scorecardresearch
 

जयपुर में प्रेग्नेंट महिला से छेड़छाड़ का आरोपी गिरफ्तार, भागने की कोशिश में हाथ-पैर टूटे

जयपुर में प्रेग्नेंट महिला से छेड़छाड़ के आरोपी राहुल गुर्जर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. फरारी के दौरान उसने कई शहरों में छिपकर बचने की कोशिश की. कोर्ट से पेशी के दौरान भागने की कोशिश में उसके हाथ-पैर टूट गए. पुलिस अब उससे जुड़े अन्य मामलों की जांच कर रही है.

Advertisement
X
महिला से छेड़छाड़ करने वाला गिरफ्तार (Photo: Vishal Sharma/ITG)
महिला से छेड़छाड़ करने वाला गिरफ्तार (Photo: Vishal Sharma/ITG)

जयपुर में प्रेग्नेंट महिला से छेड़छाड़ के मामले में फरार चल रहे शातिर बदमाश को पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है. जवाहर सर्किल थाना पुलिस ने शुक्रवार शाम मुख्य आरोपी राहुल घुरैया उर्फ राज उर्फ राहुल गुर्जर को दबोच लिया. इस दौरान उसके दो सहयोगी शुभम अग्रवाल उर्फ सिद्धार्थ और बाबूलाल बराला को भी गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने फरारी में इस्तेमाल की गई कार को भी जब्त कर लिया है.

जयपुर ईस्ट डीसीपी रंजिता शर्मा के अनुसार, आरोपी राहुल गुर्जर आदतन अपराधी है. उसके खिलाफ मध्य प्रदेश में 33 और जयपुर में 5 आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं. इन मामलों में आर्म्स एक्ट, हत्या का प्रयास, मारपीट और छेड़छाड़ जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं.

पूछताछ में आरोपी ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं. उसने पिछले एक महीने में जयपुर के जवाहर सर्किल, सांगानेर, बजाज नगर और रामनगरिया इलाके में 4 युवतियों से सरेराह छेड़छाड़ करने की बात कबूल की है. इन घटनाओं को लेकर संबंधित थानों में पहले से मामले दर्ज हैं.

 चार युवतियों से छेड़छाड़ करने की बात कबूली

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि पिछले 6 महीनों से आरोपी अपने साथियों के साथ जवाहर सर्किल और सांगानेर इलाके में स्पा सेंटर चला रहा था. इन्हीं ठिकानों से वह अपनी आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देता था.

Advertisement

दरअसल, यह मामला 25 मार्च का है, जब मालवीय नगर इलाके में एक प्रेग्नेंट महिला से छेड़छाड़ की घटना सामने आई थी. इस घटना का CCTV वीडियो सामने आने के बाद 12 अप्रैल को FIR दर्ज की गई. पुलिस के सक्रिय होते ही आरोपी ने फरार होने की योजना बनाई और अपनी पहचान छिपाने के लिए दाढ़ी-मूंछ तक कटवा ली.

फरारी के दौरान आरोपी पाली, गुजरात, ग्वालियर और मुरैना जैसे कई शहरों में छिपता रहा. बाद में 15 अप्रैल को उसने मुरैना कोर्ट में 2018 के एक डकैती मामले में चुपचाप सरेंडर की अर्जी लगाई. जैसे ही जयपुर पुलिस को इसकी जानकारी मिली, उन्होंने प्रोडक्शन वारंट लेकर उसे हिरासत में ले लिया.

पुलिस को चकमा देकर भागने की फिरात में था आरोपी

कोर्ट पेशी के बाद आरोपी ने पुलिस को चकमा देकर भागने की कोशिश की, लेकिन भागते समय गिरने से उसके हाथ-पैर में फ्रैक्चर हो गया. प्राथमिक उपचार के बाद पुलिस उसे जयपुर लेकर आई और विधिवत गिरफ्तार कर लिया. फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है और उससे जुड़े अन्य मामलों की जांच जारी है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement