भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मुकाबला सिर्फ एक खेल नहीं, बल्कि करोड़ों प्रशंसकों की भावनाओं से जुड़ा एक बड़ा आयोजन माना जाता है. ऐसे में जब भी किसी खिलाड़ी की ओर से इस प्रतिद्वंद्विता को लेकर कोई विवादित बयान आता है, तो वह तुरंत सुर्खियां बन जाता है. इस बार पाकिस्तान के ऑलराउंडर खुशदिल शाह अपने एक बयान को लेकर चर्चा में हैं. खुशदिल ने दावा किया है कि भारत-पाकिस्तान मुकाबलों के दौरान कई अहम फैसले भारतीय टीम के पक्ष में जाते हैं. उन्होंने अंपायरिंग से लेकर मैचों के आयोजन तक पर सवाल उठाए और कहा कि कई बार हालात भारत के अनुकूल नजर आते हैं.
ARY पॉडकास्ट में साथी खिलाड़ी अब्बास आफरीदी के साथ बातचीत करते हुए खुशदिल शाह ने भारत-पाकिस्तान मुकाबलों के माहौल पर खुलकर बात की. उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच मैचों में दबाव और इमोशन्स अलग लेवल पर चला जाता है. खुशदिल ने कहा, 'भारत के खिलाफ मैचों में इमोशन्स काफी ज्यादा होता है. शुरुआत में दबाव महसूस होता है, लेकिन मैच आगे बढ़ने के साथ वह कम हो जाता है. हमने भी अपने समय में भारत को हराया है और अच्छे मुकाबले खेले हैं.'
बातचीत के दौरान खुशदिल शाह ने एक ऐसा दावा किया, जिसने सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी. उन्होंने कहा कि भारत के खिलाफ मैचों में कई फैसले भारतीय टीम के पक्ष में जाते हैं. खुशदिल कहते हैं, 'मैच के दौरान कई चीजें उनके पक्ष में जाती हैं. अंपायरिंग के फैसले उनके पक्ष में होते हैं. कुछ ड्रेसिंग रूम से जुड़े फैसले भी उनके पक्ष में होते हैं और कई बार मैचों का आयोजन भी उनकी इच्छा के अनुसार होता है.'
हालांकि खुशदिल शाह ने अपने आरोपों के समर्थन में कोई विशेष घटना या उदाहरण नहीं दिया, लेकिन उनका यह बयान देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. विवादित बयान के बीच खुशदिल शाह ने यह भी कहा कि जब पाकिस्तान भारत को हराने में सफल होता है तो उस जीत का महत्व और बढ़ जाता है. उन्होंने कहा, 'इन सबके बावजूद जब पाकिस्तान भारत को हराता है, तो उस जीत का मजा कुछ और ही होता है.'
भारत ने लगातार PAK को किया है पस्त
खुशदिल शाह का बयान ऐसे समय आया है जब भारत ने हाल के वर्षों में पाकिस्तान के खिलाफ शानदार रिकॉर्ड बनाया है. पाकिस्तान ने आखिरी बार भारत को सितंबर 2022 में एशिया कप के सुपर-4 मुकाबले में हराया था. इसके बाद दोनों टीमों के बीच खेले गए लगातार छह मुकाबलों में भारतीय टीम विजयी रही है. वनडे क्रिकेट में भी पाकिस्तान की भारत पर आखिरी जीत 2017 चैम्पियंस ट्रॉफी फाइनल में आई थीय उसके बाद से भारत ने हर बार पाकिस्तान को मात दी है और बड़े टूर्नामेंटों में अपना दबदबा कायम रखा है.
खुशदिल शाह के बयान के बाद सोशल मीडिया पर क्रिकेट प्रशंसकों की प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई. कुछ लोगों ने इसे निराशा से उपजा बयान बताया, जबकि कुछ पाकिस्तानी प्रशंसकों ने उनके विचारों का समर्थन किया. भारत-पाकिस्तान मुकाबले हमेशा चर्चा के केंद्र में रहते हैं, लेकिन इस तरह के बयान दोनों देशों के क्रिकेट प्रशंसकों के बीच बहस को और तेज कर देते हैं. अब देखना दिलचस्प होगा कि खुशदिल शाह के इस बयान पर भारतीय क्रिकेट जगत की ओर से कोई प्रतिक्रिया आती है या नहीं.