दिल्ली कैपिटल्स (DC) के पास पिछले कुछ निराशाजनक नतीजों पर ज्यादा सोचने का वक्त नहीं है, क्योंकि टीम को शुक्रवार को इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में आत्मविश्वास से लबरेज राजस्थान रॉयल्स (RR) का सामना करना है. दिल्ली कैपिटल्स (Delhi Capitals) के लिए यह मुकाबला किसी परीक्षा से कम नहीं होगा, जहां एक ओर फॉर्म में चल रही राजस्थान रॉयल्स ( Rajasthan Royals) है तो दूसरी ओर लय की तलाश में भटकती दिल्ली.
आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स और दिल्ली कैपिटल्स की टक्कर के बीच एक दिलचस्प मुकाबला अलग से आकार ले रहा है. जयपुर में वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Suryavanshi) बनाम मिचेल स्टार्क (Mitchell Starc)... यह सिर्फ बल्लेबाज और गेंदबाज की भिड़ंत नहीं, बल्कि निडर युवा जोश और विश्वस्तरीय अनुभव की सीधी टक्कर है.
The wait ends here ⏱️🔥 pic.twitter.com/ZrsFCiJzUM
— Delhi Capitals (@DelhiCapitals) April 30, 2026
इस आईपीएल में 15 साल के सूर्यवंशी ने विदेशी तेज गेंदबाजों के खिलाफ बेखौफ बल्लेबाजी करते हुए अलग पहचान बनाई है. उन्होंने रफ्तार और उछाल से भरे स्पेल को न सिर्फ झेला, बल्कि उसे अटैक में बदल दिया.
पैट कमिंस (Pat Cummins), ट्रेंट बोल्ट (Trent Boult), लोकी फर्ग्यूसन (Lockie Ferguson), जोश हेजलवुड (Josh Hazlewood)... जैसे विदेशी दिग्गजों के खिलाफ भी वैभव ने खुलकर शॉट खेले और बाउंड्री-छक्कों से दबाव पलट दिया...यही कारण है कि अब मिचेल स्टार्क के खिलाफ उनकी यह भिड़ंत और भी दिलचस्प हो गई है, जहां एक ओर अनुभव है तो दूसरी तरफ निडरता.
दिल्ली के लिए इस मैच में सबसे बड़ी उम्मीद स्टार्क से है. टीम की गेंदबाजी पूरे सीजन लड़खड़ाती रही है, ऐसे में नई गेंद से स्टार्क का असर ही मैच का रुख तय कर सकता है. दूसरी ओर वैभव ने अपने बेखौफ अंदाज से पावरप्ले में तेजी से रन बटोरने की पहचान बनाई है.
पावरप्ले में असली परीक्षा
मैच की दिशा काफी हद तक शुरुआती ओवरों में ही तय हो सकती है. स्टार्क अपनी रफ्तार और स्विंग के दम पर शुरुआत में ही विकेट झटकने के लिए जाने जाते हैं. खासकर उनकी इन-स्विंगिंग गेंदें दाएं हाथ के बल्लेबाजों के लिए मुश्किल खड़ी करती हैं.
वहीं, वैभव की रणनीति साफ रहती है- पहले ही मौके से गेंदबाज पर दबाव बनाना. अगर वह स्टार्क के शुरुआती स्पेल को झेलने की बजाय पलटवार करने में सफल रहते हैं, तो दिल्ली की मुश्किलें बढ़ सकती हैं.
𝘉𝘢𝘤𝘬 𝘵𝘰 𝘣𝘶𝘴𝘪𝘯𝘦𝘴𝘴 at SMS 🍿💗 pic.twitter.com/i7jOzrxCTn
— Rajasthan Royals (@rajasthanroyals) May 1, 2026
दिल्ली चाहेगी कि स्टार्क ऑफ स्टंप के बाहर एंगल बनाकर वैभव को ड्राइव के लिए उकसाएं और गलती करवाएं. दूसरी तरफ, वैभव को अपनी शॉट सिलेक्शन पर संयम रखना होगा, क्योंकि एक गलत शॉट उन्हें पवेलियन भेज सकता है.
यह जंग सिर्फ रन और विकेट की नहीं, बल्कि माइंड गेम की भी है. अगर वैभव शुरुआती दबाव झेल गए, तो राजस्थान को तेज शुरुआत मिल सकती है... लेकिन अगर स्टार्क अपनी लय में आ गए, तो दिल्ली मुकाबले में मजबूत पकड़ बना सकती है. एक बात तय है- इस मिनी बैटल का असर पूरे मैच पर पड़ना तय है.