scorecardresearch
 

'गलतियों से सीखा, अब नहीं रुकूंगा...', पृथ्वी शॉ का दर्द बाहर आया, टीम इंडिया में वापसी पर फोकस

टीम इंडिया में वापसी का सपना लिए पृथ्वी शॉ ने अपने दिल की बात खुलकर रख दी है. खराब फॉर्म, चोट और अनसोल्ड रहने के दर्द से गुजरने के बाद पृथ्वी शॉ अब पूरी तरह कमबैक मोड में हैं. पृथ्वी गलतियों से सीख लेकर अब रुकने वाले नहीं हैं और टीम इंडिया में वापसी को अपना सबसे बड़ा लक्ष्य बना चुके हैं.

Advertisement
X
पृथ्वी शॉ आईपीएल का पिछला सीजन नहीं खेल पाए थे. (Photo: X/@DelhiCapitals)
पृथ्वी शॉ आईपीएल का पिछला सीजन नहीं खेल पाए थे. (Photo: X/@DelhiCapitals)

भारतीय टीम में वापसी के लिए सलामी बल्लेबाज पृथ्वी शॉ कोई कसर बाकी नहीं रखना चाहते हैं. इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 19वें सीजन की शुरुआत से पहले उन्होंने साफ कहा है कि अब वह पहले से तीन गुना ज्यादा मेहनत कर रहे हैं. पृथ्वी आईपीएल 2026 के लिए दिल्ली कैपिटल्स (DC) का पार्ट हैं और वो केएल राहुल के साथ ओपनिंग करते नजर आ सकते हैं.

पृथ्वी शॉ ने आखिरी बार जुलाई 2021 में श्रीलंका दौरे पर भारत का प्रतिनिधित्व किया था. इसके बाद उनका करियर चोट, खराब फॉर्म और कुछ ऑफ-फील्ड समस्याओं के कारण उतार-चढ़ाव भरा रहा. यहां तक कि वह आईपीएल 2025 के ऑक्शन में अनसोल्ड भी रहे, लेकिन घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन कर उन्होंने वापसी की राह बनाई.

यह भी पढ़ें: IPL 2026 से पहले मुंबई में कप्तानों का महा-जमावड़ा, 7 साल बाद देसी हाथों में 10 टीमों की कमान

मुंबई के इस बल्लेबाज ने 2018 में वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट डेब्यू पर शतक जड़कर धमाकेदार शुरुआत की थी, लेकिन बाद में उनका ग्राफ गिर गया. पृथ्वी शॉ ने समाचार एजेंसी पीटीआई से कहा, 'मुझे पता है कि मुझे भारतीय टीम में वापसी करनी है, इसलिए मैं बहुत मेहनत कर रहा हूं. पहले जितनी मेहनत करता था, अब उससे तीन गुना ज्यादा कर रहा हूं. मैं 100 प्रतिशत नहीं, बल्कि 200 प्रतिशत दे रहा हूं, चाहे मैच डे हो या प्रैक्टिस.'

Advertisement

'गलतियों से सीखना जरूरी'
पृथ्वी शॉ ने आगे कहा कि पिछले कुछ सालों में जो भी उतार-चढ़ाव आए, उन्हें मुस्कुराकर स्वीकार किया और उनसे सीखने की कोशिश की. पृथ्वी कहते हैं, 'गलतियां हुई हैं तो उनसे सीखना जरूरी है. वापसी का रास्ता सिर्फ कड़ी मेहनत है.' आईपीएल 2026 के लिए हुई मिनी नीलामी में दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें 75 लाख रुपये में खरीदा है और पृथ्वी इसे अपने करियर का नया अध्याय मान रहे हैं.

पृथ्वी शॉ ने कहा, 'यह मेरे लिए एक नई शुरुआत है. पिछली बातें इतिहास हैं, अब सिर्फ वर्तमान पर ध्यान है.' मुंबई से महाराष्ट्र टीम में शिफ्ट होने के बाद उन्होंने घरेलू सीजन 2025-26 में शानदार प्रदर्शन किया, जिसमें रणजी ट्रॉफी मैच में खेली गई 222 रनों की बड़ी इनिंग्स भी शामिल है. उनके नाम पर फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 5093 रन दर्ज हैं और औसत 46.30 है.

पृथ्वी शॉ ने हाल ही में अभिनेत्री और इंफ्लुएंसर आकृति अग्रवाल से सगाई की है. उन्होंने बताया कि इस रिश्ते ने उन्हें मुश्किल समय में स्थिरता दी. पृथ्वी कहते हैं, 'जब आपको सही पार्टनर मिलता है, तो वह आपके लिए लकी चार्म बन जाता है. हमने इस रिश्ते के लिए काफी मेहनत की है.'

पृथ्वी शॉ ने बताया, 'कौन ओपन करता है, इससे ज्यादा जरूरी है कि टीम जीते. क्रिकेट में हर स्तर पर प्रतिस्पर्धा होती है. हर किसी की उम्मीदें होती हैं, फैन्स की ही नहीं, बल्कि मेरे परिवार की भी. मैं उन्हीं पर खरा उतरना चाहता हूं.'

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement