उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले में पारिवारिक विवाद ने एक किशोरी की जान ले ली. सहावर थाना क्षेत्र के नगला चौबे गांव में 17 साल की युवती की कथित तौर पर उसकी भाभी द्वारा की गई पिटाई के बाद मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.
पुलिस के मुताबिक, मृतका की पहचान ज्योति कुमारी के रूप में हुई है. बुधवार को घर में किसी पारिवारिक मुद्दे को लेकर ज्योति और उसकी भाभी मनु के बीच कहासुनी हो गई थी. बताया जा रहा है कि दोनों के बीच विवाद धीरे-धीरे बढ़ता गया और देखते ही देखते मामला हिंसक झड़प में बदल गया.
आरोप है कि गुस्से में आकर मनु ने घर में रखे डंडे से ज्योति पर कई वार कर दिए. सिर पर गंभीर चोट लगने से किशोरी लहूलुहान होकर गिर पड़ी. शोर सुनकर परिवार के अन्य सदस्य और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल ज्योति को तत्काल सहावर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया.
हालांकि अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई भी की.
मृतका के पिता दिनेश चंद्र सहावर कस्बे के मुख्य चौराहे पर होमगार्ड के पद पर तैनात हैं. घटना के समय वह ड्यूटी पर थे. बेटी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. गांव में भी इस घटना को लेकर शोक और आक्रोश का माहौल है.
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश सिंह भी मौके पर पहुंचे. उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिवार के सदस्यों, ग्रामीणों तथा आरोपी महिला से पूछताछ की. पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा प्रतीत होता है, लेकिन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.
पुलिस ने आरोपी मनु को हिरासत में ले लिया है. अधिकारियों के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है और पुलिस घटना के हर पहलू को खंगाल रही है.