Rajasthan News: कोटा शहर में खुले नाले ने एक रिटायर्ड प्रिंसिपल की जान ले ली. बुधवार देर रात घर लौटते समय उनकी बाइक अनियंत्रित होकर नाले में जा गिरी. हादसे के बाद वे पूरी रात नाले में ही दबे पड़े रहे. गुरुवार सुबह करीब 10 बजे लोगों की नजर नाले में पड़ी बाइक पर गई, जिसके बाद घटना का खुलासा हुआ.
मृतक की पहचान सुभाष नगर द्वितीय निवासी रामेश्वर रावत (60) के रूप में हुई है. वे हाल ही में सरकारी स्कूल के प्रिंसिपल पद से रिटायर हुए थे. जानकारी के अनुसार, बुधवार को वे समाज की बैठक में शामिल होने के लिए घर से निकले थे. बाद में उन्होंने अपने स्टाफ और परिचितों को रिटायरमेंट की पार्टी भी दी थी.
भतीजे मनीष रावत ने बताया कि शाम के बाद से ही परिवार का उनसे संपर्क टूट गया था. रातभर उनका मोबाइल बंद आता रहा और वे घर नहीं लौटे. परिजन लगातार फोन लगाते रहे, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला.
गुरुवार सुबह गोकुल कॉलोनी स्थित खुले नाले में लोगों ने एक बाइक गिरी हुई देखी. सूचना मिलने पर बोरखेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बाइक को बाहर निकलवाया. बाइक के नीचे एक व्यक्ति दबा मिला. पुलिस उसे तत्काल एमबीएस अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. देखें VIDEO:-
बाइक नंबर के आधार पर पुलिस ने मृतक की पहचान की और परिवार को सूचना दी. परिजनों का आरोप है कि शहर में खुले नाले और बदहाल सड़कों की वजह से आए दिन हादसे हो रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग लापरवाह बने हुए हैं. उनका कहना है कि अगर नाले की सुरक्षा व्यवस्था होती तो रामेश्वर रावत की जान बच सकती थी.
बोरखेड़ा थाने के एएसआई धर्मवीर सिंह ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी. शव को पोस्टमॉर्टम के लिए एमबीएस अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है.