रविवार (1 नवंबर) को हैमिल्टन के सेडॉन पार्क में भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 सीरीज का पांचवां मुकाबला खेला गया. इस मुकाबले के लिए भारत की प्लेइंग-11 में भुवनेश्वर कुमार और वरुण चक्रवर्ती की वापसी हुई. लेकिन युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को एक बार फिर इंतजार करना पड़ा है. लगातार दूसरे मुकाबले में वैभव को प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिली. लगातार शानदार प्रदर्शन और अपनी प्रतिभा से चर्चा बटोरने वाले इस युवा खिलाड़ी को ज्यादा मौका ना मिलने पर सवाल उठ रहे हैं.
इस बीच भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने टीम सेलेक्शन को लेकर बड़ा बयान दिया. गंभीर ने साफ कहा है कि उनका काम हर किसी को खुश करना नहीं, बल्कि टीम के हित में सही फैसला लेना है. उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के दौर में लोकप्रिय फैसले लेना आसान होता है, लेकिन टीम मैनेजमेंट का फोकस सही फैसलों पर होना चाहिए.
खिलाड़ियों को ज्यादा मौके देना जरूरी: गंभीर
गौतम गंभीर ने इस मुकाबले की शुरुआत से पहले स्काई स्पोर्ट्स से कहा, 'मेरा काम हर किसी को खुश करना नहीं है. मेरा काम सही फैसला लेना है, लोकप्रिय फैसला लेना नहीं. भारतीय कोच ने यह भी संकेत दिया कि टीम में जगह बनाने के लिए सिर्फ प्रतिभा काफी नहीं है. जो खिलाड़ी लंबे समय से अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं, उन्हें पर्याप्त मौके और सुरक्षा मिलनी चाहिए. यही वजह है कि वैभव जैसे प्रतिभाशाली खिलाड़ी को अपनी बारी के लिए इंतजार करना पड़ सकता है.
गौतम गंभीर ने ड्रेसिंग रूम में खिलाड़ियों को भरोसा देने पर जोर देते हुए कहा कि टीम में काफी प्रतिभा है, लेकिन लगातार अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को लंबा मौका मिलना चाहिए. उनके इस बयान को मौजूदा ओपनिंग कॉम्बिनेशन के साथ भी जोड़कर देखा जा रहा है. संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा की जोड़ी पर टीम मैनेजमेंट लगातार भरोसा दिखा रही है.
पांचवें टी20 में भारत की प्लेइंग-11: संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, नमन धीर, भुवनेश्वर कुमार, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव और वरुण चक्रवर्ती.
पांचवें टी20 में न्यूजीलैंड की प्लेइंग-11: फिन एलन, टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), डेरिल मिचेल, ग्लेन फिलिप्स, बेवोन जैकब्स, माइकल ब्रेसवेल, मिचेल सेंटनर (कप्तान), नाथन स्मिथ, एडम मिल्ने, जैकब डफी और ब्लेयर टिकनर