scorecardresearch
 

Rinku Singh's father dies : तंग गलियों से टीम इंडिया तक पहुंचाने वाला सहारा छूटा, रिंकू सिंह के पिता के निधन पर खेल जगत ने जताया दुख

अलीगढ़ की तंग गलियों से निकलकर टीम इंडिया की जर्सी तक पहुंचने वाले क्रिकेटर रिंकू सिंह के पिता खानचंद सिंह का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया. वे एडवांस स्टेज लीवर कैंसर से जूझ रहे थे और शुक्रवार तड़के ग्रेटर नोएडा के यथार्थ अस्पताल में अंतिम सांस ली.

Advertisement
X
अलीगढ़ की गलियों से अंतरराष्ट्रीय मंच तक रिंकू सिंह.... (Photo, PTI)
अलीगढ़ की गलियों से अंतरराष्ट्रीय मंच तक रिंकू सिंह.... (Photo, PTI)

अलीगढ़ की गलियों से निकलकर टीम इंडिया की जर्सी तक पहुंचने वाले रिंकू सिंह के जीवन में शुक्रवार की सुबह ऐसा सन्नाटा लेकर आई, जिसे कोई शोर, कोई स्टेडियम, कोई तालियां भर नहीं सकतीं. उनके पिता खानचंद सिंह अब इस दुनिया में नहीं रहे.

ग्रेटर नोएडा के यथार्थ अस्पताल की आईसीयू में वेंटिलेटर की आवाजों के बीच एक पिता जिंदगी से जूझ रहा था. एडवांस स्टेज लीवर कैंसर से लंबी लड़ाई के बाद शुक्रवार तड़के उन्होंने अंतिम सांस ली. 21 फरवरी को भर्ती होने के बाद से हालत लगातार बिगड़ती जा रही थी.

संघर्ष की जड़ें, सपनों की उड़ान

खानचंद सिंह ने कभी सुर्खियां नहीं चाहीं. वे कैमरों से दूर, संघर्ष के साये में बेटे के सपनों को सींचते रहे. कभी गैस सिलेंडर ढोने का काम, कभी छोटी नौकरी...लेकिन बेटे के हाथ से बल्ला छूटने नहीं दिया.

जब रिंकू देर रात प्रैक्टिस से लौटते, पिता दरवाजा खोलते हुए बस मुस्कुरा देते. शायद उन्हें पहले से पता था- यह लड़का एक दिन देश के लिए खेलेगा.

टी20 वर्ल्ड कप जैसे बड़े मंच के बीच यह खबर आई. एक तरफ देश की उम्मीदें, दूसरी तरफ पिता की अंतिम लड़ाई. रिंकू मैदान पर डटे रहे- क्योंकि शायद यही उनके पिता की भी इच्छा होती.

Advertisement

पिता के निधन से रिंकू और उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. क्रिकेट जगत ने इस कठिन घड़ी में उनके प्रति संवेदना व्यक्त की है.

विराट कोहली ने रिंकू के पिता के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया है. उन्होंने लिखा, 'रिंकू के पिता के निधन की खबर से गहरा दुःख हुआ. इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं आपके और आपके परिवार के साथ हैं. ईश्वर आपको उनके शाश्वत आशीर्वाद में हमेशा शक्ति प्रदान करें. ॐ शांति. 

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने लिखा, 'क्रिकेटर रिंकू सिंह के पिता श्री खानचंद सिंह जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है. इस कठिन घड़ी में मेरी गहरी संवेदनाएं रिंकू सिंह और उनके समस्त परिवार के साथ हैं. ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिजनों को यह अपार दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें. ॐ .'

भारत के पूर्व स्पिनर हरभजन सिंह ने संवेदना व्यक्त करते हुए कहा, 'रिंकू सिंह के पिता श्री खानचंद सिंह जी के निधन का समाचार सुनकर गहरा दुख हुआ. यह समय रिंकू और उनके परिवार के लिए बेहद कठिन है, खासकर तब जब वह टी20 वर्ल्ड कप के दौरान अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं. मेरी हार्दिक संवेदनाएं और प्रार्थनाएं उनके और उनके परिजनों के साथ हैं. वाहेगुरु दिवंगत आत्मा को शाश्वत शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिवार को शक्ति व साहस दें.'

Advertisement

आईपीएल चेयरमैन अरुण धूमल ने भी रिंकू सिंह के पिता के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया. उन्होंने कहा,'रिंकू सिंह के पिता के असामयिक निधन की खबर सुनकर दुख हुआ. मेरी हार्दिक संवेदनाएं रिंकू और उनके पूरे परिवार के साथ हैं. मैं प्रार्थना करता हूं कि रिंकू अपने पिता के सभी सपनों को पूरा करें और आगे भी भारत का नाम रोशन करते रहें.'

पूर्व क्रिकेटर युवराज सिंह ने लिखा, 'रिंकू के पिता के निधन की खबर सुनकर बहुत दुख हुआ. ऐसे समय में शब्द कम पड़ते हैं. इस कठिन समय में मैं आपके और आपके परिवार के साथ खड़ा हूं. आप अपने आस-पास के प्यार में ताकत और साहस पाएं.'

रिंकू सिंह का क्रिकेट सफर संघर्षों से भरा रहा है. अलीगढ़ के साधारण परिवार से आने वाले रिंकू को इस मुकाम तक पहुंचाने में उनके पिता का अहम योगदान माना जाता है. कठिन परिस्थितियों के बावजूद परिवार ने उनके क्रिकेट करियर को पूरा समर्थन दिया.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement