दिल्ली प्रीमियर लीग (DPL 2026) में सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने अपना दमदार प्रदर्शन जारी रखा है. रविवार को अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए एक बेहद रोमांचक मुकाबले में सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने आउटर दिल्ली वॉरियर्स को 4 विकेट से मात दी. बारिश की वजह से यह मैच 10-10 ओवर का कर दिया गया था.
ओवर कम होने के बाद मुकाबला और भी दिलचस्प हो गया. दोनों टीमों के बीच जीत के लिए आखिरी ओवर तक लड़ाई चली. मैच के दौरान दर्शकों को चौके और छक्कों की जबरदस्त बारिश देखने को मिली.
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी आउटर दिल्ली वॉरियर्स ने छोटे फॉर्मेट का पूरा फायदा उठाया. उन्होंने 10 ओवर में 5 विकेट खोकर 130 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया. 10 ओवर में इस टारगेट को काफी अच्छा माना जा रहा था. सेंट्रल दिल्ली किंग्स को इस मुकाबले को जीतने के लिए 131 रन बनाने थे.
आउटर दिल्ली वॉरियर्स के लिए यजस शर्मा ने महज 16 गेंदों में आक्रामक 39 रन बनाए. वहीं मोहित पंवार ने 18 गेंदों में 37 रनों की शानदार पारी खेली. जबकि अक्षय सैनी ने 15 गेंदों में 31 रन जड़कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया.
यश ढुल ने टीम को दी जबरदस्त शुरुआत
10 ओवर में 131 रनों का लक्ष्य हासिल करना किसी भी टीम के लिए आसान नहीं होता. सेंट्रल दिल्ली किंग्स के कप्तान यश ढुल के इरादे साफ थे. ढुल ने आते ही आक्रामक रुख अपनाया और सिर्फ 16 गेंदों में 35 रन बना डाले, जिसमें 2 चौके और 3 गगनचुंबी छक्के शामिल थे. इसके बाद जोंटी सिद्धू ने भी 12 गेंदों में 25 रनों की उपयोगी पारी खेलकर जरूरी रन रेट को काबू में रखा.
वंश बेदी बने जीत के असली हीरो
बीच के ओवरों में सेंट्रल दिल्ली ने कुछ विकेट जल्दी गंवा दिए और मैच फंसता हुआ नजर आया. ऐसे में युवा बल्लेबाज वंश बेदी क्रीज पर डटे रहे. बेदी ने दबाव में अपना आपा नहीं खोया और सिर्फ 16 गेंदों में नाबाद 47 रन ठोक डाले. करीब 294 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने 3 चौके और 5 छक्के जड़े. उनकी इस मैच विनिंग पारी के दम पर किंग्स ने एक गेंद शेष रहते हुए 9.5 ओवर में 133/6 का स्कोर बनाकर जीत दर्ज कर ली.
वंश बेदी ने लगातार चौके-छक्कों की बारिश कर टीम को यह जीत दिलाई. 9वें ओवर में आखिरी चार गेंदों पर एक चौका और लगातार तीन छक्के जड़ दिए. इसके बाद आखिरी ओवर में लगातार दो चौके और एक छक्का जड़कर टीम को यादगार जीत दिला दी. इस जीत के बाद वंश बेदी का एक वीडियो सामने आया जिसमें वो कहते हुए नजर आए कि फ्लावर नहीं, फायर हूं मैं....फैन्स लगातार इस पर अपना रिएक्शन दे रहे हैं.