
Xiaomi ने एंड्रॉयड टैबलेट मार्केट में पिछले कुछ सालों में काफी तेज़ी से अपनी पकड़ मजबूत की है. हाल ही में कंपनी ने Xiaomi Pad 8 लॉन्च किया है. मैं इस टैबलेट को पिछले कुछ समय से लगातार इस्तेमाल कर रहा हूं, जिसमें डेली वर्क, कंटेंट कंजम्प्शन, गेमिंग और प्रोडक्टिविटी शामिल है. इस रिव्यू में आपको इस टैबलेट के तमाम ऐस्पेक्ट्स पर बात करेंगे. बताएंगे कि ये खरीदने लायक है भी या नहीं.
Xiaomi Pad 8: डिजाइन और बिल्ड क्वालिटी
Xiaomi Pad 8 को हाथ में लेते ही सबसे पहले इसका प्रीमियम लुक और फील ध्यान खींचता है. बिल्ड क्वॉलिटी सॉलिड है. कंपनी ने इसमें एल्युमिनियम अलॉय यूनिबॉडी डिजाइन दिया है, जो इसे मजबूत और सॉलिड बनाता है.

बैक पैनल स्मूद है और मैट फिनिश के साथ आता है, जिससे फिंगरप्रिंट्स कम दिखाई देते हैं. फ्रेम फ्लैट है, जो आजकल के मॉडर्न डिजाइन ट्रेंड को फॉलो करता है, और इसे पकड़ना भी काफी आरामदायक लगता है. इसमें कीबोर्ड अटैच करना काफी आसान है, क्योंकि मैग्नेटिक सिस्टम है. ट्रैकपैड का भी फीडबैक इस सेग्मेंट के हिसाब से अच्छा है.
यह टैबलेट काफी पतला है और वजन भी बैलेंस्ड रखा गया है, जिससे लंबे समय तक इस्तेमाल करने पर हाथों में ज्यादा थकान महसूस नहीं होती. चाहे आप इसे सोफे पर बैठकर इस्तेमाल करें या बेड पर लेटकर, इसकी ग्रिप और फील दोनों ही अच्छे लगते हैं.
कैमरा मॉड्यूल पीछे की तरफ थोड़ा उभरा हुआ है, जिसमें सिंगल कैमरा सेटअप दिया गया है, लेकिन डिजाइन के हिसाब से यह क्लीन और मिनिमल लगता है.
पावर बटन और वॉल्यूम बटन की प्लेसमेंट सही जगह पर है और इनका फीडबैक भी अच्छा है. स्पीकर्स चारों तरफ दिए गए हैं, जो स्टीरियो आउटपुट के साथ आते हैं.

Xiaomi Pad 8: डिस्प्ले
Xiaomi Pad 8 में लगभग 11 इंच का बड़ा IPS LCD पैनल दिया गया है, जिसका रिजॉल्यूशन 3.2K के आसपास है और रिफ्रेश रेट 144Hz तक जाता है. इसका मतलब यह है कि स्क्रीन काफी शार्प और स्मूद दोनों लगती है. ऑन करते ही स्क्रीन भी आपको प्रीमियम महसूस होगी.
रियल लाइफ इस्तेमाल में चाहे आप वीडियो देख रहे हों, वेब ब्राउज़िंग कर रहे हों या गेम खेल रहे हों, स्क्रीन हर जगह अच्छा परफॉर्म करती है. कलर्स वाइब्रेंट हैं लेकिन ओवरसैचुरेटेड नहीं लगते, और ब्राइटनेस भी इतनी है कि इंडोर के साथ-साथ आउटडोर में भी स्क्रीन पढ़ने में ज्यादा दिक्कत नहीं होती.
Dolby Vision और HDR सपोर्ट की वजह से OTT प्लेटफॉर्म पर कंटेंट देखना एक अलग ही अनुभव देता है. लंबे समय तक वीडियो देखने के बाद भी आंखों पर ज्यादा जोर नहीं पड़ता.

Xiaomi Pad 8: परफॉर्मेंस
परफॉर्मेंस के मामले में Xiaomi Pad 8 मिक्स्ड बैग की तरह रहा. इसमें Qualcomm Snapdragon 8 सीरीज का चिपसेट दिया गया है, जो फ्लैगशिप लेवल का माना जाता है. साथ में 8GB या 12GB रैम और तेज़ UFS स्टोरेज मिलता है, जिससे ऐप्स जल्दी खुलते हैं और मल्टीटास्किंग स्मूद रहती है.
मेरे इस्तेमाल में, मैंने इस टैबलेट पर हैवी गेमिंग से लेकर मल्टीपल ऐप्स के बीच स्विच करना सब कुछ किया, और ज्यादातर समय यह बिना किसी लैग के काम करता रहा. हाई ग्राफिक्स गेम्स भी आसानी से चल जाते हैं और फ्रेम ड्रॉप बहुत कम देखने को मिलता है.
लंबे समय तक मल्टीटास्किंग और गेमिंग में ये थोड़ा गर्म होने लगता है. हीटिंग का मुद्दा भी बहुत बड़ा नहीं लगा, हालांकि लंबे गेमिंग सेशन के दौरान हल्की गर्माहट जरूर महसूस होती है, लेकिन यह नॉर्मल है और परफॉर्मेंस पर ज्यादा असर नहीं डालती.
Xiaomi Pad 8: कैमरा
टैबलेट में कैमरे का यूज लिमिटेड होता है. वीडियो कॉलिंग सबसे बड़ा यूजकेस है. क्योंकि मोबाइल की तरह इसे आप हर जगह ले जा कर फोटोज या वीडियोज नहीमं बना सकते हैं. इसलिए किसी टैबलेट में कैमरा उतना बड़ा फोकस नहीं होता. हालांकि Xiaomi ने यहां भी ठीक-ठाक काम किया है.

पीछे की तरफ 13 मेगापिक्सल का कैमरा दिया गया है, जो अच्छी लाइट में डिसेंट फोटो ले लेता है. डॉक्यूमेंट स्कैन करना हो या कभी-कभी फोटो क्लिक करनी हो, यह काम अच्छे से कर देता है. वीडियोज भी डिसेंट बन जाते हैं.
फ्रंट में 8 मेगापिक्सल का कैमरा है, जो वीडियो कॉलिंग और ऑनलाइन मीटिंग्स के लिए बेहतरीन है. खास बात यह है कि कैमरा की पोजिशन ऐसी है कि वीडियो कॉल के दौरान फ्रेमिंग सही रहती है, जो वर्क फ्रॉम होम या ऑनलाइन क्लासेस के लिए जरूरी है.
Xiaomi Pad 8: सॉफ्टवेयर
सॉफ्टवेयर की बात करें तो Xiaomi Pad 8 में एंड्रॉयड बेस्ड HyperOS दिया गया है, जिसे खास तौर पर बड़े स्क्रीन के लिए ऑप्टिमाइज किया गया है. मल्टीटास्किंग फीचर्स जैसे स्प्लिट स्क्रीन और फ्लोटिंग विंडो काफी काम के हैं.
मैंने इसे डेली वर्क प्रोडक्टिविटी के लिए यूज किया, जैसे डॉक्यूमेंट पढ़ना, नोट्स बनाना और वेब ब्राउज़िंग, और यहां इसका एक्सपीरिएंस काफी स्मूद रहा. हालांकि, कुछ जगहों पर अभी भी ऐप ऑप्टिमाइजेशन की कमी महसूस होती है, जो लगभग सभी एंड्रॉयड टैबलेट्स में देखने को मिलती है. प्री लोडेड ऐप्स कई बार मुश्किल का सबब बनते हैं.
स्टायलस और कीबोर्ड सपोर्ट इसे एक मिनी लैपटॉप जैसा बना देते हैं, लेकिन यह पूरी तरह से लैपटॉप रिप्लेसमेंट अभी भी नहीं बन पाता.

Xiaomi Pad 8: बैटरी
बैटरी के मामले में भी Xiaomi Pad 8 निराश नहीं करता. इसमें लगभग 9200mAh के बीच की बड़ी बैटरी दी गई है, जो आराम से दो दिन तक का बैकअप दे देती है. 45W फास्ट चार्जिंग सपोर्ट इसे जल्दी चार्ज कर देता है. अगर आप इसे नॉर्मल इस्तेमाल जैसे वीडियो देखना, ब्राउज़िंग और हल्का काम करने के लिए इस्तेमाल करते हैं, तो दो दिन चलेगा, वर्ना 1.5 दिन.
Xiaomi Pad 8: बॉटम लाइन
कुछ दिनों के इस्तेमाल के बाद यह कहना गलत नहीं होगा कि Xiaomi Pad 8 एक वेल बैलेंस्ड टैबलेट है. इसका डिस्प्ले शानदार है, परफॉर्मेंस दमदार है और डिजाइन प्रीमियम फील देता है. यह कंटेंट कंजम्प्शन के लिए बेहतरीन है और प्रोडक्टिविटी भी अच्छे से संभाल लेता है.
लेकिन अगर आप इसे पूरी तरह से लैपटॉप के ऑल्टरनेटिव के के रूप में देख रहे हैं, तो अभी इसमें थोड़ी कमी है, खासकर सॉफ्टवेयर ऑप्टिमाइजेशन के मामले में. फिर भी, अपने प्राइस सेगमेंट में यह एक मजबूत दावेदार है और ज्यादातर यूजर्स के लिए एक अच्छा ऑलराउंडर साबित हो सकता है.
आज तक रेटिंग: 8.5/10