आईपीएल मैच के दौरान 2 कमर की ऊंचाई से ऊपर वाली नो-बॉल के बावजूद गेंदबाज को बॉलिंग जारी रखने की अनुमति मिलना चर्चा का विषय बना. रविवार रात लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के खिलाफ मुकाबले में ऐसा देखने को मिला.
कोलकाता नाइट राइडर्स (Kolkata Knight Riders) के तेज गेंदबाज कार्तिक त्यागी ने उस मैच के आखिरी ओवर में 17 रन डिफेंड करने की जिम्मेदारी संभाली. कप्तान अजिंक्य रहाणे का यह फैसला इसलिए भी समझ में आता था क्योंकि त्यागी पहले भी डेथ ओवर में कम रन बचा चुके हैं. लेकिन इस बार मामला आसान नहीं था.
ओवर के दौरान त्यागी ने लगातार दो कमर की ऊंचाई (waist-high) से ऊपर की नो-बॉल फेंकीं. डगआउट में हलचल बढ़ गई और रिंकू सिंह तक का रिएक्शन साफ दिखा. एक पल के लिए लगा कि त्यागी को गेंदबाजी से हटा दिया जाएगा- रहाणे ने अनुकूल रॉय को तैयार भी कर लिया था.
... लेकिन तभी ऑन-फील्ड अंपायर्स ने साफ कर दिया: त्यागी अपना ओवर पूरा करेंगे.
नियम क्या कहते हैं?
आईपीएल प्लेइंग कंडीशन्स के मुताबिक -
Clause 41.7.1: कोई भी गेंद जो बिना पिच किए बल्लेबाज की कमर से ऊपर गुजरती है, उसे नो-बॉल माना जाएगा- चाहे वह खतरनाक हो या नहीं.
Clause 41.7.3:
लेकिन अगर अंपायर को लगे कि ऐसी गेंद खतरनाक (dangerous) है या लगातार ऐसी गेंदें डाली जा रही हैं- तभी गेंदबाज को चेतावनी दी जाएगी और दोबारा ऐसा होने पर उसे अटैक से हटा दिया जा सकता है.
यहीं मैच का ट्विस्ट था-
अंपायर्स ने माना कि त्यागी की दूसरी नो-बॉल बल्लेबाज हिम्मत सिंह के शरीर को निशाना बनाकर नहीं फेंकी गई थी, इसलिए उसे 'dangerous' नहीं माना गया. इसी वजह से त्यागी को गेंदबाजी जारी रखने दी गई.
आगे क्या हुआ उस ओवर में?
दूसरी फ्री-हिट पर त्यागी ने धीमी शॉर्ट गेंद डाली, जिसे हिम्मत सिंह ने भांप लिया. कोच ड्वेन ब्रावो और अभिषेक नायर का मैसेज साफ था. नतीजा: चौका.
समीकरण बन गया- 4 गेंदों में 8 रन.
फिर त्यागी ने 149 किमी/घंटा की तेज गेंद से वापसी की और हिम्मत सिंह का विकेट निकलवा दिया, कैच लिया रिंकू सिंह ने.
इसके बाद ड्रामा और बढ़ा- आखिरी गेंदों में मोहम्मद श्मी ने लंबा छक्का जड़कर मैच को सुपर ओवर में पहुंचा दिया.
आखिर में किसने पलटा मैच?
सुपर ओवर में Lucknow Super Giants ने चौंकाने वाला फैसला लेते हुए आउट-ऑफ-फॉर्म निकोलस पूरन को भेजा, जो सुनील नरेन के सामने सिर्फ 1 रन बना सके. इसके बाद केकेआर के लिए काम आसान हो गया.रिंकू सिंह ने एक ही गेंद में मैच खत्म कर दिया.