
SanDisk ने हाल ही में भारतीय मार्केट में एक बेहद छोटा USB-C फ्लैश ड्राइव पेश किया था. रिव्यू के लिए हमने इसे यूज किया. 512GB वेरिएंट है, लेकिन साइज इतना की लैपटॉप में लगाने के बाद आप इसे भूल सकते हैं.
SanDisk Extreme Fit USB-C 512GB Flash Drive को पिछले कुछ समय से लगातार यूज करने के बाद हमारा जो एक्स्पीरिएंस रहा वो बताते हैं. पहले दिन से अब तक धीरे-धीरे यह मेरे सेटअप का एक जरूरी हिस्सा बन गया है.
ये नॉर्मल पेन ड्राइव से काफी अलग है. यह सिर्फ फाइल ट्रांसफर के लिए नहीं, बल्कि एक तरह से आपके लैपटॉप या फोन का एक्स्ट्रा स्टोरेज बन जाता है, जो हमेशा साथ रहता है.

SanDisk Extreme Fit USB-C: डिजाइन और बिल्ड
सबसे पहले बात इसके डिजाइन की. यह फ्लैश ड्राइव इतना छोटा है कि पहली नजर में ध्यान ही नहीं जाता. जब आप इसे लैपटॉप में लगाते हैं, तो यह बाहर बहुत कम निकलता है.
कई बार तो ऐसा लगता है कि यह लैपटॉप का ही हिस्सा है. यही इसकी सबसे बड़ी खासियत है. इसे बार-बार निकालने की जरूरत नहीं पड़ती. आप इसे लगा रहने दे सकते हैं और यह बिना किसी परेशानी के काम करता रहता है.
अगर आप MacBook, Windows लैपटॉप या किसी भी USB-C पोर्ट वाले सिस्टम का इस्तेमाल करते हैं, तो यह आराम से फिट हो जाता है. इसका प्लग एंड स्टे डिजाइन उन लोगों के लिए बहुत काम का है जो बार-बार पेन ड्राइव लगाना-निकालना पसंद नहीं करते.
बिल्ड क्वालिटी की बात करें तो यह छोटा जरूर है, लेकिन कमजोर नहीं लगता. इसका बॉडी मजबूत प्लास्टिक का है और रोज के इस्तेमाल में ठीक रहता है. हालांकि, इसका साइज इतना छोटा है कि अगर आप इसे निकालकर अलग रखेंगे तो खोने का डर बना रहता है. इसलिए इसे लगा रहने देना ही बेहतर है.

SanDisk Extreme Fit USB-C: फास्ट, लेकिन सुपर फास्ट नहीं
अब आते हैं इसके टेक्निकल पहलू पर, जिसे कंपनी ने काफी बैलेंस करके दिया है. इसमें USB 3.2 Gen 1 का सपोर्ट मिलता है, जिससे यह पुराने USB 2.0 ड्राइव्स के मुकाबले काफी तेज काम करता है. कंपनी करीब 400MB/s तक की रीड स्पीड का दावा करती है, जो इस साइज के डिवाइस के लिए अच्छा माना जाता है. इसे आप SSD का ऑल्टरनेटिव नहीं मान सकते हैं.
रियल लाइफ में अगर मैं अपने इस्तेमाल की बात करूं, तो बड़ी फाइल्स ट्रांसफर करते समय यह फर्क साफ दिखता है. मैंने इसमें 5GB से 10GB तक की वीडियो फाइल्स ट्रांसफर कीं. पुराने पेन ड्राइव जहां धीमे पड़ जाते थे, वहीं यह ड्राइव काफी स्मूद तरीके से काम करता है.

हालांकि राइट स्पीड उतनी हाई नहीं होती जितनी रीड स्पीड, लेकिन फिर भी रोजमर्रा के इस्तेमाल के लिए यह पर्याप्त है. यह SSD जैसा तेज नहीं है, लेकिन फ्लैश ड्राइव कैटेगरी में अच्छा प्रदर्शन करता है.
512GB स्टोरेज इसे और भी यूजफुल बनाता है. आज के समय में जहां वीडियो, फोटो और फाइल्स का साइज तेजी से बढ़ रहा है, वहां यह काफी काम आता है. आप इसमें मूवी कलेक्शन, ऑफिस फाइल्स, बैकअप और यहां तक कि बड़े प्रोजेक्ट्स भी आसानी से रख सकते हैं.
SanDisk Extreme Fit USB-C: मोबाइल से कंप्यूटर तक -- एक्स्ट्रा स्पेस
अगर आप इसे लैपटॉप में लगाकर रखते हैं, तो यह एक एक्स्ट्रा ड्राइव की तरह काम करता है. आप सीधे इसमें फाइल सेव कर सकते हैं. जैसे कि अगर आपका लैपटॉप 256GB या 512GB स्टोरेज वाला है और जल्दी भर जाता है, तो यह ड्राइव आपको बिना लैपटॉप खोले एक्स्ट्रा स्पेस दे देता है.
मैंने इसे खासकर वीडियो फाइल्स, एडिटिंग फुटेज और बैकअप के लिए इस्तेमाल किया. इससे लैपटॉप का स्टोरेज खाली रहता है और काम भी चलता रहता है.
अब मोबाइल यूज की बात करें तो यह और ज्यादा काम का हो जाता है. अगर आपके पास USB-C वाला एंड्रॉयड फोन है, तो आप इसे सीधे फोन में लगाकर इस्तेमाल कर सकते हैं. ये आईफोन के साथ भी काम करता है.

मैंने इसे फोन में लगाकर वीडियो और फोटो ट्रांसफर किए और यह बिना किसी दिक्कत के काम करता है. कई बार फोन का स्टोरेज भर जाता है, तब यह ड्राइव बहुत काम आता है. आप सीधे फाइल्स इसमें डाल सकते हैं या बैकअप ले सकते हैं.
SanDisk Extreme Fit USB-C: ऐप सपोर्ट
इसके साथ ऐप सपोर्ट भी मिलता है, जिससे आप फाइल्स को मैनेज कर सकते हैं और बैकअप ले सकते हैं. यह उन लोगों के लिए खास उपयोगी है जो अपने डेटा को सुरक्षित रखना चाहते हैं. गूगल प्ले स्टोर और ऐपल ऐप स्टोर से ऐप डाउनलोड कर सकते हैं.
ऐप इंटरफेस बेहतरीन और स्मूद है. कुछ प्रैक्टिकल फीचर्स भी हैं जिसे आप डेली यूज करेंगे, जबकि कुछ फीचर्स कभी-कभार यूज करने वाले हैं. स्मार्टफोन में फाइल मैनेजमेंट के लिए कई ऑप्शन्स दिए गए हैं. फाइल्स डायरेक्ट सेव होती हैं और आसानी कॉपी भी हो जाती हैं. मोबाइल से ड्राइव और ड्राइव से मोबाइल में फाइल कॉपी पेस्ट करना बेहद आसान है.
अपने फोन का बैकअप भी आप इस ड्राइव में ले सकते हैं. इसके लिए SanDisk के ऐप में बैकअप का ऑप्शन मिलेगा. इसे सेलेक्ट करने के बाद आपको परमिशन देनी होगी. जाहिर है ड्राइव फोन से कनेक्टेड होना चाहिए. बैकअप कंपलीट होने के बाद आप दूसरे फोन में इसे लगा कर वहां पूरा डेटा हासिल कर सकते हैं.
एक और चीज जो ध्यान देने लायक है, वह है इसका हमेशा लगा रहने वाला अनुभव. यह ऐसा डिवाइस है जिसे आप बार-बार निकालने के बजाय हमेशा कनेक्टेड रख सकते हैं. इससे काम आसान हो जाता है और यह एक मिनी एक्सटर्नल स्टोरेज जैसा महसूस होता है.
SanDisk Extreme Fit USB-C: लिमिटेशन्स क्या हैं?
पहली बात, इसका छोटा साइज जहां फायदा है, वहीं नुकसान भी बन सकता है. अगर यह अलग हो गया तो आसानी से खो सकता है. इसमें कोई लैनयार्ड लगाने का ऑप्शन नहीं है.
दूसरी बात, जब आप लंबे समय तक बड़े फाइल्स ट्रांसफर करते हैं, तो यह थोड़ा गर्म हो सकता है. हालांकि यह बहुत ज्यादा नहीं होता, लेकिन महसूस जरूर होता है.
तीसरी बात, अगर आप बहुत हाई-एंड काम करते हैं जैसे 4K वीडियो एडिटिंग या हैवी डेटा प्रोसेसिंग, तो आपको SSD ज्यादा बेहतर लगेगा. इससे आपका काम सही से नहीं हो पाएगा. कीमत की बात करें तो यह थोड़ा प्रीमियम कैटेगरी में आता है. लेकिन इसके डिजाइन, स्पीड और यूज को देखें, तो यह कीमत सही लगती है.
SanDisk Extreme Fit USB-C 512GB Flash Drive उन लोगों के लिए एक बढ़िया विकल्प है जो छोटा और पोर्टेबल स्टोरेज चाहते हैं. लैपटॉप और मोबाइल दोनों में इस्तेमाल करना चाहते हैं और ऐसा डिवाइस चाहते हैं जिसे बार-बार संभालना ना पड़े.
आज तक रेटिंग: 9/10