भारतीय क्रिकेट टीम के हेड कोच गौतम गंभीर ने बुधवार को राजस्थान के चुरू स्थित सालासर बालाजी धाम और सीकर स्थित खाटू श्याम के दर्शन किए. गौतम गंभीर ने बाबा श्याम की वधिवत पूजा-अर्चना की और देश की खुशहाली के लिए मंगलकामना मांगी. इस दौरान श्याम दुपट्टा ओढ़ाकर व स्मृति चिह्न भेंट कर उनका अभिनंदन किया गया. गौतम गंभीर ने सालासर धाम पहुंचकर बालाजी महाराज के भी दर्शन किए.
खाटू श्याम मंदिर में दर्शन के बाद गौतम गंभीर ने कहा कि बाबा श्याम मुझे बुलाते हैं और यहां आकर सुकून मिलता है. मैं चाहता हूं कि बाबा मुझे इसी तरह बुलाते रहें. उन्होंने कहा कि यहां की व्यवस्था बहुत अच्छी है. मैं जितनी बार भी आया हूं, मैंने कमाल की व्यवस्था देखी है. बाबा श्याम हारे का सहारा हैं और यहां हारा हुआ हर शख्स आता है. मेरी तरह और भी लोग यहां बाबा का आशीर्वाद लेने आते रहें. मैं अपनी और देश की उन्नति के लिए कामना करता हूं.
इस दौरान गौतम गंभीर को देखने के लिए खाटू श्याम के पवित्र धाम पर बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी भी मौजूद रहे. मंदिर परिसर के आस-पास बड़ी संख्या में लोग गौतम गंभीर को देखने आए थे.
वहीं, गौतम गंभीर जब सालासर बालाजी महाराज के पवित्र धाम पर पहुंचे तो वहां मौजूद पुजारियों ने माला पहनाकर उनका स्वागत किया. इस मौके पर गौतम गंभीर ने कहा कि बालाजी महाराज ने मुझे बुलाया है. उन्होंने हमेशा मुझ पर आशीर्वाद बनाए रखा है. पिछली बार जब मैं यहां आया था तो उस समय बालाजी महाराज की कृपा और आशीर्वाद से हमने वर्ल्ड जीता था. आगे भी इसी तरह हम पर उनका आशीर्वाद बना रहे.
उन्होंने कहा कि भारतीय टीम अपना बेहतर प्रदर्शन कर रही है और उसके प्रदर्शन में लगातार तेजी से बदलाव देखने को मिल रहा है. आने वाले दिनों में भारतीय खिलाड़ी देश की उम्मीद पर खरा उतरेंगे. उन्होंने कहा कि खेल को खेल भावना से देखना चाहिए. हमारे देश में लोगों को खिलाड़ियों से बहुत ज्यादा उम्मीदें होती है. क्रिकेट को सबसे ज्यादा लोग पसंद करते हैं. प्रत्येक व्यक्ति में क्रिकेट के प्रति उत्साह देखने को मिलता है.