scorecardresearch
 

खेत जुताई के दौरान दर्दनाक हादसा! ट्रैक्टर से रोटावेटर पर गिरा लड़का, कटकर हुई मौत

राजस्थान के कोटपूतली-बहरोड़ जिले के बानसूर क्षेत्र में खेत की जुताई के दौरान दर्दनाक हादसे में 16 वर्षीय भूपेंद्र मीणा की मौत हो गई. चतरपुरा की नदी की ढाणी में ट्रैक्टर से गिरने के बाद वह रोटावेटर की चपेट में आ गया. करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने उसका शव बाहर निकाला. हादसे की खबर से परिवार में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में मातम छा गया.

Advertisement
X
हादसे से लोगों में दहशत. (Photo: Screengrabs)
हादसे से लोगों में दहशत. (Photo: Screengrabs)

राजस्थान के कोटपूतली बहरोड जिले के बानसूर क्षेत्र में खेत की जुताई के दौरान एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है. यहां ट्रैक्टर के पीछे लगे रोटावेटर की चपेट में आने से 16 वर्षीय नाबालिग की दर्दनाक मौत हो गई. मासूम बेटे की मौत की खबर सुनते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में मातम छा गया. करीब 1 घंटे की मशक्कत के बाद बालक के शव को बाहर निकाला गया.

पुलिस ने बताया की हादसा बासदयाल थाना क्षेत्र के चतरपुरा स्थित नदी की ढाणी में देर शाम हुआ. मृतक की पहचान भूपेंद्र (16) पुत्र वीरेंद्र मीणा के रूप में हुई है. भूपेंद्र के पिता ने अपने खेत की जुताई करवाने के लिए किसी अन्य व्यक्ति का ट्रैक्टर बुलवाया था. इसी दौरान भूपेंद्र ट्रैक्टर पर बैठा हुआ था. अचानक नीचे गिरने से वो ट्रैक्टर के पीछे लगे रोटावेटर की चपेट में आ गया और उसकी दर्दनाक मौत हो गई. 

हादसे से लोगों में दहशत
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. ग्रामीणों ने तुरंत बालक को बाहर निकालने का प्रयास किया. करीब एक घंटे तक कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने उसे रोटावेटर से बाहर निकाला. इसके बाद शव को नारायणपुर सीएचसी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया. 

मामले की सूचना मिलती ही बड़ी संख्या में ग्रामीण व परिजन मौके पर इकट्ठा हो गए और चीख पुकार मच गई. इस दर्दनाक हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं. जिस घर में कुछ देर पहले तक सामान्य दिनचर्या थी, वहां अब चीख-पुकार और अपनों को खोने का गम है. महज 16 वर्ष की उम्र में भूपेंद्र की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई. पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाया और उसके बाद शव परिजनों के सुपुर्द किया.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement