scorecardresearch
 

उड़ते पंडाल, भागते दूल्हा-दुल्हन! सामूहिक विवाह समारोह में आया बवंडर, घायल हो गए मेहमान  

राजस्थान के टोंक जिले में सामूहिक विवाह समारोह के दौरान अचानक आए बवंडर ने खुशी के माहौल को अफरा-तफरी में बदल दिया. तेज हवाओं ने पंडाल उखाड़ दिए और सामान दूर-दूर तक बिखर गया. कई लोग घायल हुए, फिर भी मुश्किल हालात के बीच 36 जोड़ों के फेरे संपन्न कराए गए.

Advertisement
X
 सामूहिक विवाह समारोह में आया बवंडर (Photo: itg)
सामूहिक विवाह समारोह में आया बवंडर (Photo: itg)

राजस्थान में इन दिनों मौसम के तेवर लगातार चौंकाने वाले बने हुए हैं. कहीं ओलावृष्टि तो कहीं तेज आंधी-तूफान के साथ प्रकृति अलग-अलग रूप दिखा रही है. इसी कड़ी में टोंक जिले के नगरफोर्ट कस्बे के पास स्थित रतनपुरा गांव में रविवार को एक सामूहिक विवाह समारोह के दौरान अचानक आए बवंडर ने अफरा-तफरी मचा दी.

जानकारी के मुताबिक, गांव में धाकड़ समाज का सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित किया गया था, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए थे. दोपहर करीब 3:30 बजे तक सब कुछ सामान्य चल रहा था, लेकिन अचानक मौसम ने करवट ली और तेज हवाएं चलने लगीं. देखते ही देखते ये हवाएं बवंडर में बदल गईं, जिसने पूरे आयोजन स्थल को अपनी चपेट में ले लिया.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बवंडर इतना तेज था कि कुछ ही मिनटों में पंडाल उखड़ गए और वहां रखा सामान हवा में उड़कर दूर खेतों में जा गिरा. शादी में वर-वधुओं को देने के लिए लाया गया सामान भी बिखर गया. इस दौरान कई लोग खुद को बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए.

बचाव के प्रयास में टेंट के लोहे के पाइप और ढांचे गिरने से कई महिलाएं और बच्चे घायल हो गए. हालांकि, गंभीर चोट की कोई बड़ी खबर सामने नहीं आई है, लेकिन घटना ने सभी को हिलाकर रख दिया. बवंडर के बाद इलाके में तेज बारिश भी हुई, जिससे हालात और मुश्किल हो गए.

Advertisement

इन सबके बावजूद आयोजकों ने हिम्मत नहीं हारी. हालात सामान्य होने के बाद शाम को खुले में ही 36 जोड़ों के फेरे संपन्न कराए गए. हालांकि, माहौल में पहले जैसी खुशी नहीं रही, लेकिन रस्में पूरी कर ली गईं. बताया जा रहा है कि कार्यक्रम में आशीर्वाद देने के लिए पूर्व सांसद सुखबीर सिंह जौनापुरिया और सांसद हरीश चंद्र मीणा भी पहुंचे थे. बाद में ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने भी नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया. घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिन्हें देखकर बवंडर की तीव्रता का अंदाजा लगाया जा सकता है. यह घटना एक बार फिर मौसम के बदलते मिजाज और उससे होने वाले अचानक खतरों की याद दिलाती है.

 
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement