scorecardresearch
 

पत्नी की हत्या के बाद लाश पर सिर पटक-पटक कर रोया पति, खुद को बताया बेकसूर, फिर ऐसे खुला खौफनाक राज

जयपुर के बगरू इलाके में पत्नी की हत्या का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. पति ने पहले झगड़े के बाद पत्नी का गला घोंटकर हत्या कर दी और फिर खुद को मासूम दिखाने के लिए रोने का नाटक करता रहा. पुलिस की जांच और सख्त पूछताछ में आरोपी पति ने आखिरकार अपना जुर्म कबूल कर लिया.

Advertisement
X
पति ने की पत्नी की हत्या (Photo: Vishal Sharma/ITG)
पति ने की पत्नी की हत्या (Photo: Vishal Sharma/ITG)

राजस्थान की राजधानी जयपुर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक पति ने अपनी पत्नी की हत्या करने के बाद खुद को मासूम दिखाने के लिए रोने का नाटक किया और लोगों के सामने घटना से अनजान बनने की कोशिश करता रहा. लेकिन पुलिस की जांच और सबूतों की कड़ियां आखिरकार उसी तक जा पहुंचीं. घटना के दो दिन बाद जब पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो आरोपी पति ने पूरा सच कबूल कर लिया. इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया.

यह मामला जयपुर के बगरू रिको इलाके की कृष्णा विहार कॉलोनी का है. यहां 14 मार्च को बिहार के चंपारण की रहने वाली 26 वर्षीय सुशीला देवी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी. सुशीला अपने पति 27 वर्षीय रविन्द्र मुखिया के साथ मजदूरी का काम करती थी. दोनों की शादी करीब 10 साल पहले हुई थी और पिछले तीन महीनों से अपने दो छोटे बेटों के साथ किराए के मकान में रह रहे थे.

बगरू इलाके में सामने आया सनसनीखेज हत्या का मामला

बताया जा रहा है कि 13 मार्च की दोपहर पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था. झगड़ा इतना बढ़ गया कि रविन्द्र ने सुशीला के साथ मारपीट कर दी. नाराज होकर सुशीला अपने दोनों बेटों को लेकर पास ही रहने वाली अपनी बहन निर्मला के घर चली गई.

Advertisement

अगले दिन 14 मार्च की सुबह रविन्द्र अपनी पत्नी को मनाने के बहाने उसकी बहन के घर पहुंचा. वहां मौजूद निर्मला और उसके पति विनोद ने भी दोनों के बीच समझौता कराने की कोशिश की. उन्होंने रविन्द्र को समझाया और झगड़ा खत्म करने की सलाह दी. इसके बाद उन्होंने सुशीला को उसके पति के साथ वापस घर भेज दिया.

पति-पत्नी के झगड़े के बाद सुशीला चली गई थी बहन के घर

लेकिन घर पहुंचने के कुछ समय बाद ही दोनों के बीच फिर से कहासुनी शुरू हो गई. बताया जा रहा है कि गुस्से में आकर रविन्द्र ने पहले पत्नी के साथ मारपीट की और फिर चुन्नी से उसका गला घोंट दिया. मारपीट के दौरान सुशीला के सिर में चोट लगी और उसके हाथ की चूड़ियां भी टूट गईं.

पत्नी की हत्या करने के बाद रविन्द्र घर छोड़कर चला गया. दोपहर करीब एक बजे जब सुशीला की बहन निर्मला ने उसे फोन किया तो उसने कॉल नहीं उठाया. इससे निर्मला को शक हुआ. शाम करीब चार बजे वह सुशीला के घर पहुंची.

बहन ने घर पहुंचकर देखा खौफनाक मंजर, जमीन पर पड़ी थी लाश

कमरे के अंदर का नजारा देखकर वह सन्न रह गई. जमीन पर सुशीला की लाश पड़ी थी. उसके सिर से खून बह रहा था और गले में चुन्नी की गांठ बंधी हुई थी. यह दृश्य देखकर निर्मला जोर-जोर से चिल्लाने लगी. उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और भीड़ जमा हो गई.

Advertisement

घटना की सूचना मिलने के बाद परिवार वालों ने रविन्द्र को फोन करके बुलाया. कुछ देर बाद वह शराब के नशे में धुत होकर घर पहुंचा. जैसे ही उसने पत्नी की लाश देखी, वह अनजान बनने की एक्टिंग करते हुए सिर पटक-पटक कर जोर-जोर से रोने लगा.

शराब के नशे में पहुंचा पति, सिर पटक-पटक कर रोने लगा

इस दौरान उसका सिर पटकने से नाक से खून भी निकलने लगा. यह देखकर शुरुआत में पुलिस भी उसे पीड़ित मान बैठी और इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया. उधर बगरू थाना पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई.

घटनास्थल से मिले सबूत और आसपास की परिस्थितियां धीरे-धीरे रविन्द्र की ओर इशारा करने लगीं. पुलिस को शक हुआ कि मामला उतना सीधा नहीं है जितना दिख रहा है. अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद पुलिस ने रविन्द्र को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की. उस समय वह शराब के नशे में था. जब उसका नशा उतरा तो पुलिस ने उससे सख्ती से पूछताछ की.

पुलिस की सख्ती के आगे टूटा गया आगोपी 

पुलिस की सख्ती के सामने उसकी रोने की नौटंकी ज्यादा देर तक नहीं चल सकी. आखिरकार उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया. उसने बताया कि पत्नी को घर लाने के बाद दोनों के बीच फिर से झगड़ा हो गया था. गुस्से में आकर उसने ही चुन्नी से उसका गला घोंट दिया था. इस खुलासे के बाद पुलिस ने आरोपी पति रविन्द्र मुखिया को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस अब मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement