scorecardresearch
 

दो दिन तक कुएं में पड़ा रहा 10 फीट लंबा अजगर, वन विभाग ने ऐसे किया रेस्क्यू

राजस्थान के टोंक में एक अजगर गहरे कुएं में 48 घंटे तक फंसा रहा. वन विभाग की टीम ने सब्जी की खाली टोकरी और रस्सी का जुगाड़ लगाकर उसे बाहर निकाला. करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद अजगर को बीसलपुर के जंगल में छोड़ दिया गया.

Advertisement
X
राजस्थान में 10 फीट लंबे अजगर की रेस्क्यू कर बचाई जान (Photo: File)
राजस्थान में 10 फीट लंबे अजगर की रेस्क्यू कर बचाई जान (Photo: File)

राजस्थान के टोंक जिले के बंथली गांव में एक अजगर करीब 20 फीट गहरे कुएं में गिर गया. लगभग 10 फीट लंबा और 30 किलोग्राम वजनी यह अजगर करीब 48 घंटे तक कुएं के अंदर फंसा रहा.

वन विभाग की टीम ने सब्जी के खाली कैरेट, टोकरी और रस्सी की मदद से करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित बाहर निकाला. बाद में अजगर को बीसलपुर कंजर्वेशन रिजर्व के जंगल में छोड़ दिया गया.

यह घटना बंथली गांव की है, जहां खेत में बने एक कुएं में अजगर गिर गया था. कुआं करीब 20 फीट गहरा और पांच फीट चौड़ा है. इसकी मुंडेर भी ज्यादा ऊंची नहीं है.

खेत मालिक ने दी वन विभाग को सूचना

कुएं में गिरने के बाद अजगर अंदर बनी एक पट्टी पर बैठा रहा. शुरुआत में इसकी जानकारी खेत मालिक मुकेश चौधरी को नहीं थी. करीब दो दिन पहले एक व्यक्ति ने उन्हें कुएं में अजगर होने की सूचना दी. इसके बाद मुकेश चौधरी ने कुएं में जाकर देखा तो उन्हें वहां अजगर दिखाई दिया. उन्होंने तुरंत वन विभाग के देवली रेंज के रेंजर शिव प्रकाश चौधरी को इसकी जानकारी दी.

Advertisement

सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम राजमहल नाके से मौके पर पहुंची और अजगर को बाहर निकालने की कोशिश शुरू की. हालांकि, कुएं की गहराई और कम चौड़ाई के कारण टीम को काफी परेशानी हुई. पहले दिन काफी कोशिशों के बावजूद अजगर को बाहर नहीं निकाला जा सका.

राजस्थान के बंथली गांव में कुएं में गिरा अजगर​

सब्जी के कैरेट और रस्सी से किया रेस्क्यू

अजगर को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए वन विभाग की टीम ने अगले दिन दोबारा कोशिश की. कुआं संकरा और गहरा होने के कारण उसमें उतरकर रेस्क्यू करना जोखिम भरा था. ऐसे में वन विभाग के कर्मचारी राजकुमार कंजर और शंकर चौधरी ने एक अलग तरीका अपनाया.

उन्होंने सब्जी के खाली कैरेट, टोकरी और रस्सी की मदद से अजगर को बाहर निकालने की योजना बनाई. करीब तीन घंटे की कड़ी मेहनत के बाद टीम को सफलता मिली. अजगर कैरेट में बैठकर कुएं से बाहर आ गया. इस तरह बिना किसी बड़ी परेशानी के उसे सुरक्षित निकाल लिया गया.

रेस्क्यू के बाद अजगर को एक बोरे में रखा गया और बीसलपुर ले जाया गया. वहां उसे बीसलपुर कंजर्वेशन रिजर्व के जंगल में छोड़ दिया गया.

यह भी पढ़ें: प्रतापगढ़ में अजगर ने नीलगाय के बच्चे को निगला, रेस्क्यू में उगला, देखें- हैरान करने वाला वीडियो

Advertisement

रॉक पाइथन प्रजाति का था अजगर 

वन विभाग की टीम ने जिस अजगर को रेस्क्यू किया, वह रॉक पाइथन प्रजाति का था. इसकी लंबाई करीब 10 फीट और वजन लगभग 30 किलोग्राम बताया गया है. यह प्रजाति बीसलपुर कंजर्वेशन रिजर्व में काफी संख्या में पाई जाती है.

माना जा रहा है कि अजगर किसी शिकार का पीछा करते हुए कुएं में गिर गया होगा. हालांकि, इसकी पुष्टि नहीं हुई है. इस घटना में वन विभाग की टीम ने स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार संसाधनों का इस्तेमाल कर अजगर की जान बचाई और उसे उसके प्राकृतिक आवास में सुरक्षित पहुंचा दिया.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement