 2 FE उन लोगों को पसंद आ सकता है जिन्हें फोन का डिजाइन और स्क्रीन ज्यादा मायने रखते हैं. इसमें 6.67 इंच की LCD स्क्रीन दी गई है, जो 120Hz रिफ्रेश रेट सपोर्ट करती है. फोन में MediaTek Helio G81 प्रोसेसर, 4GB रैम और 64GB स्टोरेज मिलती है.

Advertisement

इसका मुख्य कैमरा 50 मेगापिक्सल का है, जबकि दूसरा 2 मेगापिक्सल का सेंसर दिया गया है. सेल्फी के लिए 8 मेगापिक्सल का कैमरा है. फोन में 5,000mAh की बैटरी और 18W चार्जिंग मिलती है. यह Android 16 के साथ आता है.

इसकी स्क्रीन और कैमरा इस कीमत में आकर्षक लगते हैं, लेकिन कुछ कमियां भी हैं. शुरुआती रिव्यू में इसके प्रदर्शन को सुस्त बताया गया है. चार्जिंग भी बहुत तेज नहीं है और कंपनी की ओर से सॉफ्टवेयर अपडेट की स्पष्ट नीति की पुष्टि नहीं है. इसलिए इसे ऐसे यूजर के लिए चुनें जिसकी प्राथमिकता डिजाइन और सामान्य इस्तेमाल है, न कि गेमिंग या लंबे समय तक फोन चलाना.

5. Moto G05: भरोसेमंद ब्रांड का किफायती विकल्प

कीमत: करीब ₹8,549

अगर आप किसी बुजुर्ग या ऐसे व्यक्ति को फोन देना चाहते हैं जिसे कॉलिंग, व्हाट्सऐप, वीडियो देखने और सामान्य इस्तेमाल के लिए स्मार्टफोन चाहिए, तो Moto G05 को भी देख सकते हैं. इसमें 6.67 इंच की स्क्रीन, 50 मेगापिक्सल का रियर कैमरा और 5,200mAh की बैटरी मिलती है.

इस फोन में 5G सपोर्ट नहीं है. यह उन लोगों के लिए बेहतर है जिन्हें सामान्य इस्तेमाल के लिए फोन चाहिए और जिनके लिए 5G सबसे जरूरी फीचर नहीं है. इसकी कीमत भी 10 हजार रुपये से काफी कम है, इसलिए बजट में कुछ पैसे बच सकते हैं.

Advertisement

हालांकि, खरीदने से पहले इसके रैम और स्टोरेज वाले वेरिएंट की जांच जरूर करें. कम रैम और कम स्टोरेज वाले मॉडल को लंबे समय तक इस्तेमाल करना मुश्किल हो सकता है.

10 हजार रुपये में 5G फोन लेना चाहिए या 4G?

इस बजट में फोन खरीदते समय यह सबसे बड़ा सवाल है. अगर आप चाहते हैं कि गिफ्ट पाने वाला व्यक्ति आने वाले कुछ साल तक फोन इस्तेमाल करे, तो 5G एक उपयोगी सुविधा हो सकती है. लेकिन सिर्फ 5G होने से फोन अच्छा नहीं बन जाता. कमजोर प्रोसेसर, कम स्टोरेज और सीमित सॉफ्टवेयर अपडेट वाला 5G फोन भी कुछ समय बाद परेशानी दे सकता है.

इस समय 10 हजार रुपये से कम में Moto G35 5G एक ऐसा विकल्प है जिसमें 5G के साथ 128GB स्टोरेज और फुल एचडी+ स्क्रीन मिलती है. लेकिन इसका सॉफ्टवेयर सपोर्ट लिमिटेड है. दूसरी ओर, Itel Zeno 200 जैसे 4G फोन में 128GB स्टोरेज और 120Hz स्क्रीन मिलती है. 

स्मार्टफोन गिफ्ट करने से पहले इन बातों का रखें ध्यान

10 हजार रुपये के बजट में फोन चुनते समय कम से कम 4GB रैम और 128GB स्टोरेज वाला मॉडल लेने की कोशिश करें. 64GB स्टोरेज वाला फोन कुछ समय बाद भर सकता है, खासकर तब जब यूजर ज्यादा फोटो, वीडियो और ऐप्स इस्तेमाल करता हो.

Advertisement

बैटरी भी अहम है. 5,000mAh या उससे ज्यादा क्षमता वाली बैटरी इस बजट में अच्छी शुरुआत मानी जा सकती है. लेकिन सिर्फ बैटरी का आंकड़ा देखकर फैसला न करें. चार्जिंग की स्पीड भी देखें. 10W या 15W चार्जिंग वाले फोन को पूरी तरह चार्ज होने में ज्यादा समय लग सकता है.

कैमरे के मामले में भी सिर्फ मेगापिक्सल पर भरोसा न करें. 50 मेगापिक्सल कैमरा होने का मतलब यह नहीं कि हर रोशनी में फोटो अच्छी आएगी. कैमरा सॉफ्टवेयर, सेंसर और प्रोसेसर भी तस्वीर की गुणवत्ता पर असर डालते हैं.

एक और जरूरी बात, ऑनलाइन कीमतें बदलती रहती हैं. बैंक ऑफर, एक्सचेंज और सेल के कारण फोन की कीमत में अंतर आ सकता है. कुछ पुराने मॉडल सीमित स्टॉक में मिलते हैं. खरीदारी से पहले ई-कॉमर्स वेबसाइट पर सेलर, वारंटी, रिटर्न पॉलिसी और फोन के नए या पुराने होने की जानकारी जरूर जांच लें.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement