scorecardresearch
 

'150 करोड़ लोगों का दबाव…', भारत-न्यूजीलैंड फाइनल पर शोएब अख्तर की भविष्यवाणी

भारतीय टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ खिताबी मुकाबले में जीत हासिल कर इतिहास रचना चाहेगी. अब तक कोई भी टीम बैक टू बैक टी20 वर्ल्ड कप नहीं जीत पाई है. साथ ही किसी मेजबान टीम ने अब तक टी20 वर्ल्ड कप नहीं जीता है.

Advertisement
X
भारत-न्यूजीलैंड के बीच फाइनल होना है. (Photo: BCCI)
भारत-न्यूजीलैंड के बीच फाइनल होना है. (Photo: BCCI)

भारत और न्यूजीलैंड के बीच आईसीसी पुरुष टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताबी मुकाबला खेला जाना है. 8 मार्च (रविवार) को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होने वाले इस फाइनल से पहले पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने बड़ा बयान दिया है. अख्तर का मानना है कि न्यूजीलैंड के खिलाफ खिताबी मुकाबले में भारत पर डेढ़ अरब (150 करोड़) लोगों के सपनों का दबाव होगा.

भारतीय टीम को मौजूदा टी20 वर्ल्ड कप में इकलौती हार नरेंद्र मोदी स्टेडियम में ही साउथ अफ्रीका के खिलाफ मिली थी. इससे पहले इसी मैदान पर भारत को क्रिकेट वर्ल्ड कप 2023 के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया से हार का सामना करना पड़ा था. शोएब अख्तर का कहना है कि उस हार की यादें और घरेलू दर्शकों की उम्मीदें भारतीय टीम पर दबाव बढ़ा सकती हैं. उन्होंने कहा कि अगर अहमदाबाद की पिच स्पिन गेंदबाजों को मदद करती है तो इस मैच में 175 से 200 रन का स्कोर काफी अहम साबित हो सकता है.

यह भी पढ़ें: 'दिल तोड़ने भी पड़े तो...', न्यूजीलैंड के कप्तान ने टीम इंडिया को दी वॉर्निंग, याद आ गए पैट कमिंस

शोएब अख्तर ने टैपमैड के शो 'गेम ऑन है' पर कहा, "अगर पिच स्पिनरों को मदद देती है तो 175 से 200 रन का स्कोर अच्छा माना जाएगा. लेकिन अगर न्यूजीलैंड 225 या 250 तक पहुंच जाता है तो भारत पर काफी दबाव आ जाएगा. भारत पूरी तैयारी के साथ उतरेगा, लेकिन उन पर 1.5 अरब लोगों का दबाव भी होगा. भारत इस मैच में मजबूत दिख रहा है, लेकिन क्रिकेट के लिहाज से अब समय आ गया है कि न्यूजीलैंड भी कोई बड़ा आईसीसी खिताब जीते."

Advertisement

पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज उमर गुल ने न्यूजीलैंड को मजबूत टीम बताया. उनका मानना है कि कीवी टीम का गेंदबाजी आक्रमण काफी मजबूत है और भारत घरेलू दबाव में आ सकता है. गुल ने कहा कि न्यूजीलैंड हाल ही में भारत में टेस्ट सीरीज जीत चुका है और उसे यहां की परिस्थितियों का अच्छा अनुभव है, ऐसे में फाइनल मुकाबला बेहद दिलचस्प होने वाला है.

यह भी पढ़ें: T20 वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड से कभी नहीं जीता भारत, एक बार फिर 'कीवी चैलेंज', सूर्या ब्रिगेड बदलेगी इतिहास?

न्यूजीलैंड के ऑलराउंडर ग्लेन फिलिप्स ने भी भारत की ताकत को स्वीकार किया. उन्होंने कहा कि भारत के पास प्रतिभा की कोई कमी नहीं है और वहां से कई मजबूत टीमें बनाई जा सकती हैं. फिलिप्स ने कहा कि न्यूजीलैंड की आबादी कम है, इसलिए उन्हें सीमित खिलाड़ियों में से टीम चुननी पड़ती है, जबकि भारत के पास बेहद बड़ा टैलेंट पूल है.

अब देखना दिलचस्प होगा कि रविवार को होने वाले फाइनल में सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली भारतीय टीम दबाव को संभालकर लगातार दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप खिताब जीतती है या न्यूजीलैंड इतिहास रचने में सफल होता है...

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement