Vastu Tips: अक्सर कई घरों में अचानक सांप निकलने की घटनाएं सामने आती हैं. ग्रामीण इलाकों में ऐसी घटनाएं ज्यादा देखी जाती हैं. कुछ लोग इसे इत्तेफाक कहते हैं. लेकिन ज्योतिष शास्त्र के जानकारों का कहना है कि घर के अंदर यदि सांप दिख जाए तो यह कुछ खास बातों का संकेत हो सकता है. इसलिए इसे सिर्फ एक इत्तेफाक समझकर भूलने की गलती कभी न करें. यदि आपके घर में सांप आया है तो समझ लीजिए कुछ खास चीजें आपके घर में पहले से डेरा जमाकर बैठी हैं.
नकारात्मक ऊर्जा
वास्तु शास्त्र के जानकार कहते हैं कि सांप उन दिशाओं या जगहों की ओर ज्यादा आकर्षित होते हैं, जहां नकारात्मक ऊर्जा का वास होता है. जहां मानसिक तनाव या क्लेश की ऊर्जा भारी होती है, वहां सांप अक्सर देखे जाते हैं. इस संकेत को समझकर अपने घर की ऊर्जा और वातावरण को दुरुस्त करने का प्रयास करें.
वास्तु दोष
वास्तु शास्त्र के अनुसार, यदि घर का नैऋत्य कोण (दक्षिण-पश्चिम) दूषित हो तो यह राहु के दुष्प्रभाव को बढ़ाता है. ऐसा होने पर भी अक्सर लोगों के अपने घर या उसके आस-पास सांप दिखने लगते हैं. इस स्थिति में अपने घर का वास्तु ठीक करें. नैऋत्य कोण में पैदा हुए वास्तु दोष के कारण को खोजने का प्रयास करें.
पितृदोष
कई मान्यताओं में घर के अंदर या आस-पास सांप का दिखना आपके पूर्वजों की नाराजगी या किसी अधूरी इच्छा का प्रतीक माना जाता है. इसलिए इस संकेत को समझकर जल्द ही इसका उपाय ढूंढें, क्योंकि पितृदोष के कारण आपके जीवन में कई भयंकर समस्याओं की दस्तक हो सकती है. पितृदोष आपके जीवन, करियर, आर्थिक स्थिति और संतान पक्ष पर बुरा असर डाल सकती है.
भारी संकट की आहट
ज्योतिषविदों का कहना है कि प्रकृति आने वाले किसी भी संकट से पहले ही आपको आगाह कर देती है. घर में सांप का दिखना ऐसा ही एक संकेत हो सकता है. यह आपके जीवन में किसी बड़े बदलाव या गुप्त शत्रु के सक्रिय होने का संकेत हो सकता है. इसलिए सांप को देखकर डरने या घबराने के बजाए उसे सुरक्षित बाहर निकालने की व्यवस्था करें.
सांप दिखने के बाद करें यह उपाय
ज्योतिषविदों का कहना है कि घर में सांप दिखने के बाद गूगल लोबान का धुआं जरूर करें. इससे घर में नकारात्मक ऊर्जा का नाश होगा और सकारात्मक ऊर्जा का संचार बढ़ेगा. सुख-समृद्धि बढ़ेगी और घर में सुख-शांति का वास होगा.