इंग्लैंड में वर्ल्ड कप खेल रही टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाले मुकाबले से पहले नॉटिंघम में हाल में रिलीज हुई सलमान खान की बॉलीवुड फिल्म 'भारत' देखी. टीम मेम्बर्स के फिल्म देखने के बाद एक फोटो सामने आई है, जिसे केदार जाधव ने अपने ट्विटर अकाउंट पर पोस्ट की है.
इस तस्वीर में केदार जाधव, महेंद्र सिंह धोनी, शिखर धवन, हार्दिक पंड्या और केएल राहुल दिख रहे हैं. जानकारी के मुताबिक टीम इंडिया के इन खिलाड़ियों ने टीम के कुछ सहायक स्टाफ के साथ यह फिल्म देखी.
जाधव ने तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा, 'भारत की टीम भारत मूवी के बाद.' जाधव के इस ट्वीट पर सलमान खान ने उन्हें धन्यवाद कहा और वर्ल्ड कप के लिए बधाई दी. सलमान ने लिखा, 'भारत को पसंद करने के लिए भारत टीम को धन्यवाद... शुक्रिया भाइयों इंग्लैंड में भारत देखने के लिए... आने वाले मैचों के लिए शुभकामनाएं... पूरा भारत आपके साथ है... #भारतजीतेगा.'
Thank you Bharat team for liking Bharat... shukriya bhaiyon for watching in England...best wishes for the upcoming matches... pura apke sath hai...
— Salman Khan (@BeingSalmanKhan)
आईसीसी वर्ल्ड कप-2019 में गुरुवार को भारत और न्यूजीलैंड के बीच मुकाबला होगा. दोनों टीमों ने अभी तक इस वर्ल्ड कप में जितने भी मैच खेले हैं, सभी में जीत हासिल की है. अगर, बारिश ने खलल नहीं डाला तो ट्रेंट ब्रिज मैदान पर होने वाले इस मैच में किसी एक टीम का विजयी क्रम टूटना तय है.
बारिश के कारण अभी तक इस विश्व कप में तीन मैच रद्द हो चुके हैं. न्यूजीलैंड ने तीन मैच खेले हैं और तीनों में जीत हासिल की है. भारत ने दो मैचों खेले हैं और दोनों में उसे जीत मिली है. भारत ने अपने पहले मैच में दक्षिण अफ्रीका को मात दी थी और दूसरे मैच में मौजूदा विजेता ऑस्ट्रेलिया को हराया था.
अभ्यास मैच में भारत का सामना न्यूजीलैंड से हो चुका है और वहां उसे हार मिली थी. अभ्यास मैच में कीवी टीम के सामने भारत की बल्लेबाजी ढह गई थी. इस मैच में भारतीय टीम अपनी उस हार को ध्यान में रखकर सतर्क रहते हुए उतरेगी.