scorecardresearch
 

ग्लास्गो के रेस्टोरेंट ने लवलीना से मांगी माफी, गलत दिखाया था भारत का नक्शा

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में 10 मेडल जीतने वाली भारतीय मुक्केबाजी टीम के सम्मान में ग्लास्गो के रेस्टोरेंट में जश्न मनाया गया. इस दौरान ओलंपिक मेडल विनर लवलीना बोरगोहेन ने रेस्टोरेंट में भारत के नक्शे में पूर्वोत्तर के गायब होने और कश्मीर का हिस्सा गलत दिखाने पर आपत्ति जताई थी. अब रेस्टोरेंट ने अपनी गलती मानकर माफी मांगी है.

Advertisement
X
रेस्टोरेंट ने गलती सुधारने का भरोसा दिया है. (Photo- ITGD)
रेस्टोरेंट ने गलती सुधारने का भरोसा दिया है. (Photo- ITGD)

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में 10 मेडल जीतकर इतिहास रचने वाली भारतीय मुक्केबाजी टीम के सम्मान में ग्लास्गो के पॉपुलर रेस्टोरेंट 'मिस्टर सिंह्स इंडिया' में एक जश्न समारोह आयोजित किया गया था. इस दौरान ओलंपिक मेडल विनर मुक्केबाज लवलीना बोरगोहेन ने रेस्टोरेंट परिसर में लगे भारत के नक्शे में बड़ी चूक पकड़ी थी.

नक्शे से पूर्वोत्तर का हिस्सा गायब था और कश्मीर का हिस्सा भी गलत दिखाया गया था. लवलीना के विरोध के बाद रेस्टोरेंट मैनेजमेंट ने अपनी गलती मानी है. रेस्टोरेंट ने माफी मांगते हुए नक्शा बदलने का भरोसा दिया.

बता दें कि 'मिस्टर सिंह्स इंडिया' ग्लास्गो का एक बेहद पॉपुलर रेस्टोरेंट है, जहां अक्सर कई स्पोर्ट्स टीमें और गणमान्य व्यक्ति आते रहते हैं. ग्लास्गो CWG 2026 में 7 गोल्ड और 3 सिल्वर पदक जीतकर इतिहास रचने वाली भारतीय मुक्केबाजी टीम शनिवार को अपनी इस उपलब्धि का जश्न मनाने वहां पहुंची थी.

'नक्शे में पूर्वोत्तर गायब...'

असम से ताल्लुक रखने वाली लवलीना बोरगोहेन ने कॉमनवेल्थ गेम्स में 75 किग्रा वर्ग में सिल्वर मेडल जीता है. लवलीना ने एक मीडिया संस्थान से बात करते हुए बताया, 'हम एक भारतीय रेस्टोरेंट में खाना खा रहे थे, तभी कुछ लोगों ने मुझे बताया कि रेस्टोरेंट के नैपकिन और लोगो पर छपे भारत के नक्शे में पूर्वोत्तर गायब है और कश्मीर का हिस्सा भी सही नहीं है.'

Advertisement

लवलीना ने आगे कहा, 'मुझे ये देखकर बहुत बुरा लगा और मैंने मालिकों के सामने अपनी बात रखी. रेस्टोरेंट मालिकों ने सफाई दी कि ये ब्रिटिश नक्शा है, इसलिए इसमें पूर्वोत्तर नहीं दिख रहा था. उन्होंने इसके लिए माफी मांगी और भरोसा दिया कि वो इस नक्शे को बदल देंगे.'

सोशल मीडिया पर शेयर किए गए एक वीडियो में ओलंपिक ब्रॉन्ज विनर लवलीना ने बताया कि इस घटना से उन्हें व्यक्तिगत रूप से ठेस पहुंची. उन्होंने कहा, 'प्लीज इसे गलत तरीके से न लें, लेकिन इससे मुझे बहुत दुख हुआ. पूर्वोत्तर का नागरिक होने के नाते ये बात हमें वाकई बहुत तकलीफ देती है. मैं बस इतना ही कहना चाहती थी कि आगे से इस बात का ध्यान रखा जाए.'

यह भी पढ़ें: CWG 2026: मीराबाई से लेकर नीरज चोपड़ा तक, कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत का गोल्डन परफॉर्मेंस, देखें पदकवीरों की पूरी लिस्ट

इस समय मौजूद भारतीय मुक्केबाजी महासंघ (BFI) के अध्यक्ष अजय सिंह ने बताया कि रेस्टोरेंट मालिकों के साथ कोई विवाद नहीं हुआ. उन्होंने कहा, 'कोई विवाद या बहस नहीं हुई थी. नक्शे में गलती थी, जिसे लवलीना और मैंने उनके सामने उठाया. उन्होंने अपनी भूल स्वीकार कर ली है और इसे जल्द सुधारने का वादा किया है.'

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement