scorecardresearch
 

174 जिंदगियां बचाने वाले पायलट स्मित मछार के लिए महामृत्युंजय जाप और हवन, जल्द स्वस्थ होने की कामना

कैप्टन स्मित मछार के जल्द स्वस्थ होने की कामना के लिए महामृत्युंजय जाप, हवन और यज्ञ किया गया है. यह धार्मिक अनुष्ठान आसनसोल स्थित धेमोमेन कोलियरी के शिव मंदिर परिसर में किया गया. कैप्टन स्मित 30 सितंबर को दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट में सह-पायलट द्वारा किए गए हमले में घायल हो गए थे. इसके बावजूद उन्होंने बड़ी बहादुरी से विमान में बैठे 174 लोगों की जान बचाई थी

Advertisement
X
पायलट स्मित मछार के लिए हुए इस धार्मिक अनुष्ठान में महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. (Photo: ITG)
पायलट स्मित मछार के लिए हुए इस धार्मिक अनुष्ठान में महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. (Photo: ITG)

फ्लाईदुबई विमान घटना में घायल भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मछार के जल्द स्वस्थ होने की कामना के लिए महामृत्युंजय जाप, हवन और यज्ञ किया गया है. यह धार्मिक अनुष्ठान आसनसोल स्थित धेमोमेन कोलियरी के शिव मंदिर परिसर में किया गया. इस अनुष्ठान में बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु शामिल हुए. महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. हवन-यज्ञ के दौरान पुरोहितों ने विशेष पूजा-अर्चना की और वैदिक मंत्रों का जाप किया. इस दौरान कैप्टन स्मित मछार की तस्वीर भी पूजन स्थल पर रखी गई.

धेमोमेन कोलियरी में आयोजित इस हवन-यज्ञ के जरिए स्थानीय लोगों ने कैप्टन स्मित मछार के प्रति अपनी एकजुटता और समर्थन जाहिर किया है. श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से उनके जल्द स्वस्थ होने और सुरक्षित रूप से सामान्य जीवन में लौटने की प्रार्थना की.

इस धार्मिक अनुष्ठान में स्थानीय बीजेपी नेता बिरजू कुमार यादव भी शामिल हुए. उन्होंने कहा कि कैप्टन स्मित मछार के दीर्घायु और बेहतर स्वास्थ्य की कामना को लेकर महामृत्युंजय जाप और यज्ञ कराया गया है. उन्होंने कहा कि सभी लोग भगवान से प्रार्थना कर रहे हैं कि कैप्टन जल्द पूरी तरह स्वस्थ होकर उनके बीच लौटें. उन्होंने आगे कहा कि कुल्टी विधानसभा क्षेत्र के बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं की ओर से भी कैप्टन स्मित मछार के जल्द स्वस्थ होने की कामना की गई है.

क्या है पूरा मामला?
30 सितंबर 2026 को फ्लाईदुबई की उड़ान FZ1073 दुबई से तेल अवीव जा रही थी. विमान में 174 लोग सवार थे. उड़ान के दौरान कथित तौर पर ओमान के सह-पायलट से जुड़े एक हमले में कैप्टन स्मित मछार गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के दौरान विमान की ऊंचाई भी प्रभावित हुई. गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कैप्टन स्मित मछार ने कॉकपिट का दरवाजा खोला. इसके बाद यात्रियों और क्रू मेंबर्स ने हमलावर को काबू किया और विमान को डायवर्ट कर सऊदी अरब के तबुक में आपात लैंडिंग कराई गई.

Advertisement

कैप्टन स्मित मछार को शुरुआती इलाज तबुक के अस्पताल में दिया गया, जिसके बाद उन्हें अबू धाबी के अस्पताल में शिफ्ट किया गया. भारतीय दूतावास के अनुसार, कैप्टन स्मित की हालत में अब सुधार हो रहा है. उनकी बहादुरी की भारत समेत कई जगहों पर सराहना हुई है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी उनसे फोन पर बात कर जल्द स्वस्थ होने की कामना की थी.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement