
भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह और पंजाबी एक्ट्रेस समरीन कौर के रिश्ते को लेकर सोशल मीडिया पर इन दिनों काफी चर्चा हो रही है. इस कपल को फैन्स बहुत पसंद करते हैं, लेकिन कुछ यूजर्स की वजह से समरीन कौर को ट्रोल्स का सामना भी करना पड़ता है.
कुछ ट्रोल्स ने समरीन पर यह घटिया आरोप लगाना शुरू कर दिया कि वह सिर्फ फेम और पैसों के लिए अर्शदीप को डेट कर रही हैं. इन बेसिर-पैर की बातों से तंग आकर आखिरकार समरीन कौर का गुस्सा फूट पड़ा है. उन्होंने सोशल मीडिया पर एक लंबा-चौड़ा पोस्ट लिखकर ट्रोल्स की बोलती बंद कर दी है.
अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक स्टोरी शेयर करते हुए समरीन कौर ने समाज और सोशल मीडिया के दोहरे रवैये पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने लिखा कि लोगों की मानसिकता इतनी अजीब है कि अगर आप अपने पार्टनर को छुपा कर रखें तो लोग कहते हैं कि आप उन पर गर्व महसूस नहीं करतीं.
वहीं अगर आप अपने प्यार का खुलकर इजहार करें तो लोगों को लगता है कि आप यह सब सिर्फ पब्लिसिटी और फेम के लिए कर रही हैं. ट्रोल्स को करारा जवाब देते हुए समरीन ने साफ किया कि उन्हें किसी के पैसों या फेम की कोई जरूरत नहीं है.
उन्होंने बताया कि वह 17 साल की उम्र से आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर हैं और उन्होंने अपनी मेहनत के दम पर अपनी जिंदगी बनाई है. बचपन से ही वह खुद अपनी लाइफस्टाइल का खर्च उठाने में सक्षम रही हैं, जिसके लिए वह ईश्वर का शुक्रिया अदा करती हैं.

समरीन ने अर्शदीप सिंह की तारीफ करते हुए कहा कि वह खुद को बहुत खुशकिस्मत मानती हैं कि उन्हें ऐसा हमसफर मिला है, जो उन्हें पूरी तरह समझता है. उन्होंने कहा कि वह आगे भी अपने और अर्शदीप के बारे में सोशल मीडिया पर पोस्ट करती रहेंगी, क्योंकि यह उनकी अपनी जिंदगी है. अगर किसी को उनकी ये बातें या तस्वीरें पसंद नहीं हैं तो वे बेझिझक उन्हें अनफॉलो कर सकते हैं.
एक्ट्रेस ने खासतौर पर इस बात पर दुख जताया कि महिलाएं ही अक्सर दूसरी महिलाओं को नीचा दिखाने का काम करती हैं. उन्होंने चेतावनी दी कि उनकी या उनकी टीम की नजर में जो भी शख्स अपनी निजी फ्रस्ट्रेशन या नफरत निकालने आएगा, उसे तुरंत ब्लॉक कर दिया जाएगा. समरीन ने अपनी बात खत्म करते हुए लोगों से अपील की कि वे उनकी पर्सनल लाइफ में दखल न दें और उन्हें चैन से जीने दें.