वैभव सूर्यवंशी और श्रीलंका ए के खिलाड़ियों के बीच दांबुला में हुए विवाद ने क्रिकेट जगत का ध्यान खींचा है. इस पूरे मामले पर भारत के स्पिन गेंदबाजी कोच सैराज बहुतुले ने पहली बार खुलकर प्रतिक्रिया दी है. उनका मानना है कि 15 वर्षीय बल्लेबाज आमतौर पर बेहद शांत स्वभाव का है और यह समझना मुश्किल है कि आखिर उसे किस बात ने इतना नाराज कर दिया.
अफगानिस्तान ए के खिलाफ होने वाले मुकाबले की पूर्व संध्या पर बहुतुले ने लखनऊ में कहा कि यह घटना दुर्भाग्यपूर्ण थी, लेकिन वैभव को करीब से जानने वाले लोग जानते हैं कि वह संयमित और समझदार खिलाड़ी है.
उन्होंने कहा- यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना थी. हमें नहीं पता कि उसे किस तरह उकसाया गया क्योंकि मैं वैभव को जानता हूं और वह बहुत शांत स्वभाव का लड़का है. मुझे पूरा भरोसा है कि वहां मौजूद अनुभवी कोच उसे सही मार्गदर्शन देंगे.
बहुतुले ने सिर्फ अपने खिलाड़ी का बचाव ही नहीं किया, बल्कि श्रीलंका ए टीम के खिलाड़ियों के व्यवहार पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि मैदान पर खिलाड़ियों को मर्यादा बनाए रखनी चाहिए और श्रीलंकाई खिलाड़ियों को भी अपने व्यवहार के प्रति जागरूक किया जाना चाहिए.
भारत की अंडर-19 टीमों और बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में वैभव के साथ काम कर चुके बहुतुले ने कहा कि इतनी कम उम्र में देश का प्रतिनिधित्व करना बड़ी जिम्मेदारी है और युवा बल्लेबाज इस अनुभव से सीख लेगा.
उन्होंने कहा- वह अभी बहुत युवा है और भारत का प्रतिनिधित्व कर रहा है. मुझे पूरा विश्वास है कि वह इस घटना से सबक लेगा और भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा नहीं बनेगी.
कैसे हुआ वैभव सूर्यवंशी का विवाद
यह पूरा विवाद सोमवार को श्रीलंका ए और भारत ए के बीच खेले गए रोमांचक मुकाबले के बाद सामने आया. मैच सुपर ओवर तक पहुंचा, जहां श्रीलंका ए ने भारत ए को हराकर जीत दर्ज की.
🚨 SRI LANKAN PLAYER FINED AFTER FIGHT WITH VAIBHAV SURYAVANSHI 🚨
— Ajay Jadeja (@AjayJadeja171) June 16, 2026
- Vishen Halambage has been fined by match referee Pradeep Jeyapragash following his on-field spat with Vaibhav Sooryavanshi after the match 😯 pic.twitter.com/F2d38dlabE
जीत के बाद श्रीलंका ए के खिलाड़ी जोश में जश्न मना रहे थे, जबकि वैभव सूर्यवंशी और सूर्यांश शेडगे पवेलियन की ओर लौट रहे थे. इसी दौरान मैदान पर तनावपूर्ण माहौल बन गया.
टेलीविजन फुटेज में देखा गया कि वैभव काफी नाराज नजर आ रहे थे और उन्होंने श्रीलंकाई स्पिनर विशेन हलामबागे को धक्का दे दिया. मामला बढ़ता देख अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज निरोशन डिकवेला बीच में आए और दोनों पक्षों को अलग किया.
रिपोर्ट्स के मुताबिक सुपर ओवर के दौरान भारतीय बल्लेबाज को रोकने के बाद गेंदबाज और कुछ फील्डरों की ओर से किए गए कमेंट्स इस बखेड़े की वजह बना. हालांकि आधिकारिक तौर पर यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मैदान पर आखिर क्या कहा गया था.
मैच खत्म होने के बाद वैभव बेहद निराश और हताश दिखाई दिए. कम रोशनी के बीच लक्ष्य का पीछा करने में नाकाम रहने के बाद उनकी नाराजगी साफ तौर पर देखी जा सकती थी.
अब सभी की नजरें इस बात पर होंगी कि युवा बल्लेबाज इस घटना को पीछे छोड़कर मैदान पर अपने प्रदर्शन से जवाब देता है या नहीं. भारत ए टीम बुधवार को अफगानिस्तान ए के खिलाफ अहम मुकाबले में उतरेगी, जहां जीत उसकी प्राथमिकता होगी.