scorecardresearch
 

उपकप्तानी जाने से ऋषभ पंत नाराज? भारतीय कोच ने खोला राज, बैटिंग को लेकर भी दी अहम सलाह

टीम इंड‍िया के अस‍िस्टें कोच रयान टे डोशेट ने कहा है कि ऋषभ पंत को मैच की परिस्थितियों के मुताबिक अपनी बल्लेबाजी में बदलाव करना होगा. उन्होंने साफ किया कि टेस्ट उपकप्तानी हटाए जाने को लेकर पंत ने कोई शिकायत नहीं की. अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट से पहले कोच ने कहा कि नेतृत्व के लिए पद नहीं, बल्कि मैदान पर सही फैसले लेना ज्यादा महत्वपूर्ण है.

Advertisement
X
मैच पढ़ो, फिर खेलो' ऋषभ पंत को टीम इंडिया के असिस्टेंट कोच की सख्त सलाह (Photo: PTI)
मैच पढ़ो, फिर खेलो' ऋषभ पंत को टीम इंडिया के असिस्टेंट कोच की सख्त सलाह (Photo: PTI)

अफगानिस्तान के खिलाफ शनिवार से शुरू होने वाले एकमात्र टेस्ट मैच से पहले भारतीय टीम के सहायक कोच रयान टेन डोशेट ने ऋषभ पंत को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि पंत टीम के अहम खिलाड़ी हैं, लेकिन उन्हें मैच की परिस्थितियों के अनुसार अपनी बल्लेबाजी को ढालने की जरूरत है. 

टेन डोशेट ने स्पष्ट किया कि नेतृत्व केवल किसी पद से नहीं आता और टीम को ऐसे खिलाड़ियों की जरूरत है जो बिना किसी आधिकारिक जिम्मेदारी के भी आगे बढ़कर नेतृत्व करें. उन्होंने कहा- लीडर बनने के लिए किसी औपचारिक पद की जरूरत नहीं होती. हम चाहते हैं कि ऋषभ पंत मैच की स्थिति के मुताबिक अपना खेल खेलें और सही फैसले लें. 

ऋषभ उपकप्तान के पद से हटने से थे न‍िराश?
पिछले महीने बीसीसीआई ने अफगानिस्तान टेस्ट के लिए भारतीय टीम की घोषणा की थी. इस दौरान ऋषभ पंत को टेस्ट टीम के उपकप्तान पद से हटा दिया गया था और यह जिम्मेदारी केएल राहुल को सौंपी गई थी  इस फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए टेन डोशेट ने कहा कि पंत ने इसे पूरी तरह पेशेवर तरीके से लिया. 

उन्होंने कहा- उपकप्तानी हटाए जाने को लेकर ऋषभ पंत की ओर से कोई शिकायत नहीं आई. पंत का टेस्ट करियर अब तक शानदार रहा है. बाएं हाथ के विकेटकीपर-बल्लेबाज ने 49 टेस्ट मैचों में 3,476 रन बनाए हैं और उनका एवरेज 42.91 का रहा है. अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के दम पर उन्होंने भारत को कई यादगार जीत दिलाई हैं. हालांकि कई मौकों पर उन्हें जरूरत से ज्यादा जोखिम लेने और गैर-जिम्मेदाराना शॉट खेलने के लिए आलोचना का सामना भी करना पड़ा है. 

Advertisement

हाल ही में साउथ अफ्रीका के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज में पंत का प्रदर्शन निराशाजनक रहा था. उन्होंने चार पारियों में सिर्फ 49 रन बनाए और उनका एवरेज 2.25 रहा.  ऐसे में अफगानिस्तान टेस्ट में उनकी बल्लेबाजी पर भी खास नजर रहेगी. 

उपकप्तानी की जिम्मेदारी भले ही अब उनके पास नहीं है, लेकिन पंत अफगानिस्तान के खिलाफ भारत की 15 सदस्यीय टेस्ट टीम का महत्वपूर्ण हिस्सा बने हुए हैं.  इस मैच में भारतीय टीम की कप्तानी शुभमन गिल करेंगे, जबकि केएल राहुल उपकप्तान की भूमिका निभाएंगे. 

भारत की टेस्ट टीम: शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल (उपकप्तान), साई सुदर्शन, ऋषभ पंत, देवदत्त पडिक्कल, नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, मानव सुथार, गुरनूर बरार, हर्ष दुबे और ध्रुव जुरेल. 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement