IPL 2026 का खिताब जीतने वाली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए अगले सीजन से पहले एक झटका लगा है. टीम के स्टार बल्लेबाज टिम डेविड IPL 2027 का पहला मैच नहीं खेल पाएंगे. IPL ने उन्हें एक मैच के लिए सस्पेंड कर दिया है. यह कार्रवाई गुजरात टाइटंस के खिलाफ खेले गए IPL 2026 फाइनल के दौरान हुई एक घटना के बाद की गई है, जब डेविड ने अंपायर नितिन मेनन की तरफ आइस बैग फेंक दिया था.
सोमवार को IPL की ओर से जारी बयान में बताया गया कि टिम डेविड पर उनकी मैच फीस का 50 फीसदी जुर्माना लगाया गया है. इसके साथ ही उन्हें दो डिमेरिट पॉइंट भी दिए गए हैं. ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज को IPL आचार संहिता के आर्टिकल 2.9 के उल्लंघन का दोषी पाया गया. इस नियम के तहत मैच के दौरान किसी खिलाड़ी, अंपायर, टीम अधिकारी या किसी अन्य व्यक्ति की तरफ क्रिकेट उपकरण या कोई दूसरी चीज अनुचित तरीके से फेंकना अपराध माना जाता है.
फाइनल के दौरान हुई थी घटना
यह मामला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए IPL 2026 फाइनल का है. पहली पारी के 10वें ओवर में विकेट गिरने के बाद टिम डेविड ने अंपायर नितिन मेनन की तरफ आइस बैग फेंका था. IPL ने इसे अनुशासनहीन व्यवहार माना और बाद में कार्रवाई की. टिम डेविड ने अपनी गलती स्वीकार कर ली है. उन्होंने मैच रेफरी जवागल श्रीनाथ की ओर से दी गई सजा को भी मान लिया. इसी वजह से मामले को लेकर आगे किसी सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी.
बैन लगने का पूरा गणित समझिए
आम क्रिकेट फैंस के मन में यह सवाल होगा कि इस स्तर की गलती पर सीधे एक मैच का प्रतिबंध क्यों लगा? इसकी वजह डेमेरिट पॉइंट्स का नियम है. दरअसल, इस पूरे सीजन में टिम डेविड की यह तीसरी गलती थी. इससे पहले टूर्नामेंट के मैच नंबर 20 में उन्हें एक डेमेरिट अंक मिला था. इसके बाद मैच नंबर 54 में उन्हें दो और अंक दिए गए थे.
अब फाइनल की इस गलती के दो अंकों को मिलाकर उनके कुल पांच डेमेरिट पॉइंट्स हो गए हैं. नियम के मुताबिक, जैसे ही किसी खिलाड़ी के पांच डेमेरिट अंक पूरे होते हैं, उस पर अपने-आप एक मैच का निलंबन लागू हो जाता है.
इस सजा का असर सीधे आईपीएल 2027 के पहले मैच पर पड़ेगा. कड़े नियमों के तहत अगर टिम डेविड अगले साल बेंगलुरु की टीम का हिस्सा रहते हैं, तो वे पहले मैच में चयन के लिए उपलब्ध नहीं होंगे. यही नहीं, यदि वे किसी दूसरी फ्रेंचाइजी की तरफ से भी मैदान पर उतरते हैं, तो भी उन्हें उस नई टीम के पहले मुकाबले में बाहर ही बैठना पड़ेगा. आरसीबी के लिए जहां चैंपियन बनने का बड़ा जश्न है, वहीं उनके इस मुख्य बल्लेबाज पर लगे बैन ने अगले सीजन की शुरुआत को थोड़ा फीका जरूर कर दिया है.