कोच्चि के जवाहर लाल नेहरु स्टेडियम में भारतीय फुटबॉल टीम के साथ एक अजीबोगरीब स्थिति देखने को मिली, जब टीम के हेड कोच खालिद जमील (Khalid Jamil) और कुछ खिलाड़ियों को स्टेडियम में प्रवेश से रोक दिया गया. यह घटना उस समय हुई जब टीम को एएफसी एशियन कप 2027 क्वालिफायर के तहत हॉन्ग कॉन्ग के खिलाफ अपने घरेलू मुकाबले से पहले मीडिया से बातचीत करनी थी.
गुरुवार दोपहर 3 बजे प्रस्तावित प्री-मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस इसी वजह से रद्द करनी पड़ी. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह स्थिति इसलिए बनी क्योंकि केरला फुटबॉल एसोसिएशन (KFA) ने स्टेडियम का संचालन करने वाली स्थानीय एजेंसी के पास आवश्यक सिक्योरिटी डिपॉजिट जमा नहीं किया था.
इस पूरे मामले पर ऑल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन (AIFF) ने सफाई देते हुए कहा कि मैच अपने तय शेड्यूल के अनुसार ही खेला जाएगा. AIFF ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बयान जारी कर भरोसा जताया कि KFA जल्द ही सभी औपचारिकताएं पूरी कर लेगा.
इस घटना ने भारतीय फुटबॉल प्रशासन पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं. हाल ही में महिला एशियन कप के दौरान भारतीय महिला टीम को छोटे साइज की जर्सी मिलने का मामला भी सामने आया था, जिसके बाद काफी आलोचना हुई थी.
गौरतलब है कि भारतीय पुरुष टीम एशियन कप 2027 क्वालिफायर में अपने ग्रुप में सबसे नीचे रही और पहले ही टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी है. इसके बावजूद 31 मार्च को कोच्चि में हॉन्ग कॉन्ग के खिलाफ अंतिम मुकाबला खेला जाना है, जो शाम 7 बजे से शुरू होगा.
यह भी दिलचस्प है कि लगभग 10 साल बाद कोच्चि में भारतीय टीम कोई अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेलने जा रही है. इससे पहले मार्च 2016 में टीम ने यहां तुर्केमेनिस्तान के खिलाफ फीफा वर्ल्ड कप क्वालिफायर मैच खेला था.
AIFF Statement. pic.twitter.com/WazEBncs8i
— Indian Football (@IndianFootball) March 26, 2026
यह पहला मौका नहीं है जब इस स्टेडियम के प्रबंधन को लेकर विवाद हुआ हो. इससे पहले केरला ब्लास्टर FC की प्रेस कॉन्फ्रेंस भी बाधित हुई थी, जब कोच डेविड कटाला और खिलाड़ी रोलिन बोर्ग्स को मीडिया रूम खाली करने को कहा गया था.
फिलहाल AIFF को उम्मीद है कि सभी प्रशासनिक अड़चनें जल्द दूर हो जाएंगी और मुकाबला तय समय पर आयोजित किया जाएगा.
AIFF की आई पूरे मामले पर सफाई, जानें क्या कहा
AIFF ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए पूरे मामले की सफाई दी, जिसमें कहा गया- एएफसी एशियन कप 2027 क्वालिफायर का भारत vs हांगकांग मैच, जो कोच्चि में होना है, तय समय पर ही होगा. AIFF लगातार केरल फुटबॉल एसोसिएशन (KFA) के साथ मिलकर स्टेडियम की तैयारियों पर काम कर रहा है.
उन्हें भरोसा है कि सभी जरूरी कागजी और प्रशासनिक काम समय पर पूरे हो जाएंगे. प्लान के मुताबिक, 29 मार्च मैच से 2 दिन पहले स्टेडियम मैच टीम के कंट्रोल में आ जाएगा. AIFF को उम्मीद है कि तय समय सीमा में सारी तैयारियां पूरी कर ली जाएंगी. कुल मिलाकर मैच को लेकर कोई खतरा नहीं है, सब कुछ प्लान के मुताबिक चल रहा है.