scorecardresearch
 

'नहीं खिलाना है तो साफ-साफ बता दो...', वैभव सूर्यवंशी को लेकर इस क्रिकेटर की दो टूक

भारतीय टीम अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन की ओपनिंग जोड़ी पर भरोसा जता रही है. सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या वैभव सूर्यवंशी का इंतजार दूसरे टी20 के बाद भी जारी रहेगा या फिर टीम मैनेजमेंट उन्हें आखिरकार मौका देगा. भारत और इंग्लैंड के बीच दूसरा टी20I मुकाबला 4 जुलाई को मैनचेस्टर में खेला जाना है.

Advertisement
X
वैभव सूर्यवंशी का डेब्यू अब तक नहीं हो सका है. (Photo: Retuers)
वैभव सूर्यवंशी का डेब्यू अब तक नहीं हो सका है. (Photo: Retuers)

भारतीय टीम में शामिल होने के बावजूद 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को अब तक इंटरनेशनल डेब्यू करने का मौका नहीं मिला है. आयरलैंड के खिलाफ दो टी20I मैचों और इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के पहले मुकाबले में वह बेंच पर ही बैठे रहे. इसी बीच भारत के पूर्व विकेटकीपर-बल्लेबाज पार्थिव पटेल ने टीम मैनेजमेंट को अहम सलाह दी है.

पार्थिव पटेल का कहना है कि अगर फिलहाल वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग-11 में जगह नहीं मिलने वाली है, तो टीम मैनेजमेंट को यह बात उन्हें साफ-साफ बता देनी चाहिए. उनका मानना है कि 15 साल के खिलाड़ी के साथ स्पष्ट संवाद बेहद जरूरी है.

जियोस्टार पर बातचीत के दौरान पार्थिव पटेल ने कहा कि कोचिंग स्टाफ की जिम्मेदारी सिर्फ टीम चुनने तक सीमित नहीं होती, बल्कि खिलाड़ियों से सही तरीके से संवाद करना भी उतना ही जरूरी है.
यह भी पढ़ें: एबी डिविलियर्स ने वैभव को लेकर टीम इंडिया के फैसले पर जताई नाराजगी

पार्थिव पटेल ने कहा, 'अगर आप कोचिंग स्टाफ का हिस्सा हैं तो खिलाड़ियों से साफ-साफ बात करनी होगी. अगर आप उसे नहीं खिलाने वाले हैं, तो यह बात भी बता दें. वह सिर्फ 15 साल का बच्चा है, इसलिए उसके साथ बहुत सावधानी से पेश आना होगा और उसे धैर्य रखने की सलाह देनी होगी.'

Advertisement

टीम इंडिया का टॉप आर्डर पैक्ड
पार्थिव पटेल ने यह भी कहा कि मौजूदा समय में भारत के टॉप ऑर्डर में पहले से ही ऐसे बल्लेबाज मौजूद हैं, जिन्होंने बड़े मंच पर खुद को साबित किया है. उन्होंने कहा, 'संजू सैमसन टी20 वर्ल्ड कप में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट रहे हैं. ईशान किशन आईसीसी टी20 रैंकिंग में नंबर-1 बल्लेबाज हैं, जबकि अभिषेक शर्मा नंबर-2 पर हैं. ऐसे में फिलहाल वैभव के लिए प्लेइंग-11 में जगह नहीं बनती. लेकिन यह बात उसे अच्छे तरीके से समझानी होगी.'

हालांकि पार्थिव पटेल को उम्मीद है कि वैभव सूर्यवंशी को इंग्लैंड के खिलाफ मौजूदा पांच मैचों की टी20 सीरीज में डेब्यू का मौका जरूर मिलेगा. उनका मानना है कि अभी सीरीज के चार मुकाबले बाकी हैं और टीम मैनेजमेंट युवा बल्लेबाज को आजमा सकता है. वैभव को आईपीएल (इंडियन प्रीमियर लीग) 2026 में शानदार प्रदर्शन के बाद भारतीय टीम में शामिल किया गया था.

राजस्थान रॉयल्स (RR) के लिए खेलते हुए उन्होंने 16 मैचों में 776 रन बनाए और पूरे टूर्नामेंट में अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से सभी का ध्यान खींचा. इसके बावजूद टीम मैनेजमेंट ने आयरलैंड दौरे पर वैभव का डेब्यू नहीं कराया. इंग्लैंड के खिलाफ पहला टी20 भी बारिश की भेंट चढ़ गया और वैभव को एक बार फिर इंतजार करना पड़ा.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement