पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार फेज-2 स्थित एक स्कूल में 9 साल की बच्ची की अचानक मौत से हड़कंप मच गया. तीसरी कक्षा में पढ़ने वाली मासूम की क्लासरूम के अंदर तबीयत बिगड़ गई. स्कूल के शिक्षक आनन-फानन में उसे लेकर पास के अस्पताल पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया. इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
यह दर्दनाक घटना पूर्वी दिल्ली के पांडव नगर थाना क्षेत्र स्थित लवली हेरिटेज स्कूल की है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक बच्ची की मौत के पीछे हार्ट अटैक या कोई अन्य मेडिकल वजह होने की आशंका जताई जा रही है. हालांकि, अभी मौत की असली वजह स्पष्ट नहीं है. इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा.
क्लासरूम में अचानक बिगड़ी तबीयत
जानकारी के मुताबिक, बच्ची स्कूल में अपनी क्लास में मौजूद थी. इसी दौरान अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई. स्कूल के शिक्षकों ने बिना देर किए उसे नजदीकी अस्पताल पहुंचाया. हालांकि, तमाम कोशिशों के बावजूद बच्ची की जान नहीं बचाई जा सकी. बताया जा रहा है कि स्कूल के क्लासरूम में हुई यह घटना CCTV कैमरे में भी कैद हुई है.
पोस्टमार्टम से खुलेगा मौत का राज
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की. बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. शुरुआती जांच में फिलहाल किसी तरह की गड़बड़ी या फाउल प्ले सामने नहीं आया है. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है.
महज 9 साल की उम्र में बच्ची की अचानक मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है. स्कूल में भी इस घटना के बाद शोक का माहौल है. अब सभी की नजर पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर है, जिससे बच्ची की मौत की असली वजह सामने आ सकेगी.