फ्रांस के कप्तान और स्टार फॉरवर्ड कीलियन एम्बाप्पे ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 में इतिहास रच दिया है. लगातार दो फीफा वर्ल्ड कप में गोल्डन बूट जीतने वाले कीलियन एम्बाप्पे दुनिया के पहले फुटबॉलर बन गए हैं. साल 2022 के दौरान कतर में खेले गए फीफा वर्ल्ड कप में भी कीलियन एम्बाप्पे के नाम ही गोल्डन बूट रहा था. अब साल 2026 में भी उन्होंने इस बड़ी उपलब्धि को अपने साथ जोड़े रखा है.
10 गोल दागकर तोड़ा दशकों पुराना रिकॉर्ड
कीलियन एम्बाप्पे ने मियामी में इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए तीसरे स्थान के मुकाबले में 2 शानदार गोल दागे थे. हालांकि, इस रोमांचक मैच में फ्रांस को 6-4 से हार का सामना करना पड़ा, लेकिन एम्बाप्पे के इन दो गोलों ने उनके कुल गोलों की संख्या 10 तक पहुंचा दी. ऐसी उम्मीद थी कि फाइनल में लियोनेल मेसी एम्बाप्पे को पछाड़ गोल्डन बूट अपने नाम कर लेंगे. लेकिन ऐसा नहीं हो सका.
Kylian Mbappé is the top goalscorer in @FIFAWorldCup history! 👏⭐️ pic.twitter.com/9VfkLCTUXx
— FIFA (@FIFAcom) July 19, 2026
टूर्नामेंट में कैसा रहा एम्बाप्पे का सफर?
एम्बाप्पे पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन फॉर्म में नजर आए. उन्होंने इस दौरान फ्रांस के लिए ऑल-टाइम टॉप स्कोरर बनने का कीर्तिमान भी अपने नाम किया. एम्बाप्पे सेनेगल के खिलाफ दो गोल दागकर टूर्नामेंट में अपना खाता खोला और इराक के खिलाफ भी 2 गोल किए. इसके अलावा उन्होंने स्वीडन के खिलाफ 2 गोल और पराग्वे के खिलाफ पेनल्टी के जरिए विनिंग गोल किया. वहीं क्वार्टर फाइनल में मोरक्को के खिलाफ 2-0 की जीत में पहला गोल दागा. जबकि ब्रॉन्ज मेडल मैच में इंग्लैंड के खिलाफ हार के बावजूद 2 गोल दागे.
एम्बाप्पे के नाम दर्ज हुई बड़ी उपलब्धि
सेमीफाइनल में स्पेन के हाथों फ्रांस को जरूर 2-0 से हार मिली, लेकिन पूरे टूर्नामेंट में एम्बाप्पे का जादू सिर चढ़कर बोला. गोल्डन बूट की रेस में एम्बाप्पे का मुकाबला अर्जेंटीना के दिग्गज लियोनेल मेसी से था. मेसी ने इस टूर्नामेंट में 8 गोल किए और वह दूसरे स्थान पर रहे, जबकि इंग्लैंड के जूड बेलिंगम 7 गोल के साथ तीसरे स्थान पर रहे. इतना ही नहीं एम्बाप्पे अब वर्ल्ड कप इतिहास के सबसे अधिक गोल करने वाले खिलाड़ी भी बन गए हैं.