भारत और वेस्टइंडीज के बीच बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले जाने वाले पांचवें और निर्णायक टी20 मुकाबले पर बड़ी अपडेट सामने आई है. बारिश के कारण टॉस सही समय पर नहीं हो सका था. लेकिन अब खबर आ रही है कि टॉस 9 बजे और मैच 9:15 बजे पर शुरू किया जाएगा. दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला 9-9 ओवर का खेला जाएगा.
मौसम विभाग के मुताबिक बेंगलुरु में बारिश की संभावना करीब 70 प्रतिशत है, जिसके चलते टॉस में पहले ही रुकावट आ चुकी थी. हालांकि, चिन्नास्वामी स्टेडियम की ड्रेनेज सिस्टम बहुत शानदार है, लेकिन अगर बारिश फिर होती है और मैच तय समय पर शुरू नहीं हो पाता तो क्रिकेट फैन्स के मन में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या यह मुकाबला 5-5 ओवर का होगा?
आईसीसी के नियमों के मुताबिक किसी भी टी20 मैच का नतीजा निकालने के लिए दोनों पारियों में कम से कम 5-5 ओवर का खेल होना अनिवार्य है. एक मानक टी20 मैच की कट-ऑफ टाइमिंग करीब 3 घंटे 16 मिनट की होती है. अगर शाम 7 बजे से शुरू होने वाले इस मैच में बारिश खलल डालती है और रात 10:16 बजे तक खेल शुरू नहीं हो पाता तो अंपायरों को मजबूरी में मैच रद्द करना पड़ेगा.
All to play for in the series decider 👊 📍 Bengaluru ⏰ 7:00 PM IST 💻 https://t.co/DTi7UzPc4R 📱 Official BCCI App #TeamIndia | #INDvWI | @mflone_ https://t.co/E1XERjwxoc
— BCCI (@BCCI) October 17, 2026
अगर बारिश के कारण मैच पूरी तरह रद्द हो जाता है और एक भी गेंद फेके बिना खेल खत्म करना पड़ता है तो इस 5 मैचों की सीरीज को 2-2 की बराबरी पर ही समाप्त घोषित कर दिया जाएगा. इस मैच के लिए कोई रिजर्व डे नहीं रखा गया है, इसलिए दोनों टीमों को संयुक्त रूप से विजेता मानकर ट्रॉफी शेयर करनी पड़ेगी.
बेंगलुरु की इस सपाट पिच पर मैच चाहे 20 ओवर का हो या फिर 5 ओवर का, छक्कों की बरसात होना तय है. पिछले आईपीएल सीजन के आंकड़ों पर नजर डालें तो यहां लक्ष्य का पीछा करने वाली टीमों का पलड़ा भारी रहा है और उन्होंने 10 में से 7 मैचों में जीत दर्ज की है. ऐसे में टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी चुनकर चेज करने का विकल्प चुन सकती है.